Fact Check: जापान में गाजा के समर्थन में हुए प्रदर्शन के नाम से वायरल यह वीडियो AI-Generated है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि जापान में गाजा के समर्थन में हुए प्रदर्शन के नाम से वायरल यह वीडियो असली नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के जरिये बनाया गया है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Aug 12, 2025 at 01:43 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर बड़ी भीड़ नजर आ रही है। भीड़ के बीच फिलिस्तीन के झंडे भी देखे जा सकते हैं। पोस्ट में इस वीडियो को गाजा के समर्थन में जापान में हुए प्रदर्शन का बताया गया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो असली नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई से बनी है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर Abdul H Khan ने वायरल पोस्ट को 10 अगस्त 2025 को शेयर करते हुए लिखा, ”जापान के ऐतिहासिक दृश्य: गाजा के समर्थन में और वहां के लोगों के विरुद्ध किए जा रहे नरसंहार के विरोध में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में हमें बहुत-सी कमियां नजर आयीं। वीडियो में किसी भी व्यक्ति का आकार पूरा नहीं है और भीड़ में धुंधलापन है । वीडियो में पीछे बनी बिल्डिंगों का ढांचा भी टेढ़ा-मेढ़ा है। इस वीडियो में नजर आ रही कमियों को देखने पर हमें वीडियो के एआई से बने होने का अंदेशा हुआ।
पुष्टि के लिए हमने वायरल वीडियो को एआई जेनरेटेड वीडियो की जांच करने वाले टूल हाइव मॉडरेशन पर अपलोड किया। इसमें वीडियो के एआई से बने होने की संभावना 98 प्रतिशत निकली।

एक दूसरे एआई डिटेक्शन टूल कैंटिलक्स ने भी इस क्लिप के एआई जेनरेटेड होने की संभावना 82 प्रतिशत बताई।

हमने वीडियो को लेकर एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ संपर्क किया। उन्होंने बताया, यह वीडियो एआई निर्मित है, इसमें साफ तौर पर बहुत-सी कमियां नजर आ रही है।
जापान में गाजा के समर्थन में हुए प्रदर्शन को लेकर कीवर्ड सर्च करने पर हमें बीते सालों में फाइल की गई कई खबरें मिलीं। हाल में जून और जुलाई की कुछ ख़बरों के अनुसार ओसाका और टोक्यो में “गाजा में भुखमरी” और “जर्मनी में फ़िलिस्तीनियों का समर्थन करने वाले लोगों के डिपोर्टेशन ” के खिलाफ प्रदर्शन हुए थे। मगर ये प्रदर्शन उतने बड़े नहीं थे, जितना वायरल वीडियो में दिखाया गया है।
अब बारी थी वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले पेज को स्कैन करने की। हमने पाया कि पेज Abdul H Khan को 70 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि जापान में गाजा के समर्थन में हुए प्रदर्शन के नाम से वायरल यह वीडियो असली नहीं है, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के जरिये बनाया गया है।
- Claim Review : गाजा के समर्थन में जापान में हुए प्रदर्शन का वीडियो
- Claimed By : FB user Abdul H Khan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












