X
X

Fact Check: भारत से जंग में पीछे हटने की बात करते पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का यह वीडियो AI-Generated है

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का ऑडियो असली नहीं है, बल्कि इसे AI की मदद से बनाया गया है।  

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: May 14, 2025 at 03:33 PM
  • Updated: May 14, 2025 at 03:41 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पहलगाम में 22 अप्रैल के आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च कर पाकिस्तान में नौ आतंकी शिविरों पर हमला किया। इससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया। दोनों देश के डीजीएमओ के बीच बातचीत के बाद  युद्धविराम की घोषणा की गई। हालांकि, इस घोषणा के बावजूद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अब भी बरकरार है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को कहते सुना जा सकता है कि वे भारत के खिलाफ हार स्वीकार कर रहे हैं।  

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा गलत है। यह एक डीपफेक वीडियो है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सहायता से नकली आवाज़ को जोड़ा गया है। असली वीडियो 7 मई, 2025 का है, जब शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान की राष्ट्रीय सभा को संबोधित किया था।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर Ashu Mishra ने 11 मई 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया। वीडियो में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को कहते सुना जा सकता है “मेरे अजीज़ हमवतनों, आज मैं आपसे एक निहायत संगीन और दर्दनाक हकीकत बयान करने जा रहा हूँ। भारत के साथ जारी जंग में हम पीछे हट रहे हैं, हमारी अफ़वाज बहादुरी से लड़ रही हैं लेकिन मिसाइल की कमी, सियासी तनहाई और दुश्मन की ताकत ने हमें मुश्किल में डाल दिया है। अफ़सोस के साथ कहना पड़ता है कि तुर्की के अलावा कोई भी मुल्क हमारे साथ खड़ा नहीं हुआ। ना अरब दुनिया, ना चीन , ना ही कोई और ताकतवर ममालिक। सबने हमारी को नजरअंदाज कर दिया है। मेरा दिल बहुत बोझिल है जब मैं कहता हूँ कि अगर यही हालात रहे तो जल्द पाकिस्तान दुश्मन के कब्जे में जा सकता है।”

वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने लिखा “भारत से लड़ने में सक्षम नहीं है हमारा देश – प्रधानमंत्री पाकिस्तान।”

पड़ताल

इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड्स की मदद से ढूंढा। हमें कहीं भी ऐसी कोई प्रामाणिक रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे इस बात की पुष्टि होती हो कि शहबाज शरीफ ने सार्वजनिक रूप से हार स्वीकार की है।

वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें शहबाज शरीफ का एक वीडियो सऊदी अरब के सरकारी अरबी न्यूज़ चैनल अल अरबिया के फेसबुक पेज पर 8 मई 2025 को अपलोड मिला। वीडियो में शहबाज शरीफ उन्हीं कपड़ों में हैं, जिनमें वे वायरल वीडियो में दिख रहे हैं। वीडियो के साथ कैप्शन लिखा है-  “उर्दू से हिंदी में अनुवाद “शहबाज शरीफ ने पाकिस्तानी एयरफोर्स के प्रदर्शन की सराहना की: ‘हम 10 भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराने में सक्षम थे, लेकिन संयम बरतते हुए केवल 5 ही गिराए  और अगर कोई दुश्मन विमान उड़ान भरता है, तो हम उसे समुद्र में गिरा देंगे।”

 संबंधित कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें 7 मई 2025 की कई खबरें मिलीं, जिनमें शहबाज शरीफ के इस भाषण की डिटेल्स थीं। कहीं भी वायरल वीडियो में कही बात का कोई जिक्र नहीं था।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो को गौर से देखा। ठीक से देखने पर पता चलता है कि वीडियो में शहबाज शरीफ के होंठों  का हिस्सा हल्का-सा ब्लर है। हमें शक हुआ कि यह वीडियो एडिटेड हो सकता है।

हमने वायरल क्लिप को लेकर अपने पार्टनर, डीपफेक एनालिसिस यूनिट (DAU) से संपर्क किया, जो मिसइन्फॉर्मेशन कॉम्बैट अलायंस (MCA) की एक पहल है। DAU की विशेषज्ञ टीम ने ऑडियो का विश्लेषण किया। डिटेक्शन टूल्स हिया, डीपफेक-ओ-मीटर, हाइव और इलेवनलैब्स क्लासिफायर ने ऑडियो ट्रैक AI द्वारा जनरेटेड होने की सम्भावना जताई।

इलेवनलैब्स टूल फाइंडिंग

डीपफेक-ओ-मीटर टूल फाइंडिंग
हिया टूल फाइंडिंग

हमने इस बारे में पुष्टि के लिए एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने भी ऑडियो के AI निर्मित होने की पुष्टि की।

बताते चलें कि पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकी शिविरों को निशाना बनाया। जिसके जवाब में पाकिस्तान ने भारत के कई सैन्य और असैन्य ढांचों को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि भारतीय सेना ने इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया।

पाकिस्तान की तरफ से लगातार हो रहे इन हमलों का जवाब देने के लिए भारत ने पाकिस्तान के सैन्य बुनियादी ढांचें (मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर) को निशाना बनाया, जिसमें कई एयरबेस शामिल थे। भारतीय सेना ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस जानकारी को साझा किया और बताया कि जहां पाकिस्तान के कई एयरबेस को भारी नुकसान हुआ, वहीं भारत के सभी एयर बेस पूरी तरह से सक्रिय और सुचारू रूप से काम कर रहे हैं।

https://twitter.com/PIB_India/status/1921853930251645210

न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की तरफ से सीजफायर की मांग की गई और फिर दोनों देशों के डीजीएमओ की बातचीत हुई और सीजफायर के लिए राजी हो गए।

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई 12 को राष्ट्र को संबोधित करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को आतंकवाद के खिलाफ भारत की एक बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने पाकिस्तान के आतंकवाद को बढ़ावा देने के तरीके को करारा जवाब दिया है। मोदी ने यह भी साफ किया कि अब पाकिस्तान से कोई भी बातचीत सिर्फ आतंकवाद को खत्म करने और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को वापस लेने के मुद्दे पर ही होगी। यह भारत की एक मजबूत और विजयी नीति है जो अब दुनिया देख रही है।

वायरल वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर  Ashu Mishra  के 2000 से अधिक मेंबर हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का ऑडियो असली नहीं है, बल्कि इसे AI की मदद से बनाया गया है।  

  • Claim Review : भारत से लड़ने में सक्षम नहीं है हमारा देश - प्रधानमंत्री पाकिस्तान।
  • Claimed By : Facebook user Ashu Mishra
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later