Fact Check : तेज प्रताप और तेजस्वी की तिरुपति के दर्शन की तस्वीर को गलत दावे से किया जा रहा वायरल
तेजस्वी और तेज प्रताप यादव की मुंडन की तस्वीर गलत दावे से वायरल हो रही है। दरअसल, लालू यादव पीठ में परेशानी से जूझ रहे थे। इसलिए उनको दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पर उनका ऑपरेशन सफल रहा और वो अब सही है। तेजस्वी और तेज प्रताप यादव की वायरल तस्वीर हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि साल 2023 की है। जब वो अपने परिवार के साथ तिरुपति बालाजी के दर्शन करने के लिए गये थे।
- By: Pragya Shukla
- Published: Apr 7, 2025 at 04:21 PM
- Updated: Apr 7, 2025 at 05:04 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें कुछ दिनों पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी से जोड़ते हुए उनके बेटे तेजस्वी और तेज प्रताप यादव की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में दोनों को सिर मुडाए हुए राबड़ी देवी के साथ खड़े देखा जा सकता है। इस तस्वीर को हाल का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव का निधन हो गया है। इसलिए दोनों ने बिना सिर मुंडवाया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। लालू यादव पीठ में परेशानी से जूझ रहे थे। इसलिए उनको दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पर उनका ऑपरेशन सफल रहा और वो अब सही है। तेजस्वी और तेज प्रताप यादव की वायरल तस्वीर हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि साल 2023 की है। जब वो अपने परिवार के साथ तिरुपति बालाजी के दर्शन करने के लिए गये थे।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘आगरा दुनिया’ ने 4 अप्रैल 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “अरे हम तो सोच रहे थे कि आप दोनों के अब्बा जेल जाने से बचने के लिए कल झूठ मुठ के अस्पताल में एडमिट होकर मुंह पर ऑक्सीजन का मास्क लगा लिया था हमें क्या पता कि वो सच में..???लो मुंडन भी करा लिया और हमें बताया भी नहीं खैर छोड़ो…..हमें क्या…??? ॐ शान्ति ॐ।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 3 अप्रैल 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, लालू प्रसाद की पीठ और हाथ पर घाव हो गए थे। इसी परेशानी के कारण पहले उन्हें पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था और फिर दिल्ली एम्स में शिफ्ट कर दिया गया।
नवभारत टाइम्स की 5 अप्रैल 2025 को प्रकाशित एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली एम्स में लालू का ऑपरेशन सफलतापूर्वक सीनियर डॉक्टर्स ने कर दिया है। वो अब सही हैं।हालांकि, उन्हें अस्पताल से छुट्टी कब मिलेगी,इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर एबीपी न्यूज की एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट को 9 दिसंबर 2023 को प्रकाशित किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने पूरे परिवार के साथ तिरुपति बालाजी के दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। वहां पर तेजस्वी यादव ने अपनी बेटी कात्यायनी का मुंडन भी कराया था। रिपोर्ट में लालू यादव के परिवार की तिरुपति बालाजी के दर्शन करने की कई अन्य तस्वीरें भी मौजूद हैं।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल तस्वीर तेजस्वी यादव के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी मिली। तस्वीर को 9 दिसंबर 2023 को शेयर किया गया था। तेजस्वी यादव ने वायरल तस्वीरें के साथ कई अन्य तस्वीरों को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा था, “आज सवेरे आंध्र प्रदेश के तिरुमाला पर्वत स्थित उत्कृष्ट शिल्प कौशल के अद्भुत उदाहरण एवं भक्ति, विश्वास और श्रद्धा के प्रतीक भगवान श्री तिरुपति बालाजी मंदिर में सपरिवार पूजा-अर्चना व दिव्य दर्शन कर सकारात्मक ऊर्जा एवं आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गर्भगृह में विराजमान भगवान वेंकटेश्वर से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए मंगल प्रार्थना की। आज शादी की सालगिरह के विशेष दिन पर बेटी कात्यायनी का मुंडन संस्कार भी संपन्न हुआ।”
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के आरजेडी बीट को कवर करने वाले रिपोर्टर अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल तस्वीर करीब एक साल से ज्यादा पुरानी और तिरुपति बालाजी के दर्शन के समय की है।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को महाराष्ट्र का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया तेजस्वी और तेज प्रताप यादव की मुंडन की तस्वीर गलत दावे से वायरल हो रही है। दरअसल, लालू यादव पीठ में परेशानी से जूझ रहे थे। इसलिए उनको दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पर उनका ऑपरेशन सफल रहा और वो अब सही है। तेजस्वी और तेज प्रताप यादव की वायरल तस्वीर हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि साल 2023 की है। जब वो अपने परिवार के साथ तिरुपति बालाजी के दर्शन करने के लिए गये थे।
- Claim Review : तेज प्रताप और तेजस्वी ने सिर मुंडवाया।
- Claimed By : FB User Agra Duniya
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












