X
X

Fact Check: भाजपा नेता नेपाल सिंह ने सात साल पहले दिया था सेना को लेकर विवादित बयान, भ्रामक दावा वायरल

भाजपा नेता नेपाल सिंह ने जनवरी 2018 में सेना को लेकर विवादित बयान दिया था। बाद में उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी थी। मई 2020 में नेपाल सिंह का निधन हो गया था। उनके पुराने बयान को अब पहलगाम हमले के बाद वायरल किया जा रहा है।

bjp leader nepal singh old controversial statement on indian army is viral

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पहलगाम हमले के बाद सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नेपाल सिंह के नाम से एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया गया है कि भाजपा सांसद नेपाल सिंह ने कहा है, सेना के जवान मरने के लिए ही होते हैं, वो नहीं मरेंगे तो क्या हम और भाजपा कार्यकर्ता मरेंगे। सेना को मरने के लिए ही पैसे मिलते हैं। यूजर्स इसे हालिया बयान समझकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि भाजपा नेता नेपाल सिंह का सेना को लेकर विवादित बयान जनवरी 2018 का है। नेपाल सिंह ने बाद में इस बयान को लेकर माफी मांगी थी। मई 2020 में उनका निधन हो गया था। यह बयान करीब सात साल पहले का है।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर thepolitician7 ने 30 अप्रैल को एक पोस्ट (आर्काइव लिंक) शेयर की। इस पर भाजपा नेता नेपाल सिंह की तस्वीर लगी हुई है और लिखा है,

“सेना के जवान मरने के लिए ही होतें हैं, वो नहीं मरेंगें तो क्या हम और हमारा भाजपा कार्यकर्ता मरेगा, सेना को मरने के लिए ही पैसे मिलतें हैं।- नेपाल सिंह, भाजपा सांसद”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। 2 जनवरी 2018 को एएनआई के एक्स हैंडल से इसको लेकर पोस्ट की गई थी। इसमें भाजपा नेता नेपाल सिंह के विवादित बयान को भी देखा जा सकता है। इसमें नेपाल सिंह कहते दिख रहे हैं, “ये रोज मरेंगे आर्मी में, कोई ऐसा देश है जहां आर्मी का आदमी न मरता हो झगड़े में? गांव में भी झगड़ा होता है तो एक न एक तो घायल होता है! कोई ऐसी डिवाइस बताओ, जिससे आदमी न मरे? ऐसी चीज बताओ की गोली काम न करे, उसे करवा दें।”

इसी पोस्ट की थ्रेड में इससे संबंधित कुछ अन्य पोस्ट भी की गई हैं। इसके अनुसार, नेपाल सिंह ने अपने बयान को लेकर माफी मांगी है। इसमें दिया गया है, “मैंने सेना के अपमान की कोई बात नहीं की। मुझे दुख है, माफी मांगता हूं पर मैंने ऐसा कुछ कहा नहीं- अपने पिछले बयान पर भाजपा सांसद नेपाल सिंह”।

इसमें एक और पोस्ट की गई है। जिसमें लिखा है, “मैंने यह बोला था कि वैज्ञानिक लगे हुए हैं और कोई डिवाइस ढूंढ रहे हैं कि कोई गोली आए तो लगे नहीं, सिपाही सुरक्षित हो जाए- अपने पिछले बयान पर भाजपा सांसद नेपाल सिंह”।

एनडीटीवी की वेबसाइट पर भी इससे संबंधित खबर को देखा जा सकता है। 2 जनवरी 2018 को छपी खबर में लिखा है, “आतंकियों ने पुलवामा में सीआरपीएफ के शिविर पर हमला कर दिया था, जिसमें पांच जवान शहीद हो गए थे। इस हमले में तीन आतंकवादी मारे गए थे। भाजपा सांसद नेपाल सिंह ने जवानों की शहादत पर विवादित बयान दिया था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने बयान को लेकर माफी मांगी थी।”

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 23 मई 2020 को छपी खबर के अनुसार, राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री और पूर्व सांसद नेपाल सिंह का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।

इस बारे में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता अवनीश त्यागी का कहना है कि नेपाल सिंह का 2020 में निधन हो गया था। यह बयान पुराना है। उन्होंने इसके लिए माफी भी मांग ली थी।

पुराने बयान को वायरल करने वाले इंस्टा यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के 19 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: भाजपा नेता नेपाल सिंह ने जनवरी 2018 में सेना को लेकर विवादित बयान दिया था। बाद में उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी थी। मई 2020 में नेपाल सिंह का निधन हो गया था। उनके पुराने बयान को अब पहलगाम हमले के बाद वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : भाजपा सांसद नेपाल सिंह ने कहा है, सेना के जवान मरने के लिए ही होते हैं।
  • Claimed By : Insta User- thepolitician7
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later