Fact Check: सेल्फी लेने पहुंचे युवक को दूर धकेलते तेजस्वी यादव का वीडियो हाल का नहीं, बल्कि 2020 का है
सेल्फी लेने पहुंचे युवक को दूर धकेलते तेजस्वी यादव का वीडियो हाल का नहीं, बल्कि 2020 का है, जिसे हालिया चुनावी संदर्भ में भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Nov 4, 2025 at 04:20 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान से पहले सोशल मीडिया पर तेजस्वी यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि चुनाव प्रचार के दौरान जब समर्थक सेल्फी लेने के लिए तेजस्वी यादव के पास पहुंचें, तब उन्होंने उसे नचाते हुए दूर धकेल दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल वीडियो का मौजूदा बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार से कोई संबंध नहीं है। 2020 के पुराने वीडियो को हालिया बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘almighty_avinash’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “तेजस्वी यादव का एक समर्थक उनके साथ सेल्फी लेने पहुंचा। भावी मुख्यमंत्री ने अपना बल दिखाया और समर्थक को घुमा के धकिया दिया।समर्थक को समझना चाहिए कि जो आदमी हेलीकॉप्टर से उतरता है, वो आप जैसे “फैन” को “पंखा” बनाकर उड़ा देगा।”
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो के आधार पर सर्च करने पर हमें यह वीडियो टीवी9 भारतवर्ष के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मिला, जिसे पांच वर्ष पहले शेयर किया गया है।
दी गई जानकारी के मुताबिक, “बिहार में चुनावी सभा के दौरान गुस्से में आए तेजस्वी याव ने सेल्फी लेने वाले युवक को घुमाकर पीछे फेंक दिया।”
कई अन्य यू-ट्यूब चैनलों पर यह वीडियो समान संदर्भ में मौजूद है।
यानी हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो हाल का नहीं, बल्कि 2020 के चुनाव प्रचार के दौरान का है। वीडियो को लेकर हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण के पटना के स्थानीय संपादक अश्विनी कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह हाल का वीडियो नहीं है।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर चुका है। बिहार में इस बार दो चरणों में छह और 11 नवंबर को चुनाव होंगे और इसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।
बताते चलें कि चुनाव से पहले दोनों गठबंधनों के बीच सीटों का बंटवारा फाइनल हो चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, एनडीए में जहां बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, वहीं चिराग पासवान की पार्टी को 29 सीटें दी गई हैं। जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
वहीं, महागठबंधन में सीटों का बंटवारा हो चुका है। न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, करीब एक दर्जन से अधिक सीटों पर घटक दलों के बीच दोस्ताना संघर्ष की स्थिति दिख रही है।
वायरल पोल को शेयर करने वाले यूजर को इंस्टाग्राम पर करीब 31 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। चुनाव से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के चुनाव और पॉलिटिक्स सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: सेल्फी लेने पहुंचे युवक को दूर धकेलते तेजस्वी यादव का वीडियो हाल का नहीं, बल्कि 2020 का है, जिसे हालिया चुनावी संदर्भ में भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : चुनाव प्रचार के दौरान सेल्फी लेने आए समर्थक को तेजस्वी यादव ने झटक कर दूर फेंका।
- Claimed By : Insta User- almighty_avinash
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












