X
X

Fact Check: भाजपा के रविंद्र चव्हाण ने नहीं छुए AIMIM नेता के पैर, वायरल पोस्ट में दिख रहे व्यक्ति हैं सिंधी उपदेशक

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल पोस्ट में किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो में बीजेपी नेता रविंद्र चव्हाण किसी AIMIM नेता के नहीं, बल्कि सिंधी आध्यात्मिक गुरु साईं छोटूराम के पैर छू रहे हैं।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Jan 15, 2026 at 02:22 PM
  • Updated: Jan 16, 2026 at 11:54 AM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। आज 15 जनवरी 2026 को महाराष्ट्र में निकाय चुनावों के लिए मतदान चल रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण एक AIMIM नेता के पैर छू रहे हैं।

पड़ताल में यह दावा गलत पाया गया। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति कोई राजनेता या AIMIM के सदस्य नहीं है, बल्कि एक सिंधी आध्यात्मिक गुरु हैं।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर ‘आज का हरियाणा‘ ने 12 जनवरी 2026 को वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर किया और साथ में लिखा “BMC चुनाव में बीजेपी और AIMIM का गठबंधन। देखें बीजेपी के रविंद्र चव्हाण MIM नेता के पैर छूते हुए।।” कुछ पोस्ट्स में सिर्फ स्क्रीनशॉट शेयर किया जा रहा है और कुछ पोस्ट्स में पूरा वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण को झुक कर एक व्यक्ति के पैर छूते हुए देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए वीडियो के कीफ्रेम्स को  गूगल लेंस की मदद से गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो सबसे पहले love_you_sai_chhoturam नाम के इंस्टाग्राम पेज पर 8 जनवरी 2026 को अपलोड मिला। साथ में लिखा था, “छोटे नवाब साईं छोटूराम साहब महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी और श्री रविंद्र चव्हाण जी के साथ।” यहाँ इसे उल्हासनगर का बताया गया।

सर्च करने पर हमें पता चला कि साईं छोटूराम एक सिंधी संत और आध्यात्मिक गुरु हैं, जो सिंधी भाषा में अपने भक्ति संगीत के लिए जाने जाते हैं और महाराष्ट्र  के उल्हासनगर में साईं वासन शाह दरबार से जुड़े हुए हैं। पेज पर मौजूद उनके फोटो भी वायरल वीडियो वाले व्यक्ति से मिल रहे  हैं।

हमने इस विषय में सीधा साईं वासन शाह दरबार से संपर्क किया, जहाँ हमें बताया गया कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति साईं छोटूराम हैं और वे एक सिंधी संत  हैं, जो एक हिन्दू परिवार से आते हैं। वह किसी भी राजनीतिक पार्टी का हिस्सा नहीं हैं।

साईं वासन शाह दरबार द्वारा हमें बताया गया कि वायरल वीडियो 7 जनवरी 2026 का है, जब म्युनिसिपल कॉरपोरेशन  चुनावों के कैंपेन के दौरान उल्हासनगर में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और रविंद्र चव्हाण ने एक पब्लिक रैली को संबोधित किया था। यहाँ साईं छोटूराम भी मौजूद थे।

वायरल वीडियो में भी एक फ्रेम में बैकग्राउंड में जागीर सभा, बुधवार 7 जनवरी, 4 pm, लिखा देखा जा सकता है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का यूट्यूब चैनल जांचने पर हमें इस जनसभा का पूरा वीडियो 7 जनवरी 2026 को लाइवस्ट्रीम किया गया मिला। यहां बैकग्राउंड हूबहू वायरल वीडियो से मिलता हुआ है। यहाँ भी इसे उल्हासनगर में हुई जनसभा का बताया गया।

https://twitter.com/Dev_Fadnavis/status/2008876212064772520

कीवर्ड्स से ढूँढ़ने पर हमें उल्हासनगर में 7 जनवरी को हुई इस जनसभा को लेकर कई खबरें मिलीं। कहीं भी जनसभा में AIMIM के किसी नेता के शामिल होने की कोई खबर नहीं थी।

महाराष्ट्र में चल रही है BMC चुनाव के लिए वोटिंग

बताते चलें कि आज 15 जनवरी 2026 को महाराष्ट्र की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत कुल 29 नगर निगमों के लिए मतदान चल रहा है, जिसके परिणाम 16 जनवरी, 2026 को घोषित किए जाएंगे। सुबह 7:30 बजे से शुरू हुई इस वोटिंग प्रक्रिया में मुंबई के लगभग 1.03 करोड़ मतदाता 227 वार्डों के उम्मीदवारों का भविष्य तय कर रहे हैं।

जांच के अंत में फर्जी दावा करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि फेसबुक यूजर आज का हरियाणा के लगभग 5000 फॉलोअर्स  हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल पोस्ट में किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो में बीजेपी नेता रविंद्र चव्हाण किसी AIMIM नेता के नहीं, बल्कि सिंधी आध्यात्मिक गुरु साईं छोटूराम के पैर छू रहे हैं।

  • Claim Review : रवींद्र चव्हाण ने छुए AIMIM नेता के पैर
  • Claimed By : Facebook user 'Aaj Ka Haryana'
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later