Fact Check: धर्मेंद्र नहीं, गायक जुबीन गर्ग की अंतिम यात्रा का यह वीडियो
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सड़क पर दिख रही लोगों की भीड़ का यह वीडियो अभिनेता धर्मेंद्र देओल की अंतिम यात्रा का नहीं है। असल में यह वीडियो सितंबर 2025 का गायक जुबीन गर्ग की अंतिम यात्रा का है, जब उनके फैंस ने वाहन के साथ-साथ चलकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। उसी वीडियो को अब गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Nov 25, 2025 at 02:42 PM
- Updated: Nov 25, 2025 at 05:41 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में देहांत हो गया। कुछ दिन पहले तबियत बिगड़ने के कारण उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया था। 12 नवंबर को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर पर उनका इलाज किया जा रहा था। सोमवार 24 नवंबर 2025 को धर्मेंद्र देओल का निधन हो गया। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में लोगों के हुजूम को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह अभिनेता धर्मेंद्र की अंतिम यात्रा का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में दावे को गलत पाया। असल में यह वीडियो गायक जुबीन गर्ग की अंतिम यात्रा का है, जिसे अब गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर Santosh Yadav ने 24 नवंबर 2025 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। कैप्शन में लिखा है,’##viral धर्मेंद्र जी की अंतिम यात्रा में उमड़ा जन सैलाब।’
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी खबर nenews.in की वेबसाइट पर मिली। 21 सितंबर 2025 को प्रकाशित खबर में बताया गया, ‘गायक जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर नई दिल्ली से गुवाहाटी पहुंचा, जहां उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। लाखों प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सड़कों पर खड़े थे।’

वीडियो रिपब्लिक के आधिकारिक फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो को 21 सितंबर 2025 को शेयर किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, ‘वीडियो सिंगर जुबीन गर्ग की अंतिम यात्रा का है। इस दौरान उनके प्रशंसकों ने वाहन के साथ चलते हुए गायक को भावभीनी श्रद्धांजलि दी थी।’
हमें वीडियो कई जगह अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो को जुबीन गर्ग की अंतिम यात्रा का बताया गया है।
पड़ताल में आगे हमने अभिनेता धर्मेंद्र के बारे में सर्च किया। हमें zoom के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अभिनेता धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार से जुड़ा वीडियो मिला। वीडियो में ऐसा कुछ नजर नहीं आ रहा है, जैसा वायरल वीडियो में दिखाया गया है।
हमने वीडियो को मुंबई में बॉलीवुड को कवर करने वाली दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो अभिनेता धर्मेंद्र की अंतिम यात्रा का नहीं है।
पहले भी सोशल मीडिया पर अभिनेता धर्मेंद्र से जुड़े कई दावे वायरल हुए हैं, जिनकी फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 13 हजार लोग फॉलो करते हैं। अपनी प्रोफाइल में यूजर ने खुद को लखनऊ का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सड़क पर दिख रही लोगों की भीड़ का यह वीडियो अभिनेता धर्मेंद्र देओल की अंतिम यात्रा का नहीं है। असल में यह वीडियो सितंबर 2025 का गायक जुबीन गर्ग की अंतिम यात्रा का है, जब उनके फैंस ने वाहन के साथ-साथ चलकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। उसी वीडियो को अब गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : यह वीडियो अभिनेता धर्मेंद्र की अंतिम यात्रा का है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Santosh Yadav
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












