Fact Check: सीमा कुशवाहा और चिराग पासवान का वीडियो पुराना, बिहार चुनाव 2025 से जोड़कर किया जा रहा वायरल
सीमा कुशवाहा और चिराग पासवान के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2023 का है और एक कार्यक्रम के दौरान का है। इसका हालिया बिहार चुनाव से कोई संबंध नहीं है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Oct 15, 2025 at 03:13 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव की तारीखों का एलान हो चुका है। सभी राजनीतिक दल सीट वितरण को लेकर चर्चा कर रही हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की नेता सीमा कुशवाहा के साथ बैठे हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर हालिया बिहार चुनाव 2025 से जोड़ते हुए दावा किया जा रहा है कि आरजेडी से टिकट न मिलने पर वो चिराग पासवान के साथ आ गई।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2023 का एक कार्यक्रम के दौरान का है। इसका हालिया बिहार चुनाव से कोई संबंध नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Rishabh Dubey’ ने 12 अक्टूबर 2025 वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “तेजस्वी भगा दिया तो क्या हुआ अपना चिराग है ना कुछ भी हो सीमा जी को टिकट मिलना चाहिए।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो chirag music world नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 7 फरवरी 2023 को शेयर किया गया था। हमें अन्य अकाउंट पर भी यह वीडियो 2023 में शेयर हुआ मिला।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक पोस्ट चिराग पासवान की पार्टी Lok Janshakti के आधिकारिक पेज पर मिली। तस्वीर को फरवरी 2023 को शेयर किया गया था। कैप्शन के अनुसार, “आज रोहतास के सोन डिहरा में शहीद दरोगा विरेन्द्र कुमार पासवान जी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री Chirag Paswan जी। श्री चिराग पासवान जी ने सभास्थल पर उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित किया।”

प्रभात खबर की वेबसाइट पर 14 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “टिकट मिलने के सवाल पर सीमा कुशवाहा ने बड़ा बयान भी दिया है। सीमा कुशवाहा ने पार्टी से टिकट मिलने की उम्मीद जताई है। इसके साथ ही उन्होंने महागठबंधन की जीत को लेकर दावा किया था कि इस बार हमारी सरकार बनकर रहेगी और तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। साथ ही मुकेश सहनी के सवाल पर कहा, इसी गठबंधन में सब कोई रहेंगे। सब ठीक हो जायेगा।”
आजतक की वेबसाइट पर 15 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “कांग्रेस 60 से ज्यादा सीटें मांग रही है और मनपसंद वाली सीटें चाहती है. आरजेडी ने कांग्रेस के लिए 58 सीटों की लिमिट तय की है। कांग्रेस बिहार की 65 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। सीटों की संख्या को लेकर कांग्रेस और आरजेडी में जबरदस्त तकरार देखने को मिल रही है। इसके अलावा मुकेश सहनी भी 20 सीटें मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें 18 सीटें देने की बात आ रही है। इस बीच कांग्रेस कम से कम 138 सीटें अपने पास रखना चाहती है। इस तरह कांग्रेस और आरजेडी के बीच शह-मात का खेल चल रहा है। आरजेडी ने भी 40 सीटों पर सिंबल बांट दिया है, पर कांग्रेस के साथ सहमति नहीं बन पा रही।”

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को पुराना बताया है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को महाराष्ट्र का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सीमा कुशवाहा और चिराग पासवान के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2023 का है और एक कार्यक्रम के दौरान का है। इसका हालिया बिहार चुनाव से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : RJD से टिकट न मिलने पर चिराग पासवान से मिली सीमा कुशवाहा।
- Claimed By : FB User Rishabh Dubey
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












