Fact Check : नीतीश कुमार को बधाई देने साइकिल पर नहीं गए तेज प्रताप, पुराना वीडियो गलत दावे के साथ वायरल
साइकिल चलाते तेज प्रताप यादव का वायरल वीडियो मार्च 2023 का है। इसका बिहार चुनाव से कोई संबंध नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Nov 28, 2025 at 01:26 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव के बाद सोशल मीडिया पर राज्य के पूर्व स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण और जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उनको साइकिल चलाते देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद तेज प्रताप साइकिल से उन्हें बधाई देने विधानसभा पहुंचे।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि यह वीडियो दो साल से ज्यादा समय से इंटरनेट पर मौजूद है। इसे खुद तेज प्रताप ने मार्च 2023 में शेयर किया था। अब पुराने वीडियो को बिहार चुनाव के बाद शेयर कर गलत दावा किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर citylive.india ने 22 नवंबर को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देने बिहार विधानसभा साइकिल से पहुंचे तेज प्रताप यादव”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। Tej Pratap Yadav ने अपने एक्स हैंडल से 5 मार्च 2023 को इस वीडियो को शेयर किया है। हालांकि, इसके साथ में उन्होंने और कोई जानकारी शेयर नहीं की है।
इससे इतना तो साफ हो गया कि वायरल वीडियो दो साल से ज्यादा समय से इंटरनेट पर मौजूद है।
इसके बाद हमने कीवर्ड से भी इसे बारे में गूगल पर सर्च किया। दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 6 मार्च 2023 को इस बारे में खबर छपी है। इसमें भी वायरल क्लिप के हिस्से को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री हाल के दिनों में साइकिल से अपने दफ्तर और अरण्य भवन पहुंचे थे। अब उन्होंने साइकिल चलाते हुए एक और वीडियो शेयर किया है।
Live Cities Media Private Limited के यूट्यूब चैनल पर 2 मार्च 2023 को एक वीडियो स्टोरी अपलोड की गई है। इसमें भी तेज प्रताप को साइकिल चलाते हुए देखा जा सकता है। खबर के मुताबिक, तेज प्रताप साइकिल से विधानसभा पहुंचे।
इस वीडियो और वायरल वीडियो में तेज प्रताप और उसके साथ चल रहे दोनों व्यक्तियों को देखा जा सकता है।

20 नवंबर को तेज प्रताप के एक्स हैंडल से पोस्ट कर नीतीश कुमार को सीएम पद की शपथ लेने पर बधाई दी गई है।
बिहार तक के यूट्यूब चैनल पर 21 नवंबर को अपलोड वीडियो न्यूज के अनुसार, नीतीश कुमार ने सीएम पद की शपथ ले ली है। इसके बाद तेज प्रताप ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर उनको बधाई दी।
इस बारे में हमने पटना दैनिक जागरण के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने वीडियो को पुराना बताया।
पुराने वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 14 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: साइकिल चलाते तेज प्रताप यादव का वायरल वीडियो मार्च 2023 का है। इसका बिहार चुनाव से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद तेज प्रताप साइकिल से उन्हें बधाई देने विधानसभा पहुंचे।
- Claimed By : Insta User- citylive.india
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












