Fact Check: कच्छ में जवानों से मिलते पीएम मोदी का पुराना वीडियो पहलगाम हमले के बाद का बताकर वायरल
पहलगाम आतंकी हमले के बाद वायरल हो रहा है पीएम मोदी का यह वीडियो पुराना है। पिछले साल दिवाली के मौके पर पीएम ने गुजरात के कच्छ में जवानों को मिठाई खिलाई थी, यह वीडियो उसी कार्यक्रम का है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: May 1, 2025 at 04:43 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेना के जवानों के साथ देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी ने जवानों को मिठाई खिलाकर हमला करने के लिए रवाना किया।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि पीएम मोदी का जवानों से मिलने का यह वीडियो अक्टूबर 2024 का है, जब वह गुजरात के कच्छ में दिवाली पर जवानों से मिले थे। इसे पहलगाम हमले के बाद का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर impact__india ने 27 अप्रैल को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है,
“मोदीजी ने मुंह मीठा कराकर हमले का बदला लेने के लिए किए रवाना”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। यूट्यूब चैनल Yehi hai khabar पर 31 अक्टूबर 2024 को अपलोड वीडियो में वायरल वीडियो के हिस्से को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, गुजरात के कच्छ में पीएम मोदी ने जवानों को मिठाई दी।
31 अक्टूबर 2024 को इंडिया टुडे की वेबसाइट पर छपी वीडियो न्यूज में भी वायरल वीडियो को देखा जा सकता है। इसके मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने कच्छ में भारतीय सेना के जवानों को मिठाई खिलाकर दिवाली मनाई।

डीडी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर भी 31 अक्टूबर 2024 को अपलोड वीडियो न्यूज में भी वायरल वीडियो से संबंधित खबर को देखा जा सकता है।
1 मई को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर एजेंसी के हवाले से छपी खबर के अनुसार, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। इस मामले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है।
पीएम मोदी के आधिकारिक एक्स अकाउंट से 22 अप्रैल को एक पोस्ट कर पीएम के हमले को लेकर निंदा करने की पोस्ट की गई है, जबकि 23 अप्रैल को सुरक्षा मामलों पर कैबिनेट की समिति (सीसीएस) के साथ हुई बैठक के बारे में जानकारी दी गई है।
इस बारे में हमने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह वीडियो पिछले साल का है।
पुराने वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले इंस्टा यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 68 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
पहलगाम हमले के बाद सोशल मीडिया पर कई भ्रामक व फर्जी पोस्ट वायरल हुई हैं। इनसे संबंधित विश्वास न्यूज की रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: पहलगाम आतंकी हमले के बाद वायरल हो रहा है पीएम मोदी का यह वीडियो पुराना है। पिछले साल दिवाली के मौके पर पीएम ने गुजरात के कच्छ में जवानों को मिठाई खिलाई थी, यह वीडियो उसी कार्यक्रम का है।
- Claim Review : पीएम मोदी ने जवानों को मिठाई खिलाकर हमला करने के लिए रवाना किया।
- Claimed By : Insta User- impact__india
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












