X
X

Fact Check: बीजेपी प्रवक्ता और संजय निरुपम के बीच बहस का वीडियो पुराना, MLC चुनाव 2026 के नतीजों से संबंधित नहीं

बीजेपी प्रवक्ता और शिवसेना नेता संजय निरुपम के बीच हुई बहस के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो MLC चुनाव 2026 के नतीजों के बाद का नहीं, बल्कि तीन साल पुराना है। संजय निरुपम साल 2023 में शिवसेना शिंदे गुट का नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी का हिस्सा थे।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक न्यूज चैनल की डिबेट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय निरुपम को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल से बहस करते और आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) चुनाव 2026 में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को मिली हार के बाद का है, जब दोनों नेता एक टीवी डिबेट के दौरान आपस में लड़ने लगे।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो साल 2023 का है। उस दौरान संजय निरुपम शिवसेना शिंदे गुट में नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी में थे। एक पुराने और असंबंधित वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल? 

इंस्टाग्राम यूजर ‘ratan tiwari’ ने 14 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “शिवसेना शिंदे गुट नेता और भाजपा नेता आपस में ही भीड़ गए।” 

वीडियो पर लिखा है, “भाजपा और शिवसेना शिंदे गुट में सब गड़बड़ झाला शुरू है…शिवसेना शिंदे गुट नेता संजय निरुपम और भाजपा नेता प्रेम शुक्ला एक दूसरे की पोल खोलते हुए आपस में ही लड़ गए चैनल पर।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च किया। हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन ‘न्यूज18’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 15 अगस्त 2023 को अपलोड किया गया था। वायरल वीडियो वाले हिस्से को 6:48 सेकंड से देखा जा सकता है। वीडियो में संजय निरुपम को कांग्रेस के प्रवक्ता के तौर पर बहस करते हुए दिखाया गया है।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर भी मिली। इस रिपोर्ट को 3 मई 2024 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “कांग्रेस के पूर्व नेता संजय निरुपम ने 20 साल के अंतराल के बाद शिवसेना में वापसी की थी। महाराष्ट्र स्थापना दिवस के मौके पर संजय निरुपम ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की थी। इसके बाद उनके शिवसेना में लौटने की संभावना बढ़ गई थी। दो मई को संजय निरुपम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिवसेना में शामिल होने का ऐलान कर दिया था।” 

अधिक जानकारी के लिए हमने शिवसेना शिंदे गुट की प्रवक्ता मनीषा कायंदे से संपर्क किया। उन्होंने वायरल हो रहे इस वीडियो को पुराना बताया है। 

क्या है संदर्भ?

‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 29 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र में 5 एमएलसी सीटों पर चुनाव हुए थे। MLC चुनाव के नतीजों में विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) ने 5 में से 3 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सत्तारूढ़ महायुति को 2 सीटें मिली थीं। इस पूरी रिपोर्ट को नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को करीब 600 लोग फॉलो करते हैं। इंस्टाग्राम पर यूजर सितंबर 2017 से सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी प्रवक्ता और शिवसेना नेता संजय निरुपम के बीच हुई बहस के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो MLC चुनाव 2026 के नतीजों के बाद का नहीं, बल्कि तीन साल पुराना है। संजय निरुपम साल 2023 में शिवसेना शिंदे गुट का नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी का हिस्सा थे।

  • Claim Review : MLC चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी प्रवक्ता और शिवसेना के संजय निरुपम के बीच हुई बहस।
  • Claimed By : FB User ratan tiwari
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later