Fact Check: CJP के अनशन में भाजपा नेत्री मेनका गांधी नहीं, उनकी बहन अंबिका शुक्ला हुईं शामिल
सीजेपी के अनशन में भाजपा नेत्री मेनका गांधी की बहन अंबिका शुक्ला पहुंची थीं। अनशन में मेनका गांधी के शामिल होने का दावा गलत है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jul 15, 2026 at 04:44 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) का 20 जून 2026 से दिल्ली के जंतर मंतर पर अनशन चल रहा है, जिसमें सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी जैसी दिखने वाली एक महिला को अनशन पर बैठे हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि इस अनशन के समर्थन में मेनका गांधी जंतर मंतर पर पहुंची हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की तो पता चला कि जंतर मंतर पर 12 जुलाई 2026 को मेनका गांधी नहीं, बल्कि उनकी बहन अंबिका शुक्ला पहुंची थीं। उनके वीडियो को यूजर्स भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘Dr. Om Sudha’ ने 13 जुलाई 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “काक्रोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट में पहुंचकर मेनका गांधी ने मामले को दिलचस्प बना दिया है।”
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से गूगल पर इस बारे में सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली। हां, सर्च में हमें यूट्यूब चैनल ‘Dynamite News’ पर 12 जुलाई 2026 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। इसके अनुसार, मेनका गांधी की बहन अंबिका शुक्ला ने सीजेपी के प्रदर्शन में पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया।
‘नेशनल दस्तक’ यूट्यूब चैनल पर भी 13 जुलाई 2026 को अपलोड किए गए वीडियो में बताया गया है कि मेनका गांधी की बहन अंबिका शुक्ला जंतर मंतर पर अनशन में पहुंचीं। अंबिका भी पशु कल्याण के लिए कार्य करती हैं। उन्होंने सीजेपी के अनशन का समर्थन किया है।
इंस्टाग्राम यूजर ‘ambika_shukla10’ के अकाउंट से 12 जुलाई 2026 को ‘डायनामाइट न्यूज’ की क्लिप को शेयर किया गया था।
इसी अकाउंट से 14 जुलाई 2026 को अंबिका शुक्ला ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने जंतर मंतर पर पशु कल्याण का संदेश भी दिया।

इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण’ की तरफ से जंतर मंतर पर अनशन कवर कर रहे रिपोर्टर नेमिश हेमंत से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वहां अंबिका शुक्ला आई थीं।
क्या है संदर्भ?
‘जागरण डॉट कॉम’ की 12 जुलाई 2026 की एक खबर के अनुसार, देश में परीक्षाओं में अनियमितताओं के मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने 20 जून 2026 को दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया था। इसके बाद सोनम वांगचुक 28 जून 2026 को इसमें शामिल हुए थे। सोनम वांगचुक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं।
15 जुलाई 2026 को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, भूख हड़ताल के 18वें दिन सोनम वांगचुक का वजन 8.9 किलोग्राम कम हो चुका है। उनका ब्लड प्रेशर 105/76 है।
वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। मार्च 2021 में बने इस अकाउंट के 33 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: सीजेपी के अनशन में भाजपा नेत्री मेनका गांधी की बहन अंबिका शुक्ला पहुंची थीं। अनशन में मेनका गांधी के शामिल होने का दावा गलत है।
- Claim Review : CJP के अनशन के समर्थन में मेनका गांधी जंतर मंतर पर पहुंची हैं।
- Claimed By : X User- Dr. Om Sudha
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












