Fact Check: ‘ध्यान शक्ति’ से बिना छुए 130 किलो वजन उठाने का दावा गलत, वीडियो AI निर्मित है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ‘ध्यान शक्ति’ से बिना छुए 130 किलो वजन उठाने का दावा करने वाला वीडियो पूरी तरह से फर्जी है। यह वीडियो किसी वास्तविक घटना का नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल की मदद से तैयार किया गया है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Dec 20, 2025 at 07:01 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक जिम में एक भगवा कपड़े पहने योगी को ध्यान करते हुए भारी वजन वाले रॉड को हवा में उठाते देखा जा सकता है। वीडियो को असली समझ कई यूजर शेयर कर आ रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सहायता से बना वीडियो है।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर Ohho India ने 17 दिसंबर, 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया, और साथ में लिखा “एक योगी द्वारा बिना छुए 130 किलो वजन हिलाने का वीडियो वायरल हो गया है। लोग इसे ध्यान शक्ति बता रहे हैं तो कुछ इसे ट्रिक कह रहे हैं।”

पड़ताल
इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो को ठीक से देखा। हमें इसमें कुछ कमियां नजर आयीं, जैसे रॉड के नीचे आते वक़्त योगी की दाढ़ी गायब हो जाती है। साथ ही पीछे खड़े लोगों की मूवमेंट भी रोबोटिक है। इसके अलावा ध्यान के जरिये इतना भारी वजन उठाना अपने आपमें असंभव लगता है।
इससे हमें शक हुआ कि यह वीडियो एआई निर्मित हो सकता है।
एआई डिटेक्शन टूल हाइव मॉडरेशन ने इस वीडियो के एआई से बने होने की संभावना 99 प्रतिशत से अधिक बताई।

हमने एक अन्य टूल साइट इंजन से इस वीडियो के स्क्रीनशॉट्स की जांच की। टूल ने 99 फीसदी तक इसके एआई से बने होने की संभावना जताई।
हमने इस बारे में पुष्टि के लिए एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने भी वीडियो के AI की मदद से बने होने की पुष्टि की।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Ohho India के 14 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ‘ध्यान शक्ति’ से बिना छुए 130 किलो वजन उठाने का दावा करने वाला वीडियो पूरी तरह से फर्जी है। यह वीडियो किसी वास्तविक घटना का नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल की मदद से तैयार किया गया है।
- Claim Review : एक योगी द्वारा बिना छुए 130 किलो वजन हिलाने का वीडियो
- Claimed By : FB User Ohho India
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












