Fact Check: RJD नेता सीमा कुशवाहा के रोने का यह वीडियो बिहार चुनाव 2025 से संबंधित नहीं, गलत दावा हुआ वायरल
सीमा कुशवाहा के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में सीमा कुशवाहा का वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2020 का है। उस दौरान वो आरजेडी के साथ नहीं, बल्कि रालोसपा पार्टी के साथ जुड़ी हुई थी
- By: Pragya Shukla
- Published: Oct 10, 2025 at 01:33 PM
- Updated: Oct 10, 2025 at 04:50 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। चुनाव आयोग ने बिहार चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। बिहार में दो चरणों में 6 नवंबर और 11 नवंबर को मतदान किया जाएगा। जबकि परिणाम की घोषणा 14 नवंबर को होगी। इसी से जोड़ते हुए आरजेडी नेता सीमा कुशवाहा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सीमा कुशवाहा को रोते हुए और टिकट के बारे में बात करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हालिया बिहार चुनाव के दौरान का है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने उन्हें टिकट देने से इनकार कर दिया। इसलिए उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में सीमा कुशवाहा का वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2020 का है। उस दौरान वो आरजेडी के साथ नहीं, बल्कि राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के साथ जुड़ी हुई थी। रालोसपा से टिकट न मिलने पर उन्होंने वीडियो जारी कर अपनी नराजगी जाहिर की थी। पुराने वीडियो को गलत दावे से साथ बिहार चुनाव 2025 से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। रालोसपा का साल 2021 में जेडीयू में विलय हो गया था।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Samar Pratap’ ने 9 अक्टूबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “नहीं रही सीमा कुशवाहा “राजद मे”! सोशल मिडिया पर लाखों फ़ॉलोवर सीमा कुशवाहा टिकट के लिए पहुँची थी तेजस्वी यादव के पास! तेजस्वी यादव ने इस्तीफा लेकर बैरंग लौटाया! रो-रो कर हुआ बुरा हाल, सुनाई आपबीती!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो News One 11 नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 7 अक्टूबर 2020 को शेयर किया गया था। कैप्शन के मुताबिक, “सीमा कुशवाहा ने उपेंद्र कुशवाहा पर लगाया गंभीर आरोप।”
फेसबुक पर भी हमें यह वीडियो साल 2020 में अपलोड हुआ मिला।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ईटीवी भारत की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 6 अक्टूबर 2020 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, सीमा कुशवाहा रालोसपा पार्टी के साथ जुड़ी हुई थी। लेकिन पार्टी ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं दिया, जिसके बाद उन्होंने नाराज होकर वीडियो बनाकर रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा पर कई गंभीर आरोप लगाये।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी एक पोस्ट सीमा कुशवाहा के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। पोस्ट को 7 अक्टूबर 2020 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, टिकट न मिलने पर वो रालोसपा का साथ छोड़ जन अधिकार पार्टी के साथ जुड़ गई थी। उन्होंने करगहर विधानसभा से सासाराम में नामांकन भरा था।
सीमा कुशवाहा के नामांकन भरने का वीडियो हमें Media Darshan नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 8 अक्टूबर 2020 को शेयर किया गया था।
सीमा कुशवाहा ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वायरल दावे का खंडन करते हुए एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने 10 अक्टूबर 2025 को वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “जो वीडियो वायरल हो रहा है पुराना 2020 का वीडियो है इस बार 2025 में माननीय तेजस्वी यादव जी को हर हाल में बिहार के मुख्यमंत्री बनाना है..।”
नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 22 जुलाई 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “सबसे पहले सीमा कुशवाहा मुकेश साहनी की वीआईपी पार्टी का हिस्सा थीं। इसके बाद उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को ज्वाइन किया। फिर जुलाई 2023 में उन्होंने राजद (राष्ट्रीय जनता दल) का दामन थाम लिया।”
एनडीटीवी की वेबसाइट पर 14 मार्च 2021 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी की जनता दल यूनाइटेड में विलय हो गई थी। इसी के साथ उपेंद्र कुशवाहा की जेडीयू में वापसी हो गई थी। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे थे।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो पुराना है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब सात हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को बिहार का रहने वाला बताया है। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सीमा कुशवाहा के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में सीमा कुशवाहा का वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2020 का है। उस दौरान वो आरजेडी के साथ नहीं, बल्कि रालोसपा पार्टी के साथ जुड़ी हुई थी। रालोसपा से टिकट न मिलने पर उन्होंने वीडियो जारी कर अपनी नराजगी जाहिर की थी। पुराने वीडियो को गलत दावे से साथ बिहार चुनाव 2025 से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : RJD नेता सीमा कुशवाहा टिकट न मिलने पर रो पड़ी और शेयर किया वीडियो।
- Claimed By : FB User Samar Pratap
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












