Fact Check: राजस्थान में महिलाओं की रैली का पुराना वीडियो नीतीश कुमार के हिजाब मामले से जोड़कर वायरल
राजस्थान के डीडवाना में भूमि आवंटन को लेकर महिलाओं ने नवंबर में रैली निकाली थी। उस वीडियो को हिजाब मामले में नीतीश कुमार के विरोध का बताकर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Dec 18, 2025 at 12:50 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हाल ही में एक कार्यक्रम में महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने का आरोप लगा था। इस मामले से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें मुस्लिम महिलाओं को रैली निकालते हुए दिखाया गया है। कुछ यूजर्स वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि हिजाब मामले में डीडवाना, राजस्थान में मुस्लिम महिलाओं ने नीतीश कुमार के खिलाफ रैली निकाली है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि नवंबर में राजस्थान के डीडवाना में महिलाओं ने कस्टोडियन जमीनों को सरकारी घोषित करने और आवंटन के विरोध में रैली निकाली थी। उस मामले के वीडियो को हिजाब मामले का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर taj_mohammed_9318_ ने 17 दिसंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर नीतीश कुमार की तस्वीर भी लगी हुई है और लिखा है, “किसान महापड़ाव नारी शक्ति का गूंजता विरोध डीडवाना में नई लहर!“
वीडियो के साथ में लिखा है, “नीतीश कुमार गलती मैन“।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर noor_discovery ने 25 नवंबर को इस वीडियो को शेयर किया है। इसके साथ में लिखा है, “किसान महापड़ाव नारी शक्ति का गूंजता विरोध डीडवाना में नई लहर!”

फेसबुक अकाउंट ‘सच बेधड़क’ पर 21 नवंबर को इस रैली से संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया है। इसके अनुसार, डीडवाना में सरकार और जिला प्रशासन के हालिया आवंटन संबंधी आदेश के खिलाफ महिलाओं ने रैली निकाली। कस्टोडियन विवाद को लेकर कुछ दिन से आंदोलन चल रहा है।

एनडीटीवी राजस्थान की वेबसाइट पर 20 नवंबर को छपी खबर में भी महिलाओं की रैली की तस्वीर अपलोड की गई है। इसके मुताबिक, राजस्थान के डीडवाना कलेक्ट्रेट के सामने कस्टोडियन जमीनों को सरकारी घोषित करने और हाल ही में हुए आवंटन के विरोध में आंदोलन चल रहा है। इसमें अब महिलाएं भी शामिल हो गई हैं। आक्रोश रैली महापड़ाव स्थल से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक पहुंची।

राजस्थान पत्रिका की वेबसाइट पर 17 दिसंबर को छपी खबर के अनुसार, “15 दिसंबर को पटना में आयुष चिकित्सकों के कार्यक्रम का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें नीतीश कुमार को एक महिला डॉक्टर का हिजाब हटाते हुए दिखाया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद विवाद छिड़ गया है। वहीं, घटना के बाद महिला डॉक्टर बिहार छोड़कर अपने परिजनों के पास कोलकाता चली गई है।”

इससे साबित होता है कि महिलाओं की रैली का वीडियो हिजाब मामले से पहले का है।
इस बारे में हमने राजस्थान के स्थानीय टीवी पत्रकार संतोष पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इस वीडियो का हिजाब मामले से कोई संबंध नहीं है।
पुराने वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 11 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: राजस्थान के डीडवाना में भूमि आवंटन को लेकर महिलाओं ने नवंबर में रैली निकाली थी। उस वीडियो को हिजाब मामले में नीतीश कुमार के विरोध का बताकर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : हिजाब मामले में डीडवाना, राजस्थान में मुस्लिम महिलाओं ने नीतीश कुमार के खिलाफ रैली निकाली है।
- Claimed By : Insta User- taj_mohammed_9318_
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












