X
X

Fact Check: बिहार में महागठबंधन को चुनावी बढ़त के दावे से वायरल आज तक का ओपिनियन पोल फेक है

बिहार चुनाव में महागठबंधन को बढ़त के साथ ‘आज तक’ के नाम से शेयर किया जा रहा ओपिनियन पोल फेक है। न्यूज चैनल की तरफ से ऐसा कोई पोल जारी नहीं किया गया है। बताते चलें कि बिहार में इस बार दो चरणों में छह और 11 नवंबर को चुनाव होंगे और इसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Nov 3, 2025 at 02:33 PM
  • Updated: Nov 3, 2025 at 06:10 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान से पहले सोशल मीडिया पर एक हिंदी न्यूज चैनल के नाम से ओपिनियन पोल को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के मुकाबले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की अगुआई वाले महागठबंधन को बढ़त मिलता नजर आ रहा है। इस कथित पोल में दलों को मिलने वाले सीटों की संख्या का भी जिक्र है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा ओपिनियन पोल फेक है, जिसे चुनाव पूर्व मतदाताओं को भ्रमित करने की मंशा से शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘MadhurYadav’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर किया है, जिसमें महागठबंधन को बढ़त का दावा करते हुए कहा गया है कि चुनाव प्रचार के अंतिम पड़ाव में सीटों की संख्या में और इजाफा ही होगा।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इसे समान संदर्भ में शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल पोस्ट में किए गए दावे के आधार पर हमें न्यूज सर्च में आज तक का ऐसा कोई ओपिनियन पोल नहीं मिला, जिसमें महागठबंधन को बढ़त का दावा किया गया हो।

हालांकि, सर्च में हमें 10 अक्तूबर को आज तक चैनल के सर्वे (ओपिनियन पोल) का वीडियो मिला, जिसमें बिहार में एसआईआर की प्रक्रिया के बाद चुनावी निष्पक्षता में इजाफा, नए वोटर लिस्ट से सबसे ज्यादा फायदा किसे होगा, किस गठबंधन के सीट बंटवारे में मुश्किल, बिहार चुनाव जीतने की रेस में कौन आगे है और बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए कौन बेहतर नेता समेत कई मुद्दों पर सीमित सैंपल के साथ पोल किया गया था।

आज तक का यह सर्वे सी वोटर के साथ में था, जिसमें मुख्यमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव, चिराग पासवान की लोकप्रियता को लेकर सर्वे किया गया था। कई अन्य यूजर्स ने इस सर्वे के निष्कर्ष को शेयर किया है।

इस पोल में दलों को मिलने वाले सीटों की संख्या के बारे में कोई अनुमान नहीं लगाया गया था। हालांकि, इस सर्वे में बिहार चुनाव जीतने की रेस में कौन आगे (एनडीए, महागठबंधन, जनसुराज) का जिक्र जरूर था।

यानी इस सर्वे में एनडीए और महागठबंधन के दलों को मिलने वाली सीटों को लेकर सर्वे के किसी अनुमान का जिक्र नहीं किया गया था। वायरल पोल को लेकर हमने आज तक के सीनियर एडिटर से संपर्क किया। उन्होंने इसे फेक करार देते हुए कहा, “आज तक ने ऐसा कोई ओपिनियन पोल नहीं चलाया है।”

गौरतलब है कि चुनाव आयोग बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर चुका है। बिहार में इस बार दो चरणों में छह और 11 नवंबर को चुनाव होंगे और इसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।

https://twitter.com/ECISVEEP/status/1975584396733522093

बताते चलें कि चुनाव से पहले दोनों गठबंधनों के बीच सीटों का बंटवारा फाइनल हो चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, एनडीए में जहां बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, वहीं चिराग पासवान की पार्टी को 29 सीटें दी गई हैं। जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।

वहीं, महागठबंधन में सीटों का बंटवारा हो चुका है। न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, करीब एक दर्जन से अधिक सीटों पर घटक दलों के बीच दोस्ताना संघर्ष की स्थिति दिख रही है।

वायरल पोल को शेयर करने वाले यूजर को एक्स पर करीब आठ हजार लोग फॉलो करते हैं। चुनाव से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के चुनाव और पॉलिटिक्स सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: बिहार चुनाव में महागठबंधन को बढ़त के साथ ‘आज तक’ के नाम से शेयर किया जा रहा ओपिनियन पोल फेक है। न्यूज चैनल की तरफ से ऐसा कोई पोल जारी नहीं किया गया है। बताते चलें कि बिहार में इस बार दो चरणों में छह और 11 नवंबर को चुनाव होंगे और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।

  • Claim Review : आज तक के ओपिनियन पोल में बिहार में एनडीए के मुकाबले महागठबंध को बढ़त।
  • Claimed By : X User- MadhurYadav
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later