Fact Check: नरेंद्र मोदी के PM बनने के बाद देश से इनकम टैक्स को खत्म किए जाने का दावा FAKE
भारतीय जनता पार्टी के केंद्र में सरकार बनाने के बाद देश से इनकम टैक्स को खत्म किए जाने का दावा फेक है। बीजेपी की तरफ से औपचारिक या अनौपचारिक तौर पर कभी भी न तो ऐसी कोई घोषणा की गई और न ही ऐसा वादा किया गया। सोशल मीडिया पर यह दावा 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद से वायरल है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Dec 28, 2024 at 03:22 PM
- Updated: Dec 28, 2024 at 04:00 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर अखबार में छपी एक पुरानी खबर के हवाले से दावा किया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने यह वादा किया था कि अगर 2014 में उनकी पार्टी की केंद्र में सरकार बनती है, तो देश से इनकम टैक्स की व्ययवस्था को खत्म कर दिया जाएगा और किसी को आयकर का भुगतान नहीं करना होगा। एक अखबार में छपी कथित खबर के स्क्रीनशॉट के आधार पर नितिन गडकरी के हवाले से ऐसा दावा किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। बीजेपी की तरफ से ऐसा कोई वादा नहीं किया गया था। 2014 लोकसभा चुनाव के लिए जारी बीजेपी के घोषणापत्र में भी ऐसा कोई वादा नहीं किया गया था। नितिन गडकरी ने भी एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान इस बारे में पूछे गए दावे का खंडन करते हुए इसे पूरी तरफ से फेक बताया था।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Mohd Rashid’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “काश मोदी जी को भारत की जनता pm बना दे कम से कम टैक्स तो नहीं देना पड़ेगा।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इसे समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।
जांच
वायरल स्क्रीनशॉट में देश से इनकम टैक्स को खत्म करने का दावा नितिन गडकरी के हवाले से किया गया है। वायरल पोस्ट में किए गए दावे के आधार पर एडवांस्ड सर्च में हमें हमें एबीपी न्यूज के आधिकारिक यू-ट्यूब हैंडल पर छह साल पहले अपलोड किया हुआ, जिसमें गडकरी एक देश एक चुनाव समेत अन्य मुद्दों पर बात करते नजर आ रहे हैं।
इसी कार्यक्रम के दौरान जब एंकर चित्रा त्रिपाठी उन्हें समान वायरल खबर का स्क्रीनशॉट दिखाते हुए देश से इनकम टैक्स को खत्म किए जाने के बारे में पूछती हैं, तो गडकरी कहते हैं, “पहली बात कि ये 100 परसेंट झूठ है। ना हमने कभी ऐसा बात कही है और ना हमने कभी ऐसा आश्वासन दिया है। ना पब्लिकली मैंने कहा है और ना ही पार्टी ने।”
इसके बाद वह कहते हैं, “….हां एक बात जरूर है…जब मैं पार्टी अध्यक्ष था, तब पुणे की एक टीम थी। उसमें हमारा एक ब़ड़ा ग्रुप था। मनोहर पर्रिकर थे….काफी लोग थे। उसमें कभी रामदेव बाबा को भी प्रेजेंटेशन दिया था…वो ब्लैक इकोनॉमी को लेकर…इनकम टैक्स को लेकर अलग-अलग सुझाव दिए थे। चर्चा होती रहती थी। वो चर्चा अलग-अलग फ्रंट पर होती थी। उस समय हमारी सरकार नहीं थी। उन लोगों ने मोदी जी को भी एक प्रेजेंटेशन दिया था। उस वक्त हमारी सरकार भी नहीं थी।”
इसके बाद वह फिर से इस दावे का खंडन करते हुए कहते हैं कि हमने ऐसा कोई आश्वासन नहीं दिया था।
2014 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन की वापसी हुई थी और नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने थे। इसलिए हमने 2014 लोकसभा चुनाव को लेकर जारी बीजेपी के घोषणापत्र को चेक किया और उसमें भी हमें ऐसी कोई घोषणा नहीं मिली, जिसमें देश से इनकम टैक्स की व्यवस्था को खत्म किए जाने का जिक्र हो।
हालांकि, यह दावा कई न्यूज रिपोर्ट्स में मिला, जिसमें सूत्रों के हवाले से ऐसा कहा गया है।
2014 के घोषणापत्र में टैक्सेशन वाले चैप्टर में पार्टी ने टैक्स व्यवस्था को आसान और तार्किक बनाए जाने का आश्वासन दिया था, ताकि ईमानदार करदाताओं को मुश्किलों को सामना न करना पड़े। इसके साथ ही ब्लैक मनी पर लगाम कसने का वादा किया गया था।

घोषणापत्र में कहीं भी इनकम टैक्स खत्म करने का वादा नहीं किया गया है। वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. बिजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्होंने इसे फेक बताते हुए कहा, “दुनिया के किसी भी देश में लोकतांत्रिक संस्थाएं लोककल्याणकारी कार्यों को टैक्स से होने वाली आमदनी से पूरा करते हैं। ऐसे में यह कैसे संभव है कि कोई देश टैक्स की व्यवस्था को खत्म कर दें?”
वायरल पोस्ट को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर पांच हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। बिजनेस और इकॉनमी से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के बिजनेस सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: भारतीय जनता पार्टी के केंद्र में सरकार बनाने के बाद देश से इनकम टैक्स को खत्म किए जाने का दावा फेक है। बीजेपी की तरफ से औपचारिक या अनौपचारिक तौर पर कभी भी न तो ऐसी कोई घोषणा की गई और न ही ऐसा वादा किया गया। सोशल मीडिया पर यह दावा 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद से वायरल है।
- Claim Review : नरेंद्र मोदी के सरकार बनने के बाद नहीं देना होगा इनकम टैक्स।
- Claimed By : FB User- Profile image of producer Mohd Rashid
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












