Fact Check: सैफ अली खान पर हमले के बाद निधन की फर्जी पोस्ट वायरल
सैफ अली खान के निधन को लेकर एक पोस्ट शेयर की जा रही है। विश्वास न्यूज़ ने वायरल पोस्ट की जांच की और पाया कि सैफ अली खान की मृत्यु का दावा महज अफवाह है। सैफ खतरे से बाहर हैं। सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट शेयर की जा रही है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Jan 16, 2025 at 07:06 PM
- Updated: Jan 17, 2025 at 11:27 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। 15 जनवरी को देर रात एक अज्ञात व्यक्ति ने अभिनेता सैफ अली खान के घर में घुसकर उनपर हमला हमला कर दिया। हमले के बाद सैफ को इलाज के लिए मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि सैफ अली खान का निधन हो गया है। वहीं, एक अन्य यूजर ने सैफ के चेहरे पर चोट के निशान की फोटो शेयर करते हुए उसे हमले की फोटो बताया।
विश्वास न्यूज़ ने वायरल पोस्ट की जांच की और पाया कि यह पोस्ट फर्जी है। सैफ अली खान के निधन का दावा महज अफवाह है। लीलावती अस्पताल के डॉक्टर्स के अनुसार, सैफ अली खान की सर्जरी हो गई है और वो खतरे से बाहर हैं। वहीं, दूसरी तस्वीर उनकी फिल्म ‘लाल कप्तान’ की शूटिंग के समय की है। जिसे अब उनपर हुए हमले का बताते हुए शेयर किया जा रहा है
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर Carry Minati (आर्काइव लिंक) ने 16 जनवरी 2025 को जी न्यूज की एक खबर का स्क्रीनशॉट शेयर किया है और लिखा है,”भगवान मृतक की आत्मा को शांति प्रदान करें…विनम्र श्रद्धांजलि “

ऐसे ही एक अन्य यूजर हरीश रामकली टीम ने वायरल पोस्ट को शेयर किया है। 16 जनवरी 2025 को शेयर की गई फोटो के साथ लिखा है,”सैफ अली खान पर हुए हमले का फोटो वायरल हो रहा है।”
पड़ताल
सबसे पहले हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें वायरल दावे से जुड़ी कोई खबर नहीं मिली। सोशल मीडिया यूजर “Itz Chandramukhi II” ने सुबह 9:00 पर वायरल पोस्ट को शेयर किया है। लेकिन हमें एएनआई की वेबसाइट पर 1:56 पर प्रकाशित रिपोर्ट मिली। 16 जनवरी 2025 को प्रकशित खबर में सैफ अली खान की टीम का बयान मौजूद है। इसमें बताया गया,”सैफ अली खान सर्जरी से बाहर आ गए हैं और खतरे से बाहर हैं। वह फिलहाल ठीक हो रहे हैं और डॉक्टर उनकी प्रगति पर नज़र रख रहे हैं। परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और पुलिस घटना की जांच कर रही है। हम डॉ. नीरज उत्तमानी, डॉ. नितिन डांगे, डॉ. लीना जैन और लीलावती अस्पताल की टीम को धन्यवाद देना चाहते हैं। इस मुश्किल घड़ी में उनके सभी प्रशंसकों और शुभचिंतकों की प्रार्थनाओं और विचारों के लिए उनका धन्यवाद।”
इसी खबर में हमें लीलावती अस्पताल के डॉक्टर नितिन डांगे का बयान मिला। इसके अनुसार, सैफ अली खान के बाएं हाथ और गर्दन पर गहरे घाव हैं। अब वह पूरी तरह से स्थिर हैं। वह ठीक हो रहे हैं और अब खतरे से बाहर हैं।

इंडियन एक्सप्रेस डॉट कॉम की वेबसाइट पर 16 जनवरी 2025 को प्रकशित खबर में लीलावती अस्पताल के मुख्य परिचालक अधिकारी (सीओओ) डॉ. नीरज उत्तमानी का बयान मिला। बताया गया है, “सैफ आईसीयू में हैं, लेकिन उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। हम उन्हें एक या दो दिन में सामान्य वार्ड में शिफ्ट करने की उम्मीद कर रहे हैं।”
सैफ के खतरे से बाहर होने को लेकर अन्य न्यूज रिपोर्ट्स यहां पढ़ी जा सकती है।
दूसरी पोस्ट
वायरल फोटो की पड़ताल के लिए हमने गूगल लेंस का इस्तेमाल किया। हमें अमर उजाला की वेबसाइट पर वायरल तस्वीर मिली। 8 अक्टूबर 2019 को प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया, सैफ के चोट वाली यह तस्वीर असली नहीं है, बल्कि उनकी फिल्म ‘लाल कप्तान’ का लुक है। तस्वीर शूटिंग सेट से लीक हुई है।”
हमें लाइव हिंदुस्तान की वेबसाइट पर भी तस्वीर से जुड़ी खबर मिली। 8 अक्टूबर 2019 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”तस्वीर ‘लाल कप्तान’ फिल्म की है, जिसमें सैफ नागा साधु के गेटअप में दिखाई देंगे। यह तस्वीर सैफ के शूटिंग के दौरान की है।”

इस बारे में मुंबई में एंटरटेनमेंट को कवर करने वालीं दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव का कहना है कि यह खबर फर्जी है। सैफ अली खान खतरे से बाहर हैं। अभी तक उन पर हमले की कोई तस्वीर सामने नहीं आई है।
अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर के फेसबुक पर 7 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को दिल्ली का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: सैफ अली खान के निधन को लेकर एक पोस्ट शेयर की जा रही है। विश्वास न्यूज़ ने वायरल पोस्ट की जांच की और पाया कि सैफ अली खान की मृत्यु का दावा महज अफवाह है। सैफ खतरे से बाहर हैं। सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट शेयर की जा रही है।
- Claim Review : सैफ अली खान का निधन हो गया है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Itz Chandramukhi II
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












