Fact Check: ‘लोक कल्याण कैशबैक’ जैसी कोई योजना नहीं, फिशिंग लिंक वायरल
‘लोक कल्याण कैशबैक योजना’ के नाम से वायरल दावा गलत है। असल में धोखाधड़ी करने के मकसद से फिशिंग लिंक को शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Aug 27, 2025 at 04:27 PM
- Updated: Aug 27, 2025 at 06:12 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि भारत सरकार ने ‘लोक कल्याण कैशबैक’ नाम से एक योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत हजार रुपये तक का कैशबैक दिया जा रहा है। साथ ही पोस्ट में यह भी कहा जा रहा है कि लिंक पर क्लिक करने के बाद रुपये खाते में आ जायेगे।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में भारत सरकार की तरफ से इस तरह की कोई योजना नहीं चलाई जा रही है। ठगी करने के मकसद से इस फर्जी पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Lok kalyan’ ने 21 अगस्त 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “कैशबैक योजना शुरू ₹1000 तक फ़ोनपे पर कैशबैक। अभी क्लिक करें।”
पोस्ट पर लिखा है, ‘लोक कल्याण कैशबैक योजना… प्रधानमंत्री का तोहफा 79 कैशबैक।’
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी हुई कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने भारत सरकार की कई वेबसाइट को खंगला। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली। हमने माई स्कीम वेबसाइट, जिस पर सभी स्कीमों के बारे में जानकारी मौजूद है। उसे भी खंगला, लेकिन यहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

पड़ताल के दौरान हमने पोस्ट में दिये गए लिंक पर सेफ्टी टूल की मदद से सर्च किया। हमारे सामने ‘समर 90ऑफ डॉट एक्सवाईजेड’ नाम की वेबसाइट खुलकर सामने आ गई, जबकि सरकारी वेबसाइट के आखिर में जीओवी डॉट इन (gov.in) होता है। इसके बाद ये साफ है कि वायरल लिंक फिशिंग लिंक है।
वेबसाइट के डोमेन के बारे में जानने के लिए हमने ‘हू इज डॉट कॉम’ की मदद ली। हमने ‘हू इज डॉट कॉम’ पर वेबसाइट के बारे में सर्च किया। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वेबसाइट को 6 जून 2025 को बनाया गया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने साइबर एक्सपर्ट एवं सेंटर फॉर रिसर्च ऑन साइबर क्राइम एंड साइबर लॉ के चेयरमैन अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं के पर अक्सर ठग इस तरह के क्राइम करते हैं और लोगों को ठगते हैं। ऐसे में अगर आप सोशल मीडिया पर ऐसी किसी पोस्ट को देखते हैं तो पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस बारे में चेक करें और तभी भरोसा करें। अगर वहां ऐसी कोई जानकारी नहीं मिलती है तो संभावना है कि साइबर ठगी करने वाले यूजर को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।
अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 17 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ‘लोक कल्याण कैशबैक योजना’ के नाम से वायरल दावा गलत है। असल में धोखाधड़ी करने के मकसद से फिशिंग लिंक को शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : ‘लोक कल्याण कैशबैक’ योजना के तहत सरकार दे रही है हजार रुपये का कैशबैक।
- Claimed By : FB User Lok kalyan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












