X
X

Fact Check: ममता बनर्जी ने राष्ट्रगान खत्म होने से पहले नहीं छोड़ा था मंच, एडिटेड क्लिप हुई वायरल

विश्‍वास न्‍यूज की जांच में पता चला कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का वायरल वीडियो एडिटेड है और राष्ट्रगान खत्म होने से पहले उनके मंच छोड़ने का दावा फर्जी है। असली वीडियो 23 मार्च 2022 का है, जिसमें स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि ममता बनर्जी राष्ट्रगान समाप्त होने तक मंच पर खड़ी थीं और उसके खत्म होने के बाद ही मंच से नीचे उतरी थीं।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Nov 11, 2025 at 01:51 PM
  • Updated: Nov 11, 2025 at 02:03 PM

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है। इसमें उन्हें कथित तौर से राष्ट्रगान के बीच में स्टेज से जाते हुए देखा जा सकता है। कई यूजर इसे असली समझकर  शेयर कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी जांच में पाया कि यह वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो 2022 का है और उस समय ममता बनर्जी राष्ट्रगान के दौरान मंच पर खड़ी थीं और उसके खत्म होने के बाद ही नीचे उतरी थीं।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक पेज “डॉ सुधांशु त्रिवेदी अनऑफिसियल ग्रुप” ने 7 नवंबर 2025 को इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा “52 सेकंड के राष्ट्रगान का सम्मान नहीं कर पाते वो देश का क्या सम्मान करेंगे”

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में एक फ्रेम में दिख रहे बैकग्राउंड स्क्रीन पर बंगाली भाषा में लिखा था, “माननीय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जी द्वारा नेताजी इंडोर स्टेडियम से नए आवेदकों को विधवा भत्ता देना शुरू किया जाएगा। दिनांक: 23 मार्च 2022. समय: दोपहर 1 बजे।” वीडियो में गेट्टी इमेजेज का वाटरमार्क भी देखा जा सकता है।

इसके बाद हमने ‘गेट्टी इमेजेज, ममता बनर्जी, विधवा भत्ता’ जैसे कीवर्ड्स को टाइम टूल की मदद से 2022 की ख़बरों में सर्च किया। हमें यह असली वीडियो गेट्टी इमेजेज की वेबसाइट पर 23 मार्च 2022 को अपलोड मिला। यहां साफ सुना जा सकता है कि जब तक बैकग्राउंड में राष्ट्रगान की धुन बज रही है, तब तक ममता बनर्जी वहां खड़ी रहती हैं। और राष्ट्रगान खत्म होने के बाद ही वहां से जाती हैं। इस वीडियो के कैप्शन में बताया गया कि यह 23 मार्च, 2022 को कोलकाता में नेताजी इंडोर स्टेडियम में रिकॉर्ड किया गया वीडियो था, जहां ममता बनर्जी ने विधवा पेंशन योजना के लिए एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें यह वीडियो और भी कई जगह मिला, जहां देखा जा सकता है कि जब तक बैकग्राउंड में राष्ट्रगान बज रहा है, तब तक ममता बनर्जी वहां खड़ी रहती हैं।

इस बारे में कोलकाता में दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार जेके बाजपेयी ने भी बताया कि वीडियो 2022 का कोलकाता का है और राष्ट्रगान के बीच में ममता बनर्जी के जाने की बात फर्जी है। “

फर्जी दावा करने वाले यूजर “डॉ सुधांशु त्रिवेदी अनऑफिसियल ग्रुप” की प्रोफाइल को स्कैन करने पर हमने पाया कि इस ग्रुप के लगभग 6 लाख मेंबर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज की जांच में पता चला कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का वायरल वीडियो एडिटेड है और राष्ट्रगान खत्म होने से पहले उनके मंच छोड़ने का दावा फर्जी है। असली वीडियो 23 मार्च 2022 का है, जिसमें स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि ममता बनर्जी राष्ट्रगान समाप्त होने तक मंच पर खड़ी थीं और उसके खत्म होने के बाद ही मंच से नीचे उतरी थीं।

  • Claim Review : ममता बनर्जी ने राष्ट्रगान खत्म होने से पहले छोड़ा मंच
  • Claimed By : Facebook page
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later