X
X

Fact Check: पटना के स्कूल में छात्राओं के स्वागत गान का एडिटेड वीडियो वायरल, शराब के गिलास का दावा भी झूठा

पटना के एक स्कूल में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार के सम्मान में हुए स्वागत गान का वीडियो एडिट करके गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक फिल्मी गाने को जोड़ा गया है। साथ ही, असली वीडियो में मेज पर शराब के गिलास नहीं, बल्कि पानी से भरे गिलास रखे थे।

Edited video of girl students performing a welcome song at a Patna school goes viral; claim regarding a glass of alcohol is also false.

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार की राजधानी पटना से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें स्कूल के एक कार्यक्रम में शिक्षकों के सामने छात्राओं को फिल्मी गाने पर डांस करते दिखाया गया है। साथ ही वहां एक मेज पर गिलास भी रखे हुए देखे जा सकते हैं। कुछ यूजर्स वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार के सामने छात्राओं ने फिल्मी गाने पर डांस किया। इस दौरान मेज पर शराब के गिलास भी रखे थे।

विश्वास न्यूज ने वीडियो की जांच की तो पता चला कि वायरल दावा गलत है। स्कूल में छात्राओं ने अतिथि के तौर पर पहुंचे पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार के सामने स्वागत गान प्रस्तुत किया था। इस दौरान मेज पर पानी से भरे गिलास रखे थे। वीडियो को एडिट करके उसमें फिल्मी गाना जोड़ा गया है और खराब क्वालिटी के साथ इसे वायरल किया गया है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Bihar Bulletin A K’ ने 16 सितंबर 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “क्या ये स्कूल है या डांस बार? पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार के सामने छात्राओं का डांस और मेज पर शराब की बोतलें! शिक्षा के मंदिर में ये सब क्या हो रहा है?”

वीडियो में छात्राएं फिल्मी गाने ‘आंखों से तूने ये क्या कह दिया…’ पर डांस करती दिख रही हैं।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस पर सर्च किया। बिहार के परबत्ता के पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार के फेसबुक पेज पर 10 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो पोस्ट किया हुआ मिला। इसमें लिखा है, “बेटियों का यह स्नेह, सम्मान और अपनापन सदैव प्रेरणा देता है। शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति से जुड़ी ऐसी सुंदर परंपराएं हमारे समाज की पहचान हैं। आप सभी बेटियों को उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं।” वीडियो में छात्राएं ‘बेटी तो है बेटी, मैं तारा बनूंगी…’ गाने पर डांस करती दिख रही हैं।

इस मूल वीडियो में छात्राएं ‘बेटी तो है बेटी, मैं तारा बनूंगी…’ पर डांस करती दिख रही हैं और मेज पर पानी के गिलास देखे जा सकते हैं।

डॉ. संजीव कुमार ने 17 सितंबर 2026 को इस वीडियो को रिपोस्ट करते हुए लिखा, “देखिए, राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन अब कुछ उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की हताशा जिस स्तर तक पहुंच गई है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एक स्कूल में मैं गया था। वहां संगीत शिक्षक ने बताया कि विद्यालय की बच्चियां मेरा स्वागत करना चाहती हैं। प्रधानाचार्य की अनुमति से बच्चियों ने स्वागत-गान प्रस्तुत किया। यह किसी भी विद्यालय में एक सामान्य और सम्मानजनक परंपरा है। जब कोई विशिष्ट अतिथि विद्यालय में जाता है, तो वहां के विद्यार्थी और विशेषकर संगीत एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े बच्चे स्वागत-गान या सांस्कृतिक प्रस्तुति करते हैं। लेकिन इस सामान्य और सम्मानजनक कार्यक्रम को जिस तरह से कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया और मीडिया में भद्दे तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है, वह अत्यंत आपत्तिजनक है। बच्चियां हमारी बेटियां हैं। उनके सम्मान और गरिमा को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का विषय बनाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। और हद तो तब हो गई जब वीडियो को AI द्वारा एडिट करके अलग-अलग ऑडियो/गाने लगाए जा रहे हैं और स्कूल में पानी पीने की सामान्य घटना को भी गलत तरीके से शराब से जोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है। इस तरह की भ्रामक सामग्री से केवल मेरी नहीं, बल्कि विद्यालय, शिक्षकों, विद्यार्थियों और पूरे समाज की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है। मैं ऐसे लोगों से कहना चाहता हूं—राजनीति में विरोध कीजिए, सवाल पूछिए, मेरे काम और विचारों की आलोचना कीजिए, लेकिन हमारी बेटियों की गरिमा और सम्मान को राजनीति में मत घसीटिये। मैंने यह वीडियो पहले भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किया था और अब इसे दोबारा इसलिए साझा कर रहा हूं, ताकि लोग स्वयं पूरा वीडियो देखें और तथ्यों के आधार पर अपनी राय बनाएं। जो लोग जानबूझकर वीडियो को एडिट करके, गलत ऑडियो जोड़कर या भ्रामक तरीके से प्रस्तुत करके उसे प्रसारित कर रहे हैं, उन्हें 24 घंटे के भीतर ऐसी सामग्री हटाने और आगे प्रसारित न करने की चेतावनी देता हूं। अन्यथा, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर किसी की पहचान छिपी होने का अर्थ यह नहीं है कि उसकी गतिविधियों की जांच नहीं हो सकती। राजनीति में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए, व्यक्तिगत और विशेषकर बेटियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली राजनीति नहीं।”

‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 11 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बिहार विधान परिषद स्नातक और शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर पहली सूची जारी कर दी है। आठ सीटों में से छह पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए गए हैं। इनमें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह को मौका दिया गया है।

‘ईटीवी भारत’ की वेबसाइट पर 3 अक्टूबर 2025 को छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले परबत्ता से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक रहे डॉ. संजीव कुमार राजद में शामिल हो गए हैं।

इस बारे में हमने डॉ. संजीव कुमार से बात की। उन्होंने कहा, “यह वीडियो एडिट करके शेयर किया जा रहा है। इसमें अलग-अलग फिल्मी गाने जोड़कर इसे वायरल किया जा रहा है। मैं 15-20 दिन पहले एक स्कूल गया था। वहां छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया था। मेज पर पानी के गिलास रखे थे। असली वीडियो में इन्हें देखा भी जा सकता है। मैंने फेक वीडियो हटाने के लिए 24 घंटे का समय दिया है। ऐसा नहीं करने पर मैं पुलिस से शिकायत करूंगा।

क्या है संदर्भ?

बिहार विधान परिषद के चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव की आहट के साथ सियासत गरमा गई है। दैनिक जागरण की 14 सितंबर 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, आठ सीटों के लिए चुनाव होगा। विधान परिषद सदस्य चुनने के लिए 30 जिलों के मतदाता वोट करेंगे। वर्तमान विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। संभावना जताई जा रही है कि एक महीने के भीतर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो सकती है। इसके लिए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजद ने छह सीटों पर अपने उम्मीदवार भी घोषित कर दिए हैं।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। पटना में रहने वाले यूजर, अप्रैल 2015 से फेसबुक पर सक्रिय हैं और उनके करीब चार हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: पटना के एक स्कूल में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार के सम्मान में हुए स्वागत गान का वीडियो एडिट करके गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक फिल्मी गाने को जोड़ा गया है। साथ ही, असली वीडियो में मेज पर शराब के गिलास नहीं, बल्कि पानी से भरे गिलास रखे थे।

  • Claim Review : स्कूल में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार के सामने मेज पर दिखे शराब के गिलास।
  • Claimed By : FB User- Bihar Bulletin A K
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later