X
X

Fact Check: CWC बैठक में महिला नेता ने नहीं की राहुल गांधी की आलोचना, वायरल दावा फेक है

राजस्थान से एआईसीसी की सदस्य रेहाना रेयाज चिश्ती के राहुल गांधी की आलोचना करने का दावा फेक है। अहमदाबाद में आयोजित कांग्रेस के दो दिवसीय अधिवेश के दौरान चिश्ती ने उन नेताओं की पहचान करने और उन्हें पार्टी से बाहर करने की अपील की थी, जो राहुल गांधी की मेहनत को बर्बाद करने की साजिश कर रहे हैं।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। गुजरात के अहमदाबाद में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक का समापन हो चुका है। इसी से जोड़कर एक वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि इस अधिवेशन के दौरान कांग्रेस की एक महिला नेता ने राहुल गांधी को कथित तौर पर ‘विफल’ नेता बताते हुए सार्वजनिक तौर पर उनकी आलोचना कर डाली।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया और इस दावे के साथ वायरल हो रहा क्लिप आधा-अधूरा है। कांग्रेसी नेता रेहाना रेयाज चिश्ती ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए उन नेताओं की पहचान करने और उन्हें पार्टी से बाहर करने की अपील की थी, जो राहुल गांधी की मेहनत को बर्बाद करने की साजिश कर रहे हैं।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘The Sanghi’ ने वायरल वीडिय क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “राहुल गाँधी को उसके मुंह पर ‘फेल नेता’ बताने वाली कांग्रेस नेत्री…..”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

https://twitter.com/iSinghApurva/status/1909907482459222110

पड़ताल

वायरल वीडियो क्लिप को सुनने के बाद यह स्पष्ट हो जाता है कि यह आधा-अधूरा क्लिप है, जिसे उसके संदर्भ से अलग कर शेयर किया जा रहा है। आम तौर पर नेताओं के खिलाफ दुष्प्रचार के मामलों में ऐसा किया जाता है।

इसलिए हमने इसके की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया और सर्च में हमें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर नौ अप्रैल को अपलोड किया हुआ वीडियो मिला, जो गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित एआईसीसी सत्र का है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला राजस्थान से एआईसीसी की सदस्य रेहाना रियाज चिश्ती को संबोधन के लिए बुलाते हैं और फिर वे कहती हैं, “….राहुल जी ने पूरे देश में कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक पदयात्रा किया…उनके साथ में एक बहुत बड़ा आवाम चल रहा था …और कहां आके हम फेल हो जाते हैं?” इसके बाद वह कहती हैं, “हमारे नेता दिन रात 24 घंटे काम करते हैं…कौन इनको  फेल करना चाहता हैं…हमारे को पहले अपने अंदर झांकने की जरूरत है। हमें बहुत जरूरत है…हमारे में से कौन गद्दार है…जो हमारे नेता को फेल करना चाहते हैं। जो दिन रात मेहनत करते हैं, आवाम की बात करते हैं, और उसके बावजूद भी हम जो चाहते हैं, वैसा नहीं होता है।”

इसके बाद वह अपनी बात को समाप्त करते हुए कहती हैं, “…मैं राहुल जी को कहती हूं, जो कांग्रेस पार्टी के प्रति वफादार नहीं हैं, जो कांग्रेस पार्टी को आगे बढ़ाना नहीं चाहते हैं, आपकी बातों को इंप्लिमेंट करना नहीं चाहते हैं….जो अपने बारे में सोचते हैं, कांग्रेस पार्टी के बारे में नहीं सोचते हैं, उन लोगों को निकाल डालो आप।”

हमारी जांच से स्पष्ट है कि चिश्ती ने राहुल गांधी की आलोचना नहीं की। रेहाना रेयाज चिश्ती राजस्थान महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन हैं और राजस्थान से ही एआईसीसी की सदस्य हैं। उन्होंने अपनी प्रोफाइल से भी इस वीडियो क्लिप को शेयर किया है।

गुजरात के अहमदाबाद में नौ अप्रैल को कांग्रेस के इस दो दिवसीय अधिवेश का समापन हो गया।

इस क्लिप को लेकर हमने रेहाना रेयाज चिश्ती से संपर्क किया। उन्होंने बताया, “मेरा बयान उन लोगों के बारे में था जो पार्टी में रहते हुए पार्टी के खिलाफ काम करते हैं और इसी वजह से राहुल गांधी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं की मेहनत पर पानी फिर जाता है।”

वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 87 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: राजस्थान से एआईसीसी की सदस्य रेहाना रेयाज चिश्ती के राहुल गांधी की आलोचना करने का दावा फेक है। अहमदाबाद में आयोजित कांग्रेस के दो दिवसीय अधिवेश के दौरान चिश्ती ने उन नेताओं की पहचान करने और उन्हें पार्टी से बाहर करने की अपील की थी, जो राहुल गांधी की मेहनत को बर्बाद करने की साजिश कर रहे हैं।

  • Claim Review : CWC की बैठक के दौरान कांग्रेस की महिला ने राहुल गांधी को विफल नेता बताया।
  • Claimed By : FB User-The Sanghi
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later