Fact Check: RSS के ‘गणवेश’ में नजर आ रहे सांसद चंद्रशेखर आजाद की वायरल तस्वीर AI से बनी हुई है
आरएसएस के 'गणवेश' में नजर आ रहे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की वायरल हो रही तस्वीर वास्तविक नहीं, बल्कि एआई से बनी हुई है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Nov 18, 2026 at 12:21 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नगीना के लोकसभा सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की एक कथित तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के ‘गणवेश’ (पोशाक) में नजर आ रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि चंद्रशेखर आजाद ने अपना राजनीतिक जीवन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से शुरू किया था।
विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पता चला कि वायरल हो रही तस्वीर ‘ओपन एआई’ की मदद से बनाई गई है और यह वास्तविक नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Sandeep Gautam’ ने 16 नवंबर 2026 को एक तस्वीर पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “चंद्रशेखर आजाद रावण ने अपना राजनीतिक जीवन ABVP से शुरू किया था वो RSS के गुप्त उत्पाद है। बीएसपी के साथ साथ मुस्लिम नेता भी खत्म करने के लिए ये गठबंधन RSS के इशारे पर हुआ है।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने तस्वीर को ध्यान से देखा। इसमें दिख रहे कुछ ‘स्वयंसेवकों’ के चेहरे एक जैसे हैं। वहीं, एक युवक के दोनों हाथ पीछे की ओर हैं, जबकि आगे की तरफ लाठी पकड़े हुए उसका तीसरा हाथ देखा जा सकता है। इससे हमें तस्वीर के एआई से बने होने का संदेह हुआ।

इसके बाद हमने वायरल तस्वीर को एआई डिटेक्शन टूल्स से चेक किया। गूगल के ‘सिंथ आईडी’ पर इस तस्वीर को अपलोड करने पर हमें इसके ‘ओपन एआई’ से बने होने के संकेत मिले।

इसके बाद हमने तस्वीर को ‘साइट इंजन’ टूल से चेक किया। इसमें भी तस्वीर को अपलोड किया गया। इसने वायरल तस्वीर को 99 फीसदी एआई-निर्मित बताया।

फिर हमने एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ (अब ‘डेप्लॉय’) पर इस तस्वीर को अपलोड किया, जिसने इसके करीब 99 फीसदी एआई-निर्मित होने की संभावना जताई।

इससे पता चलता है कि वायरल तस्वीर एआई की मदद से बनी है।
इस बारे में हमने चंद्रशेखर आजाद से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह तस्वीर फेक है। उनका कभी भी ऐसे संघ या भाजपा के किसी संगठन से कोई संबंध नहीं रहा है।
क्या है संदर्भ?
सांसद चंद्रशेखर आजाद को लेकर हाल ही में टीवी चैनल के एक कार्यक्रम में पत्रकार स्वाति चतुर्वेदी ने दावा किया था कि वह राजनीति की शुरुआत में एबीवीपी से जुड़े हुए थे। ‘न्यूज 24’ के यूट्यूब चैनल पर 15 नवंबर 2026 को अपलोड वीडियो (आर्काइव लिंक) में इस दावे को सुना जा सकता है।
‘न्यूज 24’ की वेबसाइट पर 16 नवंबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, चंद्रशेखर आजाद ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि वह एबीवीपी से कभी नहीं जुड़े थे।
‘एबीवीपी’ के एक्स अकाउंट से भी 16 नवंबर 2026 को पोस्ट करते हुए लिखा गया कि चंद्रशेखर आजाद का एबीवीपी से कभी कोई संबंध नहीं रहा है।
‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 13 नवंबर 2026 को छपी रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी विधानसभा चुनाव से पहले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एसपीएम) बनाने का एलान किया। साथ ही, चंद्रशेखर आजाद को सीएम पद का चेहरा घोषित करते हुए सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की गई।
एआई से बनी तस्वीर को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। एक विशेष विचारधारा से प्रभावित यूजर यूपी के जौनपुर के रहने वाले हैं और उनके छह हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: आरएसएस के ‘गणवेश‘ में नजर आ रहे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की वायरल हो रही तस्वीर वास्तविक नहीं, बल्कि एआई से बनी हुई है।
- Claim Review : RSS के 'गणवेश' में नजर आ रहे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की तस्वीर।
- Claimed By : FB User- Sandeep Gautam
- Fact Check : झूठ
- AI Detection Tool SynthID
- AI Detection Tool Sightengine
- AI Detection Tool Hive
- Video Posted by YT@News 24, Dated 15 Nov 2026
- News Report by News 24, Dated 16 Nov 2026
- Video Posted by X@ABVP, Dated 16 Nov 2026
- News Report by Dainik Jagran, Dated 16 Nov 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












