Fact Check : अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और पाकिस्तानी पीएम का एक AI वीडियो वायरल
विश्वास न्यूज़ ने जांच में पाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जूते चाटते हुए पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ का वीडियो AI निर्मित है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Oct 21, 2025 at 12:26 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में गाजा शांति शिखर सम्मेलन के दौरान मिस्र में मुलाकात की। इस दौरान ट्रंप ने शरीफ को मंच पर बोलने के लिए आमंत्रित किया, जहां शरीफ ने ट्रंप की प्रशंसा करते हुए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार बता डाला। इसके बाद अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें शहबाज शरीफ को डोनाल्ड ट्रंप के जूते चाटते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को असली समझकर कई यूजर इसे शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि सोशल मीडिया पर वायरल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जूते चाटते हुए पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ का वीडियो AI निर्मित है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर ‘वंदे मातरम राष्ट्र धर्म’ ने 15 अक्टूबर 2025 (Archive) को वायरल वीडियो को शेयर किया और लिखा, “#पाकिस्तान पीएम #शाहबाज शरीफ़ #ट्रंप के जूते #चाटते हुए।”

पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। सर्च करने पर हमें पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हाल में गाजा शांति शिखर सम्मेलन के दौरान मिस्र के शर्म अल-शेख में हुई मुलाकात की कई न्यूज रिपोर्ट मिलीं, जहाँ बताया गया था कि शरीफ ने ट्रंप की प्रशंसा करते हुए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार बताया। मगर कहीं भी वायरल वीडियो जैसी को कोई खबर नहीं थी।
इसके बाद हमने वायरल क्लिप की पड़ताल के लिए वीडियो को ध्यान से देखा। वीडियो में शहबाज शरीफ और डोनाल्ड ट्रंप , दोनों का मूवमेंट रोबोटिक लग रहा है। हमें शक हुआ कि यह वीडियो एआई निर्मित हो सकता है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने इस वीडियो को एआई जेनरेटेड वीडियो की जांच करने वाले टूल हाइव मॉडरेशन पर अपलोड किया। इसमें वीडियो के एआई से बने होने की संभावना 95 प्रतिशत से अधिक निकली।

एक दूसरे टूल साइट इंजन ने भी वीडियो के एआई जेनरेटेड होने की संभावना 86 प्रतिशत बताई।

हमने वीडियो को लेकर एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ संपर्क किया। उन्होंने भी वीडियो को एआई निर्मित बताया।
गाजा शांति शिखर सम्मेलन 2025
13 अक्टूबर 2025 को गाजा में दो साल से चले आ रहे इजरायल-हमास युद्ध को खत्म करने के लिए एक शांति समझौता हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता से हमास ने बंधकों को रिहा किया और इजरायल ने कैदियों को छोड़ा। इसके बाद मिस्र के शहर ‘शर्म अल -शेख’ में शिखर सम्मेलन हुआ, जहां गाजा घोषणा पर हस्ताक्षर हुए। इस दौरान ट्रंप ने शरीफ को मंच पर बोलने के लिए आमंत्रित किया, जहां शरीफ ने ट्रंप की प्रशंसा करते हुए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार बता डाला।
अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर वंदे मातरम राष्ट्र धर्म (सिफर) को फेसबुक पर लगभग 70 हजार यूजर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने जांच में पाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जूते चाटते हुए पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ का वीडियो AI निर्मित है।
- Claim Review : पाकिस्तान पीएम शाहबाज शरीफ़ ट्रंप के जूते चाटते हुए
- Claimed By : Facebook user 'Vande Mataram Rashtra Dharma'
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












