X
X

Fact Check: तेजस्वी पर निशाना साधते मुकेश सहनी का यह वीडियो 2020 का है जब वे NDA का हिस्सा थे

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा मुकेश सहनी का यह वीडियो साल 2020 बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान का है। पुराने वीडियो को फर्जी दावे के साथ 2025 बिहार विधानसभा चुनाव से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Oct 13, 2025 at 05:35 PM
  • Updated: Oct 13, 2025 at 06:25 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव की तारीखों  के करीब आते ही सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक पोस्ट का फैलना तेजी से बढ़ गया है। इसी कड़ी में एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी को एबीपी लाइव को इंटरव्यू देते हुए देखा जा सकता है। इंटरव्यू में वह बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के बारे में बात करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह बिहार चुनावों से जुड़ा हुआ हालिया वीडियो है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा मुकेश सहनी का यह वीडियो साल 2020 बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान का है। पुराने वीडियो को फर्जी दावे के साथ 2025 बिहार विधानसभा चुनाव से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर कुश कुमार सिंह ने 11 अक्टूबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “नौवीं फेल तेजस्वी यादव पर मुकेश सहनी का करारा तमाचा। मुकेश सहनी ने कहा, “तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री का बेटा होने का घमंड है, उसका अपना कोई संघर्ष नहीं है. क्रिकेट खेला तो पानी ढोया, अपने दम पर घंटा किया है फेलस्वी।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

इस वीडियो को हालिया समझते हुए एक्स पर भी कई यूजर शेयर कर रहे हैं।

https://twitter.com/newbiharr/status/1976551425774846363

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को एबीपी लाइव के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर खंगाला। सर्च करने पर हमें यह वीडियो 8 अक्टूबर 2020 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां दी गई जानकारी के अनुसार, यह वीडियो 2020 में बिहार में हुए विधान सभा चुनाव से जुड़ा हुआ है। वीडियो उस वक्त का है, जब मुकेश सहनी एनडीए से जुड़े हुए थे। उसी वक्त उन्होंने तेजस्वी यादव को लेकर यह बयान दिया था।

वीडियो में एंकर को मुकेश सहनी से गठबंधन छोड़कर एनडीए में शामिल होने को लेकर सवाल पूछते हुए देखा जा सकता है। जिसके जवाब में सहनी का अब वायरल किया जा रहा बयान है। हालांकि, उससे पहले का संदर्भ यह है। सहनी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “मैं लालू जी की विचारधारा से उस पार्टी में जुड़ा हुआ था। मैं तेजस्वी जी की विचारधारा से गठबंधन में नहीं आया… मैंने देखा उन्होंने बहुत संघर्ष किया था और उस विचारधारा के साथ हम राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन में थे। लेकिन फिर मैंने देखा औऱ महसूस किया कि राष्ट्रीय जनता दल बदल गया है, वह अब तेजस्वी की पार्टी हो चुकी है…”

न्यूज़ सर्च किये जाने पर हमें इस मामले से जुड़ी खबर भी मिली। 3 अक्टूबर 2020 को लाइव हिंदुस्तान की खबर के अनुसार, “सीट शेयरिंग के ऐलान के साथ ही महागठबंधन में टूट हो गई है। विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने महागठबंधन छोड़ने का ऐलान कर दिया है। मुकेश सहनी ने राजद पर अति पिछड़ों की पीठ में खंजर घोंपने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अति पिछड़ा समाज से होने के कारण राजद ने धोखा दिया है।”

न्यूज 18 की 13 अक्टूबर 2025 की खबर के अनुसार, “2020 के चुनाव में सीट बंटवारे से ऐन पहले तक मुकेश सहनी महागठबंधन के साथ थे लेकिन राजद की ओर से उचित संख्या में सीटें नहीं मिलने के कारण वह प्रेस कांफ्रेंस से उठकर चले गए थे। वह 2020 में एनडीए के साथ मैदान में उतरे। उनकी पार्टी 11 सीटों पर चुनाव लड़ी। उनके चार विधायक जीते भी थे लेकिन, कुछ समय में उनकी पार्टी में बगावत हो गई और वीआईपी के चारों विधायक भाजपा में चले गए। फिर मुकेश सहनी महागठबंधन में लौट आए।”

12 अक्टूबर 2025 की दैनिक जागरण की खबर के अनुसार, “विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने महागठबंधन सरकार को ‘अस्वस्थ’ बताया है, जिससे बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है। उनके इस बयान ने गठबंधन के भीतर तनाव की अटकलों को हवा दे दी है। राजनीतिक विश्लेषक सहनी की टिप्पणी के निहितार्थों और वीआईपी की भविष्य की भूमिका पर विचार कर रहे हैं।”

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण पटना में आगामी चुनवों को कवर करने वाले विशेष संवाददता रमन शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, यह वीडियो पुराना है।  

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर वायरल हो रही फर्जी और भ्रामक पोस्ट का फैक्ट चेक लगातार विश्वास न्यूज़ की तरफ से किया जा रहा है। हमारे फैक्ट चेक्स यहां पढ़ें जा सकते हैं।  

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘कुश कुमार सिंह’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को सात हजार लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर के बायो के अनुसार, वह बिहार के रहने वाले हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा मुकेश सहनी का यह वीडियो साल 2020 बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान का है। पुराने वीडियो को फर्जी दावे के साथ 2025 बिहार विधानसभा चुनाव से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : यह बिहार चुनावों से जुड़ा हुआ हालिया वीडियो है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर कुश कुमार सिंह
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later