X
X

Fact Check: मुख्यमंत्री बिजनेस योजना-2025 नाम की कोई योजना नहीं है, पोस्ट के साथ फिशिंग लिंक वायरल

मुख्यमंत्री बिजनेस योजना-2025 नाम की कोई सरकारी योजना नहीं है। विभिन्न राज्यों में अलग-अलग नाम से इस तरह की योजनाएं चल रही हैं, जिनके जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लोन दिया जाता है। पोस्ट के साथ फिशिंग लिंक शेयर किया गया है, जिसके जरिए यूजर का डेटा चोरी किया जा सकता है। ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए।

Mukhyamantri Business Yojana 2025, fact check, fake government scheme alert, phishing scam, viral post debunked, misleading viral message, scam alert

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। डिजिटल फ्रॉड के रोजाना कई मामले सामने आ रहे हैं। साइबर अपराधी फि​शिंग लिंक्स के जरिए यूजर का डेटा चुराते हैं और फिर उसका दुरुपयोग करते हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की गई है, जिसमें लिखा है कि मुख्यमंत्री बिजनेस योजना-2025 के तहत खुद का बिजनेस शुरू करने के लिए 10 लाख से 80 लाख तक का लोन बिना ब्याज के मिलेगा। इसके लिए पोस्ट में दिए गए लिंक पर जाकर आवेदन करना होगा।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि मुख्यमंत्री बिजनेस योजना-2025 नाम से कोई सरकारी योजना नहीं है। हां, विभिन्न राज्यों में अलग-अलग नाम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं चल रही हैं, जिनके तहत प्रार्थी को लोन की सुविधा दी जाती है। सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट के साथ फिशिंग लिंक वायरल हो रहा है। इस पर क्लिक करने से यूजर का डेटा भी चोरी हो सकता है। पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल पर इसी तरह के फिशिंग लिंक के साथ कुछ अन्य पोस्ट भी शेयर की गई हैं। साइबर एक्सपर्ट इस तरह के लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह देते हैं।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर All-Star Nation ने 17 अप्रैल को इस पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर किया है। पोस्ट के साथ में एक लिंक भी दिया गया है।

पड़ताल

पोस्ट में बताई गई मुख्यमंत्री बिजनेस योजना-2025 के बारे में गूगल पर सर्च करने पर हमें ऐसी कोई योजना नहीं मिली।

सरकारी योजनाओं के वन स्टॉप सर्च माय स्कीम डॉट जीओवी डॉट इन पर भी हमें इस नाम से कोई योजना नहीं मिली। हां, कई राज्यों में अलग-अलग नाम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं चल रही हैं।

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, बिहार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, गुजरात की मुख्यमंत्री युवा स्वावलंबन योजना और कर्नाटक की डायरेक्ट लोन्स फॉर बिजनेस एंटरप्राइजेज ऐसी ही सरकारी योजनाएं हैं।

4 मार्च 2025 को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, “उत्तर प्रदेश में बेरोजगार युवकों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत रोजगार के लिए बिना ब्याज के 5 लाख रुपये तक का लोन दिया जा रहा है। इसके तहत लोन लेने वालों को छह माह तक कोई किश्त नहीं देनी होगी और चार साल का पूरा ब्याज भी सरकार देगी।”

इसके बाद हमने पोस्ट में दिए गए लिंक को चेक किया। इसका यूआरएल किसी सरकारी वेबसाइट का नहीं है। अगर यह सरकारी योजना है तो इसके लिए आवेदन भी सरकारी वेबसाइट पर ही करना होगा, जिनका यूआरएल डॉट जीओवी डॉट इन या एनआईसी डॉट इन होता है, लेकिन पोस्ट के साथ दिए गए लिंक का यूआरएल लॉयन-सनफ्लॉवर डॉट कॉम है। इससे हमें यह पोस्ट संदिग्ध ​लगी।

हमारे सिस्टम में एंटीवायरस इंस्टॉल है, जिसे समय-समय पर अपडेट किया जाता है, इसलिए हमने डिजिटल सेफ्टी का ध्यान रखते हुए लिंक पर क्लिक किया। इससे प्राइम प्रोडक्ट एक्सप्लोरर वेबसाइट खुली, जिस पर कन्टीन्यू करने के लिए क्लिक करने को कहा गया। इस पर क्लिक करने से टॉप सोशल खबर डॉट कॉम वेबसाइट खुली। इसमें इस तरह की किसी भी सरकारी योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

इस बारे में साइबर एक्सपर्ट किसलय चौधरी का कहना है कि सरकारी वेबसाइट का यूआरएल जीओवी डॉट इन या एनआईसी डॉट इन होता है। सरकारी योजना के लिए संबंधित सरकारी वेबसाइट पर ही आवेदन करना होता है। इस तरह के लिंक में हिडन कोड भी होता है, जिस पर क्लिक करने से यूजर का डेटा चोरी हो सकता है, जिसके जरिए साइबर अपराधी फ्रॉड कर सकते हैं। इस तरह के लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए।

पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर ने यह अकाउंट 28 फरवरी को बनाया है और इस पर महिलाओं की तस्वीरों के साथ ए​क फिशिंग लिंक देकर पर उस पर क्लिक करने के लिए लोगों को उकसाया गया है। इससे साफ होता है कि इस प्रोफाइल के साथ की गई पोस्ट के साथ फिशिंग लिंक शेयर किए गए हैं।

निष्कर्ष: मुख्यमंत्री बिजनेस योजना-2025 नाम की कोई सरकारी योजना नहीं है। विभिन्न राज्यों में अलग-अलग नाम से इस तरह की योजनाएं चल रही हैं, जिनके जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लोन दिया जाता है। पोस्ट के साथ फिशिंग लिंक शेयर किया गया है, जिसके जरिए यूजर का डेटा चोरी किया जा सकता है। ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए।

  • Claim Review : मुख्यमंत्री बिजनेस योजना-2025 के तहत खुद का बिजनेस शुरू करने के लिए 10 लाख से 80 लाख तक का लोन बिना ब्याज के मिलेगा।
  • Claimed By : FB User- All-Star Nation
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later