Fact Check: AI -निर्मित है फुटपाथ पर रद्दी की तरह रखी सोनिया गांधी की किताबों का वायरल वीडियो
मुंबई में फुटपाथ पर सोनिया गांधी की किताबों के रद्दी की तरह रखे होने के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि एआई-निर्मित है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Nov 18, 2026 at 05:00 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस संसदीय दल की नेता और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कथित तौर पर सोनिया गांधी की किताबों को फुटपाथ पर रद्दी की तरह रखा हुआ देखा जा सकता है। इसे शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि मुंबई में एक शख्स इन किताबों को रद्दी के भाव बेचकर चला गया।
विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पता चला कि वायरल हो रहा वीडियो वास्तविक नहीं है। इसे एआई टूल्स की मदद से बनाया गया है।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘जनार्दन मिश्रा’ ने 15 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “काँग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनको बांटने के लिये दी गयी सोनिया गांधी की नयी किताब मुंबई के फोर्ट इलाके के फुटपाथ पर पुराने पुस्तक बाजार में बेच दी और रद्धि विक्रेता का कहना है कि इसको अव खरीद भी कोई नहीं रहा अब यह दिन आ गए हैं इनके।”
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें शुरुआत में कुछ किताबें हवा में टंगी हुई दिखती हैं, जबकि बाद में कुछ अपने आप खिसकती हुई दिखाई देती हैं। इसके अलावा वीडियो के अंत में किताब के कवर पेज पर लिखा ‘A Journey Of Love’ का टेक्स्ट टेढ़ा-मेढ़ा हो जाता है। इससे हमें वीडियो के एआई से बने होने की आशंका हुई।

इस वीडियो के ऊपर ‘अजित नीती’ लिखा है। इस आधार पर हमने गूगल पर ‘अजित नीती’ के बारे में सर्च किया, तो इस नाम से बने फेसबुक अकाउंट पर हमें वायरल वीडियो मिला। इसे 12 नवंबर 2026 को अपलोड किया गया था। इस पोस्ट पर ‘AI Content’ का लेबल लगा हुआ है।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो क्लिप को एआई डिटेक्शन टूल्स से चेक किया। सबसे पहले वीडियो को ‘हाइव’ (Deploy) से चेक किया गया। हमने वीडियो को इस टूल पर अपलोड किया। इसने वीडियो के 66.8 परसेंट और इसके ऑडियो के 91.8 परसेंट एआई-निर्मित होने के संकेत दिए।

हमने वायरल वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल ‘Nvidia’ पर भी अपलोड किया। इसमें वीडियो के 82.4 फीसदी तक सिंथेटिक होने की संभावना जताई गई। एनालिसिस के अनुसार, वीडियो का सिंथेटिक स्कोर थ्रेशहोल्ड (30%) अधिक है। इसका मतलब है कि यह सिंथेटिक या Al-जेनरेटेड है। अधिक स्कोर का मतलब है कि इस टूल को वीडियो में सिंथेटिक कंटेंट के ज्यादा मजबूत सबूत मिले।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू की एनालिसिस के अनुसार, वायरल वीडियो के ऑडियो को जब ‘हिया’ से चेक किया गया, तो यह करीब 58 फीसदी एआई संभावित निकला।

इससे यह साफ हो गया कि वायरल वीडियो एआई-निर्मित है।
क्या है संदर्भ?
सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ का विमोचन 16 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के आईटीसी मौर्य होटल में हुआ था। ‘नवभारत टाइम्स’ की 16 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, इस किताब के विमोचन में विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता, कांग्रेस के वर्तमान व पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। यह किताब 10 नवंबर को पाठकों के लिए उपलब्ध हो गई थी।
एआई से बने वीडियो को शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक खास विचारधारा से प्रभावित इस यूजर का अकाउंट जुलाई 2019 से सक्रिय है। यूजर के दो लाख तीन हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: मुंबई में फुटपाथ पर सोनिया गांधी की किताबों के रद्दी की तरह रखे होने के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि एआई-निर्मित है।
- Claim Review : मुंबई में फुटपाथ पर रद्दी की तरह रखी सोनिया गांधी की किताबें।
- Claimed By : X User- janardanmis
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












