Fact Check: बेकिंग सोडा से डायबिटीज का इलाज बताते सुधीर चौधरी और सपा सांसद का यह वीडियो डिजिटली क्रिएटेड है
बेकिंग सोडा से डायबिटीज का इलाज बताते सुधीर चौधरी और सपा सांसद अवधेश प्रसाद का यह वीडियो डिजिटली क्रिएटेड है। इसमें एआई टूल का इस्तेमाल किया गया है। वहीं, डॉक्टर के अनुसार बेकिंग सोडा से डायबिटीज के इलाज के बारे में कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: May 28, 2025 at 04:13 PM
- Updated: May 28, 2025 at 04:46 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बेकिंग सोडा से डायबिटीज के उपचार के दावे से एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें जर्नलिस्ट सुधीर चौधरी, एक महिला और फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद को बेकिंग सोडा की विधि से डायबिटीज के इलाज के बारे में बताते हुए दिखाया गया है। पोस्ट के साथ में एक लिंक भी दिया गया है। वीडियो में समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद अवधेश प्रसाद को नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विधि के बारे में जानकारी लेने की सलाह देते हुए दिखया गया है।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वीडियो में एआई टूल्स की मदद से छेड़छाड़ की गई है। इसका ऑडियो एआई निर्मित है। पोस्ट के साथ में फिशिंग लिंक दिया गया है। इस पर क्लिक करने से डेटा चोरी हो सकता है। वहीं, एक्सपर्ट ने बेकिंग सोडा से डायबिटीज के इलाज को लेकर किसी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं होने की बात कही है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Llm07 ने 26 मई को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “जयपुर के 67 वर्षीय व्यक्ति ने बेकिंग सोडा से हमेशा के लिए पाया डायबिटीज से छुटकारा- डॉक्टर हैरान“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो, लिंक और बेकिंग सोडा से डायबिटीज के इलाज के बारे में अलग-अलग चेक किया।
वीडियो
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। 10 मिनट के वीडियो में तीन क्लिप्स का प्रयोग किया गया है। पहली क्लिप में सुधीर चौधरी को कथित रूप से बेकिंग सोडा विधि से डायबिटीज से ठीक होने वाले जयपुर के दंपती के बारे में बताते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद की क्लिप में एक महिला को देखा जा सकता है। इसमें पीटीआई की माइक आईडी भी दिख रही है। तीसरी वीडियो क्लिप में फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद को दिखाया गया है। इस क्लिप में न्यूज एजेंसी एएनआई की माइक आईडी दिख रही है। इसमें दंपती से बात करने में दो अलग-अलग न्यूज एजेंसी की माइक आईडी दिख रही हैं, जिससे यह वीडियो हमें संदिग्ध लगा।
वीडियो में सुधीर चौधरी जयपुर के दंपती का जिक्र करते दिख रहे हैं। इस बारे में हमने गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया लेकिन ऐसी कोई स्टोरी नहीं मिली।
महिला वाली वीडियो क्लिप से कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया, लेकिन कोई जानकारी हीं मिली।
इसके बाद हमने सपा सांसद वाली वीडियो क्लिप में से कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। 5 मई को एएनआई के एक्स हैंडल से पहलागाम हमले को लेकर अवधेश प्रसाद का वीडियो बयान पोस्ट किया गया है। इसमें वह पहलगाम हमले के बाद सरकार के साथ खड़े रहने की बात कर रहे हैं। इसमें वायरल वीडियो वाला बयान नहीं है।
वायरल वीडियो को लेकर हमने अपने सहयोगी डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से भी संपर्क किया। डीएयू (एमसीए की पहल) की एक्सपर्ट टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। हाइव एआई के ऑडियो डिटेक्टर ने संकेत दिए कि ऑडियो ट्रैक का लगभग 60 सेकंड ‘नॉट एआई’ है, जबकि बाकी हिस्से में एआई से छेड़छाड़ की संभावना जताई गई। वीडियो में टूल को सुधीर चौधरी के कुछ हिस्सों में एआई से छेड़छाड़ के संकेत मिले।

हिया ने ऑडियो ट्रैक के AI निर्मित होने या एआई टूल से छेड़छाड़ किए जाने की संभावना जताई।

इससे पता चलता है कि वीडियो में एआई टूल का इस्तेमाल किया गया है।
संदिग्ध लिंक
इसके बाद हमने साइबर सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक किया तो ब्लैंक पेज खुला। इसमें कोई वीडियो या जानकारी नहीं मिली।
इस बारे में साइबर एक्सपर्ट एवं इंडियन साइबर आर्मी के संस्थापक किसलय चौधरी का कहना है कि इस तरह के लिंक से बचना चाहिए। इससे डेटा और फाइनेंशियल दोनों तरह का नुकसान हो सकता है। इसमें हिडेन कोड भी हो सकता है, जिससे डेटा चुराया जा सकता है।
इससे पता चलता है कि पोस्ट में फिशिंग लिंक दिया गया है, जिससे यूजर का डेटा चोरी हो सकता है।
बेकिंग सोडा से इलाज का दावा
हमने दिल्ली के स्वामी दयानंद अस्पताल के सीएमओ डॉ. ग्लैडबिन त्यागी से संपर्क किया। उनका कहना है कि बेकिंग सोडा से डायबिटीज के उपचार को लेकर कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इस तरह की कोई भी स्टडी सामने नहीं आई है। डायबिटीज होने पर डॉक्टर से परामर्श लें और लाइफस्टाइल को सुधारें।
इससे पता चलता है कि इस तरह का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।
डिजिटली क्रिएटेड वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यह पेज 1 अप्रैल को बनाया गया है।
निष्कर्ष: बेकिंग सोडा से डायबिटीज का इलाज बताते सुधीर चौधरी और सपा सांसद अवधेश प्रसाद का यह वीडियो डिजिटली क्रिएटेड है। इसमें एआई टूल का इस्तेमाल किया गया है। वहीं, डॉक्टर के अनुसार बेकिंग सोडा से डायबिटीज के इलाज के बारे में कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।
- Claim Review : जयपुर के 67 वर्षीय व्यक्ति ने बेकिंग सोडा से हमेशा के लिए पाया डायबिटीज से छुटकारा
- Claimed By : FB User- Llm07
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












