X
X

Fact Check: बिहार विधानसभा पर नहीं हुआ आतंकी हमला, मॉकड्रिल की घटना को गलत दावे से किया जा रहा शेयर

सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए बिहार विधानसभा पर आतंकी हमले का मॉकड्रिल किया गया था। इसी सुरक्षा अभ्यास के वीडियो को सोशल मीडिया यूजर्स आतंकी हमले के फेक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कई अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए जा रहे पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि बिहार विधानसभा पर आतंकी हमला हुआ है। दावा किया जा रहा है कि इस हमले में शामिल सभी आतंकवादियों को सफलतापूर्वक मार गिराया गया।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। चार जून को बिहार विधानसभा परिसर में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया था  इसी दौरान कुछ लोग विधानसभा परिसर में हथियार के साथ घुसे और फिर सुरक्षा बलों ने उन्हें पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया। इसी अभ्यास के वीडियो को कई यूजर्स बिहार विधानसभा में आतंकी हमले का बताकर शेयर कर रहे हैं।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Live10 Bharat’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “बिहार विधानसभा में हुआ आतंकी हमला!”

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट।

पड़ताल

इसी आधार पर न्यूज सर्च में हमें ऐसी कई रिपोर्ट्स मिली, जिसमें बिहार विधानसभा में मॉकड्रिल के आयोजन का जिक्र है। प्रभात खबर की रिपोर्ट के मुताबिक, “बिहार विधानसभा परिसर में बुधवार को मॉकड्रील की गई है। मॉकड्रील के दौरान यह बताया गया की आपातकालीन स्थितियों में कैसे निपटा जाएगा। इस मॉकड्रील एक्सरसाइज के दौरान 6 से 7 की संख्या में लोग अचानक परिसर में घुस आए और सीधे सेंट्रल हॉल की ओर बढ़ गए। ड्यूटी पर तैनात मार्शलों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन भारी हथियारों से लैस लोगों ने उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।”

इंडिया टीवी की रिपोर्ट में इस मॉक ड्रिल के आयोजन के विजुअल को देखा जा सकता है।

मॉकड्रिल का उद्देश्य बिहार विधानसभा की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेना था।

गौरतलब है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश भर में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया था। न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार ने सबसे पहले सात मई को देश भर में मॉकड्रिल कराए जाने का निर्देश दिया था और इसी दौरान सात और आठ मई की रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत कार्रवाई करते हुए सरकार ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाली कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया था।

इसके बाद से देश के अलग-अलग राज्यों में समय-समय पर मॉकड्रिल का आयोजन किया जाता रहा है। करीब एक हफ्ते पहले ही भारत के पांच सीमावर्ती राज्यों में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया था।

जागरण.कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन शील्ड के तहत इस मॉकड्रिल का आयोजन जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान,गुजरात के साथ हरियाणा में किया गया।

वायरल दावे को लेकर हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण, पटना के समाचार संपादक अश्विनी कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “बिहार विधानसभा में कोई आतंकी हमला नहीं हुआ, बल्कि सुरक्षा तैयारियों को जांचने के लिए मॉकड्रिल का आयोजन किया गया था।”

वायरल पोस्ट को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 60 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए बिहार विधानसभा पर आतंकी हमले का मॉकड्रिल किया गया था। इसी सुरक्षा अभ्यास के वीडियो को सोशल मीडिया यूजर्स आतंकी हमले के फेक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

  • Claim Review : बिहार विधानसभा में हुआ आतंकी हमला!
  • Claimed By : FB User-Live10 Bharat
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later