X
X

Fact Check: एआई जेनरेटेड है अमित शाह के सामने झुकते ज्ञानेश कुमार का वीडियो

अमित शाह के सामने झुकते ज्ञानेश कुमार का वायरल वीडियो एआई निर्मित है। करीब दो साल पुराने वीडियो के एक हिस्से में एआई टूल से छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप को तैयार किया गया है। उस समय कुमार सहकारिता मंत्रालय में सचिव थे।

Gyanesh Kumar, Chief Election Commissioner, Amit Shah, Bihar Election 2025,

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद सोशल मीडिया पर गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का एक कथित वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें ज्ञानेश कुमार को अमित शाह के सामने झुकते हुए दिखाया गया है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि ज्ञानेश कुमार ने अमित शाह के पैर छुए।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की तो वायरल दावा झूठा निकला। सोशल मीडिया पर एआई वीडियो को शेयर कर गलत दावा किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Avinash Singh ने 17 नवंबर को वीडियो को पोस्ट (आकाईव लिंक) करते हुए लिखा, “चुनाव आयोग चरणों में!!!!! जिन्हें बिहार चुनाव में ऐसा नतीजा क्यों आया इसके बारे में जानना है तो वे इस वीडियो को देखकर सच्चाई को समझ सकते हैं। इस वीडियो में मुख्य चुनाव आयुक्त परम चाटुकार अज्ञानेश कुमार गुप्ता अपने आका तड़ीपार के कदम चूमते हुए दिखाई दे रहें हैं। इससे पहले ये साहब का पर्सनल सेक्रेटरी भी रह चुका है। भारत के संवैधानिक पद पर कार्यरत प्रजातंत्र की रक्षा करने वाले ही प्रजातंत्र निर्मम हत्या कर रहे हैं।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। यूट्यूब चैनल Krishi Jagran Business पर 9 नवंबर 2023 को इससे संबंधित वीडियो अपलोड है। इसमें 42 सेकंड के बाद ज्ञानेश कुमार अमित शाह को शॉल देते हुए दिखते हैं, जो वायरल क्लिप के शुरू में देखा जा सकता है, लेकिन इस वीडियो वह अमित शाह के सामने झुकते हुए नहीं दिखते हैं। वीडियो के साथ में टाइटल दिया गया है, Amit Shah Focuses on India’s Self-Sufficiency in Food Production & Promotion of Organic Products।
(हिंदी अनुवाद- अमित शाह ने फूड प्रोडक्शन में भारत की आत्मनिर्भरता और ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स को बढ़ावा देने पर ध्यान दिया।)

Ministry of Cooperation, Government of India के यूट्यूब चैनल पर 8 नवंबर 2023 को इस कार्यक्रम का लाइव स्ट्रीम किया गया है। इसमें 1:24 मिनट के बाद ज्ञानेश कुमार को अमित शाह को शॉल देते हुए देखा जा सकता है। कार्यक्रम में ज्ञानेश कुमार को सहकारिता मंत्रालय के सचिव के तौर पर संबोधित किया गया था। इसमें भी अमित शाह के सामने झुकते हुए नहीं दिखते हैं।

कंटेंट गार्डेन की वेबसाइट पर इस कार्यक्रम से संबंधित कुछ तस्वीरें कुछ तस्वीरें अपलोड हैं। जानकारी के अनुसार, “नई दिल्ली में नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक्स लिमिटेड द्वारा कोऑपरेटिव के ज़रिए ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स को बढ़ावा देने पर आयोजित नेशनल सिंपोजियम के दौरान सहकारिता मंत्रालय के सचिव ज्ञानेश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सम्मानित किया।” इस पर भी 8 नवंबर 2023 की तारीख दी गई है।

19 फरवरी 2025 को न्यूज ऑन एयर की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, “ज्ञानेश कुमार ने मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में आज कार्यभार संभाला। इससे पहले वह 15 मार्च 2024 से चुनाव आयुक्त के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने संसदीय कार्य मंत्रालय और सहकारिता मंत्रालय में सचिव के रूप में भी कार्य किया है।”

वीडियो में एआई से छेड़छाड़ की संभावना को देखते हुए हमने इसे एआई डिटेक्शन टूल हाइव मॉडरेशन से चेक किया। इसमें इसे 94 फीसदी एआई संभावित बताया गया।

एआई डिटेक्शन टूल Aurigin पर इस वीडियो को 50 फीसदी एआई संभावित बताया गया।

इससे साफ होता है कि वायरल क्लिप को एआई टूल की मदद से छेड़छाड़ करके बनाया गया है।

इस बारे में एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे ने कहा कि क्लिप में कुछ देर दोनों के लिए पॉज हो जाते हैं। यह वीडियो एआई निर्मित है।

फेक वीडियो को शेयर करने वाले यूजर एक राजनीतिक दल से जुड़े हुए हैं और उसके करीब 13 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: अमित शाह के सामने झुकते ज्ञानेश कुमार का वायरल वीडियो एआई निर्मित है। करीब दो साल पुराने वीडियो के एक हिस्से में एआई टूल से छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप को तैयार किया गया है। उस समय कुमार सहकारिता मंत्रालय में सचिव थे।

  • Claim Review : ज्ञानेश कुमार ने अमित शाह के पैर छुए।
  • Claimed By : FB User- Avinash Singh
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later