Fact Check : बीजेपी नेता धीरज ओझा के पुराने वीडियो को भ्रामक दावे से किया जा रहा वायरल
बीजेपी नेता धीरज ओझा के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल में हुई घटना का नहीं, बल्कि साल 2021 का है। यूपी पंचायत चुनाव 2021 के दौरान तत्कालीन बीजेपी विधायक धीरज ओझा ने डीएम पर कई आरोप लगाते थे और वो उनके आवास के सामने धरने पर बैठ गए थे। हालांकि, डीएम ने इन सभी आरोपों का खंडन किया था।
- By: Pragya Shukla
- Published: Apr 10, 2025 at 03:13 PM
- Updated: Apr 10, 2025 at 04:28 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर रोड पर लेटकर पुलिस अधीक्षक पर आरोप लगाते हुए एक शख्स का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को हाल ही में हुई घटना का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि यह रानीगंज के बीजेपी विधायक धीरज ओझा का है। धीरज ओझा की प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक ने पिटाई की है, जिसकी वजह से वो इस तरह से रोड पर लेटकर लोगों को इसके बारे में बता रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल में हुई घटना का नहीं, बल्कि साल 2021 का है। यूपी पंचायत चुनाव 2021 के दौरान तत्कालीन बीजेपी विधायक धीरज ओझा ने डीएम पर कई आरोप लगाते थे और वो उनके आवास के सामने धरने पर बैठ गए थे। हालांकि, डीएम ने इन सभी आरोपों का खंडन किया था।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर नीतीश राजभर जी ने 9 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बीजेपी विधायक के ये हाल है तो जनता का क्या होगा…ये धरने पर लेटे हुए कोई साधारण व्यक्ति नहीं हैं, रानीगंज प्रतापगढ़ उप्र से BJP विधायक धीरज ओझा है..बोल रहे पुलिस उलाट कर बलभर पीटा है विधायक जी के कपड़े भी फाड़ दिया गया।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्डस की मदद से सर्च किया। हमें वायरल दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 7 अप्रैल 2021 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, वायरल वीडियो में नजर आ रहे शख्स प्रतापगढ़ जिले में रानीगंज विधानसभा सीट से तत्कालीन बीजेपी विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा हैं। वो मतदाता सूची में धांधली का आरोप लगाते हुए डीएम आवास पर धरने पर बैठ गए थे।”

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक अन्य रिपोर्ट एबीपी गंगा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो रिपोर्ट को 7 अप्रैल 2021 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, तत्कालीन बीजेपी विधायक अभय कुमार ओझा उर्फ धीरज ओझा ने डीएम पर कई आरोप लगाये थे। साथ ही उनका कहना था कि उनके समर्थक का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है। वोटिंग लिस्ट के साथ छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने जमीन पर लेटकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे तत्कालीन एसपी आकाश तोमर के समझाने पर और भड़क गए और सड़क पर कपड़े उतारकर लेट गए। उन्होंने डीएम पर उनके साथ मारपीट करने के भी आरोप लगाये।
टीवी9 की वेबसाइट पर 7 अप्रैल 2021 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, “तत्कालीन विधायक का आरोप था कि कुछ ऐसे लोग हैं, जिनके खिलाफ गुंडा एक्ट सहित कई मुकदमे हैं, फिर भी डीएम ने चुनाव को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की. उन्होंने ऐसे लोगों के बारे में सूचना दी इसके बाद भी प्रशासन ने संज्ञान नहीं लिया। इसके साथ ही बहुत से ऐसे लोगों का नाम वोटर लिस्ट में नहीं आ सका, जो पात्र मतदाता हैं। उन्होंने डीएम को ऐसे पात्रों की सूची दी थी, पर प्रशासन ने उस पर कदम नहीं उठाया। डीएम ने इन आरोपों का खंडन किया था।”
अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण प्रतापगढ़ के रिपोर्ट संपर्क रमेश यादव से किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो बीजेपी के पूर्व विधायक धीरज ओझा का है। उन्होंने उस समय पंचायत चुनाव के दौरान डीएम पर कई आरोप लगाये थे और डीएम आवास के सामने धरने पर बैठ गये थे।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर के करीब दस हजार तक फॉलोअर्स हैं। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी नेता धीरज ओझा के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल में हुई घटना का नहीं, बल्कि साल 2021 का है। यूपी पंचायत चुनाव 2021 के समय तत्कालीन बीजेपी विधायक धीरज ओझा डीएम पर कई आरोप लगाते हुए उनके आवास के सामने धरने पर बैठ गए थे। हालांकि, डीएम ने इन सभी आरोपों का खंडन किया था।
- Claim Review : बीजेपी नेता ने पुलिस पर मारपीट करने के आरोप लगाये।
- Claimed By : FB User Nitish Rajbhar Ji
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












