X
X

Fact Check: सलमान खान ने बिहार के मुख्‍यमंत्री को नहीं कहा माफी मांगने के लिए, डीपफेक वीडियो वायरल 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि हालिया हुई इस घटना पर नीतीश कुमार को लेकर सलमान खान ने कोई बयान नहीं दिया है वायरल वीडियो में सलमान खान का ऑडियो डीपफेक है। असली वीडियो महाराष्ट्र दिवस का है, जिसमें सलमान खान ने इस मौके पर शुभकामनाएं दी थीं। 

  • By: Umam Noor
  • Published: Dec 18, 2025 at 12:50 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने वहां मौजूद एक मुस्लिम महिला का हिजाब हटा दिया था। जिसके बाद सड़क से लेकर सोशल मीडिया पर यह मामला तूल पकड़ लिया। अब सलमान खान का कथित वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उन्‍हें नीतीश कुमार को माफी मांगने की सलाह देते हुए दिखाया गया है। वीडियो को सच समझकर कई यूजर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर रहे हैं । 

पड़ताल में पता चला कि पश्चिम बंगाल में ‘बाबरी मस्जिद’ को दान देने के फर्जी वादे के साथ भी सलमान खान का यही वीडियो अलग ऑडियो के साथ वायरल हुआ था। दरअसल सलमान खान ने नीतीश कुमार को लेकर कोई बयान नहीं दिया है। यह एक डीपफेक वीडियो है। 

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर ‘Duniya Ki Digital (Neha)’ ने 17 दिसंबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “जितना जल्दी हो सके, माफ़ी माँग लो नीतीश कुमार।” — Salman Khan.”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वीडियो के एक की-फ्रेम को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च करने पर हमें यह वीडियो एमएफ न्यूज नाम के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो को 2 मई 2025 को अपलोड किया गया है। और दी गई जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र दिवस पर सलमान खान ने यह वीडियो जारी किया है,जिसमें वह इस दिन की शुभकामनाएं मराठी में दे रहे हैं।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें यह वीडियो पिंक विला और ईटाइम्स के इंस्टाग्राम और फेसबुक पेज पर भी 2 मई को अपलोड किया हुआ मिला। यहां इन वीडियो में भी सलमान खान मराठी में महाराष्ट्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नजर आए ।

सलमान खान ने 2 मई को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से भी ‘हैप्पी महाराष्ट्र डे’ के कैप्शन के साथ इस वीडियो को शेयर किया है।

 यह वीडियो एक बार पहले भी अलग ऑडियो के साथ वायरल हो चुका है। उस पड़ताल को विस्‍तार से यहां पढ़ा जा सकता है।

पड़ताल के दौरान वीडियो के ऑडियो के हिस्से को अलग कर हमने उसकी जांच एआई-निर्मित ऑडियो पहचानने वाले टूल Undetectable.ai पर की। इसमें हमने वायरल वीडियो से ऑडियो फ़ाइल को सीधे टूल पर अपलोड किया। टूल ने ऑडियो के पिच पैटर्न, वॉइस मॉड्यूलेशन, नेचुरल पॉज और सिंथेटिक साउंड वेव्स का जायजा किया। जांच के नतीजों में सामने आया कि इस ऑडियो के 79 प्रतिशत तक एआई-जेनरेटेड होने की संभावना है। 

वायरल वीडियो में एआई से छेड़छाड़ की संभावनाओं को देखते हुए हमने इसे aurigin.ai से चेक किया। इसमें इसे 100 फीसदी एआई निर्मित बताया गया। 

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने भी जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो में एआई के जरिए ऑडियो को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा, सलमान खान की लिपसिंक और ऑडियो को अगर ध्यान से सुनें, तो फर्क साफ समझ में आ सकता है।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 15 दिसंबर 2025 को पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र वितरण समारोह चल रहा था। इसी दौरान मंच पर मौजूद एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा हटाने की घटना सामने आई है। यह घटना कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम जनता की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिलीं हैं। कई लोगों ने इसे महिला की निजता और धार्मिक स्वतंत्रता के प्रति असंवेदनशील बताया है। इस मामले से जुड़ी पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने यह जानने की कोशिश की कि क्या सलमान खान ने इस घटना पर किसी प्रकार की कोई प्रतिक्रिया दी है। न्यूज सर्च किए जाने पर हमें इससे जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर Duniya Ki Digital (Neha) को डेढ़ हजार लोग फॉलो करते हैं। वहीं,यूजर के बायो के अनुसार, वह दिल्ली की रहने वाली हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि हालिया हुई इस घटना पर नीतीश कुमार को लेकर सलमान खान ने कोई बयान नहीं दिया है वायरल वीडियो में सलमान खान का ऑडियो डीपफेक है। असली वीडियो महाराष्ट्र दिवस का है, जिसमें सलमान खान ने इस मौके पर शुभकामनाएं दी थीं। 

  • Claim Review : सलमान खान ने नीतीश कुमार से माफी मांगने के लिए कहा।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर 'Duniya Ki Digital (Neha)'
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later