Fact Check: आगरा में ट्रेन हादसे के दावे से वायरल वीडियो AI निर्मित है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि आगरा में ट्रेन विस्फोट का दावा करने वाला यह वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा तैयार किया गया है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Dec 31, 2025 at 03:27 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ब्रिज के ऊपर से गुजरती ट्रेन में धमाका होते देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह घटना आगरा में हुई है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि आगरा में हाल-फिलहाल में ऐसा कोई ट्रेन हादसा नहीं हुआ है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सहायता से बनाया गया वीडियो है।
क्या है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर om_prakash_indian_railway ने 17 दिसंबर, 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया और साथ में लिखा “आगरा में भीषण ट्रेन धमाका चलती ट्रेन में हुआ विस्फोट।”

पड़ताल
इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने कीवर्ड्स की मदद से ढूंढा कि क्या आगरा में ऐसी कोई घटना हुई है? हमें कहीं भी ऐसे किसी हालिया ट्रेन हादसे की कोई खबर नहीं मिली।
इसके बाद हमने वीडियो को ठीक से देखा। हमें इसमें कुछ कमियां नजर आयीं, जैसे ब्रिज के नीचे से गुजरता ट्रैफिक जादुई तरीके से बढ़ने लगता है और लोग मल्टीप्लाई य हो रहे हैं। साथ ही इतने बड़े धमाके के बावजूद कोई व्यक्ति ऊपर ट्रेन की तरफ देखता तक नहीं हैं। इससे हमें शक हुआ कि यह वीडियो एआई निर्मित हो सकता है।
एआई डिटेक्शन टूल हाइव मॉडरेशन ने इस वीडियो के एआई से बने होने की संभावना 99 प्रतिशत से अधिक बताई।

हमने एक अन्य टूल साइट इंजन से इस वीडियो के स्क्रीनशॉट्स की जांच की। टूल ने 83 फीसदी तक इसके एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने इस बारे में पुष्टि के लिए एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने भी वीडियो के AI की मदद से बने होने की पुष्टि की।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर om_prakash_indian_railway के 25 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि आगरा में ट्रेन विस्फोट का दावा करने वाला यह वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा तैयार किया गया है।
- Claim Review : आगरा में हुआ है ये ट्रेन हादसा
- Claimed By : Instagram User om_prakash_indian_railway
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












