Fact Check: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बसपा प्रमुख मायावती के नाम पर वायरल किए जा रहे हैं ‘दैनिक जागरण’ के FAKE फ्रंट पेज
जांच में अमित शाह और मायावती के नाम पर वायरल हो रहे फ्रंट पेज फेक साबित हुए। एआई की मदद से ये फ्रंट पेज बनाकर दैनिक जागरण के नाम पर वायरल किए गए हैं।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Nov 17, 2026 at 03:22 PM
- Updated: Nov 17, 2026 at 04:34 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती के नाम पर ‘दैनिक जागरण’ के दो अलग-अलग कथित फ्रंट पेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें से एक फ्रंट पेज पर अमित शाह की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए दावा किया गया कि उन्होंने कहा है कि यूजीसी कानून पूरे भारत में हर हाल में लागू होगा। इसी तरह दूसरे फ्रंट पेज में दावा किया गया है कि मायावती 2027 में बीजेपी को समर्थन देंगी। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इन्हें दैनिक जागरण के फ्रंट पेज मानकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से दोनों पोस्ट की जांच की। हमारी जांच में पता चला कि दैनिक जागरण के नाम पर वायरल फ्रंट पेज फेक हैं। इन्हें झूठ फैलाने के मकसद से एआई की मदद से तैयार किया गया है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘अनूप सिंह राजपूत’ ने 16 नवंबर 2026 को दैनिक जागरण का एक फेक फ्रंट पेज शेयर करते हुए लिखा, “अमित शाह जी, अगर आपका कहना है कि UGC कानून पूरे भारत में हर हाल में लागू होगा, तो सवर्ण समाज की आवाज भी सुन लीजिए। हम भी अब चुप बैठने वाले नहीं हैं! जिस सरकार से हमें न्याय और अपने बच्चों के भविष्य की उम्मीद थी, अगर वही हमारी चिंताओं को अनसुना करेगी, तो लोकतांत्रिक तरीके से हम अपना विरोध दर्ज कराएंगे। गृह मंत्री जी, याद रखिए सत्ता जनता के विश्वास से मिलती है और जनता ही लोकतंत्र में अपना फैसला सुनाती है। सवर्ण समाज की ओर से हमारा स्पष्ट संदेश है—न्याय चाहिए, भेदभाव नहीं; शिक्षा चाहिए, भय नहीं! अगर हमारी आवाज नहीं सुनी गई, तो आने वाले चुनाव में जनता अपना जवाब देगी। अन्याय के खिलाफ आवाज उठेगी, बच्चों के भविष्य के लिए लड़ाई जारी रहेगी! — , सवर्ण समाज की आवाज़।”

इसी तरह फेसबुक यूजर ‘RK Raja Bind’ ने भी 16 नवंबर 2026 को दैनिक जागरण का एक फ्रंट पेज शेयर करते हुए दावा किया, “मायावती 2027 में बीजेपी को पूरा समर्थन।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट यहां ज्यों के त्यों लिखे गए हैं। इन्हें सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। दोनों पोस्ट के आर्काइव वर्जन यहां और यहां देखा जा सकता हैं।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने दोनों वायरल फ्रंट पेज की अलग-अलग जांच की। सबसे पहले अमित शाह से जुड़े फ्रंट पेज की जांच की गई। इसकी सच्चाई जानने के लिए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया गया। संबंधित कीवर्ड बनाकर सर्च करने पर हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे को सच साबित करती हो।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद ली क्योंकि आजकल एआई तकनीक का इस्तेमाल करके फेक कंटेंट वायरल किए जा रहे हैं। दैनिक जागरण के इस वायरल फ्रंट पेज को हमने एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक करना शुरू किया। सबसे पहले हमने इसे गूगल के ‘सिंथ आईडी’ से चेक किया। इसके एनालिसिस के अनुसार, इस फ्रंट पेज के ‘ओपन एआई’ की मदद से बने होने या इस टूल से इसमें छेड़छाड़ के संकेत मिले।

इसके बाद हमने वायरल पोस्ट में इस्तेमाल किए गए फ्रंट पेज को डीपफेक डिटेक्शन टूल ‘Pangram’ की मदद से भी चेक किया। इसके एनालिसिस में वायरल फ्रंट पेज के एआई-निर्मित होने की संभावना की पुष्टि हुई।

अब बारी थी मायावती वाले दैनिक जागरण के फ्रंट पेज की जांच करने की। इसे भी अलग-अलग एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक किया गया। ‘सिंथ आईडी’ से चेक करने पर इसके ‘ओपन एआई’ की मदद से तैयार करने के संकेत मिले।

इसी तरह मायावती वाले फ्रंट पेज को ‘AiOrNot’ टूल की मदद से भी चेक किया गया। इसके एनालिसिस में वायरल तस्वीर के एआई-निर्मित होने के 100% संकेत मिले।

इस फ्रंट पेज का सच जानने के लिए ‘साइट इंजन’ टूल का भी इस्तेमाल किया गया। इस टूल ने वायरल फ्रंट पेज के लिए 99 फीसदी संभावना इस बात की जताई कि इसे एआई से बनाया गया है।

जांच के अगले चरण में गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया गया। कीवर्ड की मदद से सर्च करने पर हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जिसमें इस बात की पुष्टि हो सके कि मायावती ने भाजपा को लेकर वायरल फ्रंट पेज के दावे जैसा कोई संकेत दिया हो।
जांच के अंत में दोनों फ्रंट पेज की तारीख के आधार पर दैनिक जागरण के संस्करण स्कैन किए गए। अमित शाह वाले फ्रंट पेज पर 4 नवंबर 2026 की तारीख दी गई है और इसे नई दिल्ली का संस्करण बताया गया है। इसी तरह मायावती वाले फ्रंट पेज पर 11 नवंबर 2026 की तारीख है और इसे भी नई दिल्ली का संस्करण बताया गया है। इस आधार पर हमने दोनों तारीखों पर छपे नई दिल्ली के संस्करण चेक किए। हमें दोनों वायरल फ्रंट पेज जैसी कोई खबर इन संस्करणों में नहीं मिली।

दैनिक जागरण डिजिटल के मैनेजिंग एडिटर अनिल पांडेय ने वायरल हो रहे दोनों फ्रंट पेज को फेक बताते हुए कहा, “इनमें इस्तेमाल किए गए फॉन्ट दैनिक जागरण के नहीं हैं। कई असामाजिक तत्व जागरण की छवि धूमिल करने की मंशा के साथ ऐसे पोस्ट शेयर करते हैं।” उन्होंने पाठकों से आग्रह किया है कि वे दैनिक जागरण के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर ही पोस्ट चेक करें।
क्या है संदर्भ?
दैनिक जागरण के नाम पर अक्सर फेक फ्रंट पेज वायरल होते रहते हैं। विश्वास न्यूज समय-समय पर इनकी पड़ताल करके पाठकों के सामने सच्चाई लाता रहता है। इन फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को नीचे पढ़ा जा सकता है।
Fact Check: राहुल गांधी के खिलाफ फेक पोस्ट वायरल, दैनिक जागरण का नहीं है फ्रंट पेज
Fact Check: कर्मचारियों को जल्द सैलरी देने के नाम पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का फेक पोस्ट वायरल
Fact Check: पंचायत चुनाव को लेकर राजस्थान हाई कोर्ट के नाम पर FAKE पोस्ट वायरल
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में अमित शाह और मायावती के नाम पर वायरल हो रहे फ्रंट पेज फेक साबित हुए। एआई की मदद से ये फ्रंट पेज बनाकर दैनिक जागरण के नाम पर वायरल किए गए हैं। दैनिक जागरण ने ऐसी खबरें प्रकाशित नहीं की हैं।
- Claim Review : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बसपा प्रमुख मायावती के नाम पर ‘दैनिक जागरण’ का फ्रंट पेज
- Claimed By : FB User Anup singh rajput
- Fact Check : झूठ
- AI Detection Tool SynthId
- AI Detection Tool SightEngine
- AI Detection Tool AIORNOT
- AI Detection Tool Pangram
- EPaper of Dainik Jagran, Dated 4 Nov and 10 Nov 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












