Fact Check: कार और बाइक सवार के बीच हुए विवाद के वीडियो को बिहार चुनाव से जोड़कर किया जा रहा वायरल
कार और बाइक के बीच हुई टक्कर के विवाद के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 12, 2025 at 05:01 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से जोड़कर एक वीडियो को तेजी से वायरल किया जा रहा है। इस वीडियो में कुछ लोगों को एक शख्स से लड़ते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि बिहार में वोट मांगने गए नेता को लोगों ने पीट दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो बिहार के गया जिला के गांव मथुरापुर में हुए एक विवाद का है। दरअसल, कार और बाइक के बीच टक्कर हो गई थी। उसी विवाद के वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘पत्रकार रमाशंकर दुबे’ ने 4 नवंबर 2025 को इस वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बिहार मे रचा इतिहास जिते हुए सासद दोबारा आया भोट माग्ने तो जन्ता ने किया राम धुलाई।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन ‘Jitukumar Dangi’ नाम के फेसबुक अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 27 अक्टूबर 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो बिहार के मथुरापुर घटेरा में हुई मारपीट की एक घटना का है।

वीडियो को ध्यान से देखने पर हमें हमने पाया कि सर्वोत्तम क्लासेस के बोर्ड पर फोन नंबर दिखा। हमने इस नंबर पर कॉल कर बातचीत की। इस सेंटर को चलाने वाले एक युवक ने हमें बताया कि यह वीडियो गया के एक गांव मथुरापुर का है। कार और बाइक वाले के बीच यहां टक्कर हो गई थी। इसी वजह से विवाद हो गया था और लोगों ने कार वाले को पीटना शुरू कर दिया था।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से इस घटना के बारे में सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी जानकारी public app पोर्टल पर मिली। इस पोर्टल पर 30 अक्टूबर 2025 को एक पोस्ट को शेयर करते हुए बताया गया है, “गुरारू थाना क्षेत्र में एक कार चालक से मोटरसाइकिल सवारों द्वारा गाली-गलौज कर 60 हजार रुपये लूट लेने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में कोंच थाना क्षेत्र के ग्राम बैंकठपुर निवासी रामजीत कुमार (उम्र 34 वर्ष), पिता केशव यादव ने गुरारू थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज गुरुवार को दोपहर 3 बजे कराया है। उन्होंने बताया कि वे 27 अक्टूबर को कार से जा रहे थे।”

हमने जागरण के ई-पेपर सेक्शन में भी इस बारे में खंगालना शुरू किया। हमें दावे से जुड़ी एक खबर 31 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, “गुरारू थाना क्षेत्र के मथुरापुर बाजार में 27 अक्टूबर को कार और बाइक की हल्की टक्कर के बाद, बाइक सवार ने कार को रोककर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान कार चालक से 60 हजार रुपये नकद, सोने की चेन और मोबाइल छीन लिया गया। पीड़ित रामजीत कुमार, जो कोंच थाना क्षेत्र के बैकठपुर गांव का निवासी है, ने गुरारू थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी कराई। उन्होंने बताया कि वह रफीगंज से मथुरापुर आ रहा था, तभी मथुरापुर के पास उसकी कार को एक बाइक ने पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद बाइक सवार ने मथुरापुर बाजार में घटना को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया है। आरोपितों में चन्द्रौही गांव के प्रिंस कुमार, असनी गांव के अरुण कुमार, भोला चंद्रवंशी और विनय चंद्रवंशी शामिल हैं।”

अधिक जानकारी के लिए हमने इस स्टोरी को कवर कर चुके दैनिक जागरण गुरारू के रिपोर्टर आशीष कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि इस घटना का बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से कोई संबंध नहीं है। असल में एक कार और बाइक के बीच टक्कर हो गई थी। यह वीडियो उसी विवाद का है। कार सवार कोई नेता नहीं है। इस घटना को लेकर हुई एफआईआर की कॉपी भी उन्होंने हमारे साथ शेयर की।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यह यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि कार और बाइक के बीच हुई टक्कर के विवाद के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : बिहार में वोट मांगने आए नेता को लोगों ने पीटा।
- Claimed By : FB User पत्रकार रमाशंकर दुबे
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












