X
X

Fact Check: टेलर स्विफ्ट ने नहीं बताया था ‘लॉस एंजेलिस आग’ को गाजा बमबारी का बदला, वायरल वीडियो निकला डीपफेक

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसका ऑडियो बदल दिया गया है। यह वीडियो डीपफेक है, जिसमें AI का इस्तेमाल करके गलत तरीके से टेलर स्विफ्ट का ऑडियो बदल दिया गया है। उन्होंने ये बयान नहीं दिए हैं।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)।  अमेरिका में लॉस एंजेलिस के जंगलों में धधकी भयानक आग से अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस आग से अब तक लगभग 13 लाख करोड़ रुपए के नुकसान की आशंका है। ऐसे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर से पॉप सिंगर टेलर स्विफ्ट को कहते सुना जा सकता है कि अमेरिका ने गाजा पर इजरायल की बमबारी का समर्थन किया और अब इसके बदले लॉस एंजेलिस  के लोग इस आग की त्रासदी का सामना कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो फर्जी है। यह वीडियो डीपफेक है, जिसमें AI का इस्तेमाल करके गलत तरीके से टेलर स्विफ्ट का ऑडियो बदल दिया गया है। उन्होंने ये बयान नहीं दिया है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक पेज ‘M S H Adnan’ ने 15 जनवरी को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “अब तो गैर मुस्लिम भी अलल ऐलान कह रही हैं के लॉस एंजेलिस और कैलिफोर्निया की आग दरअसल खुदा का अजाब और खुदा का इंतकाम है। ये अमेरिकी खातुन इस आग को गाजा पर जालिम इजरायल का नरसंहार और अमेरिकी माली इमदाद का नतीजा समझती है।”

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल दावे की जांच के लिए सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें असली वीडियो के कुछ क्लिप्स The Tonight Show Starring Jimmy Fallon के यूट्यूब चैनल पर 12 नवंबर 2021 को अपलोड मिले।

इससे  एक बात तो  साफ़ थी कि यह असली वीडियो 12 नवंबर, 2021 को जिमी फॉलन के द टुनाइट शो का है, जब उन्होंने स्विफ्ट का इंटरव्यू लिया था। उस समय न ही तो लॉस एंजेलिस  की आग लगी थी और न ही गाजा पर चल रहे हालिया हमले शुरू हुए थे।  ये हालिया हमले 7 अक्टूबर, 2023 को इजरायल पर हमास आतंकियों के हमले के बाद शुरू हुए थे।

इसके बाद हमने कीवर्ड्स की मदद से ढूंढा कि क्या स्विफ्ट ने हाल-फिलहाल में ऐसा कोई बयान दिया है? हमें कहीं भी ऐसी कोई प्रामाणिक रिपोर्ट नहीं मिली।

इसके बाद हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें लिप मूवमेंट और ऑडियो में अंतर दिख रहा है। हमें इसके एआई जेनरेटेड होने का शक हुआ।

वायरल वीडियो को लेकर हमने अपने पार्टनर डीएयू (एमसीए की पहल) से संपर्क किया। डीएयू की एक्सपर्ट टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया कि हाइव के ऑडियो डिटेक्शन टूल ने पहले 20 सेकंड के ऑडियो ट्रैक में एआई द्वारा की गई छेड़छाड़ के उच्च विश्वास स्तर के संकेत दिए। इसके अलावा, Hiya टूल ने भी इस ऑडियो ट्रैक के एआई जनित होने की 99 प्रतिशत संभावना जताई।”

हमने इस वीडियो को लेकर एआई विशेषज्ञ और शोधकर्ता अजहर माचवे से भी संपर्क किया और उन्होंने भी कन्फर्म किया कि वीडियो के ऑडियो को बदला गया है।

पड़ताल के अंत में फेसबुक यूजर ‘M S H Adnan ’ की सोशल स्कैनिंग में हमने पाया कि यूजर को 5000 से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसका ऑडियो बदल दिया गया है। यह वीडियो डीपफेक है, जिसमें AI का इस्तेमाल करके गलत तरीके से टेलर स्विफ्ट का ऑडियो बदल दिया गया है। उन्होंने ये बयान नहीं दिए हैं।

  • Claim Review : टेलर स्विफ्ट ने कहा कि अमेरिका ने गाजा बमबारी का समर्थन किया, और अब लॉस एंजिलिस में आग की त्रासदी का बदला भुगत रहे हैं।
  • Claimed By : FB User ‘M S H Adnan’
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later