Fact Check: UGC विरोध के नाम पर शेयर किया जा रहा CM योगी और रवि किशन का वीडियो असल में ‘GST बचत उत्सव’ का है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में दावा गलत पाया। गोरखपुर में सितंबर 2025 में जीएसटी सुधारों के समर्थन में व्यापारियों से संवाद करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रवि किशन के वीडियो को यूजीसी के नए नियमों के विरोध का बताकर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jan 28, 2026 at 02:53 PM
- Updated: Jan 28, 2026 at 06:19 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) के नए नियमों को लेकर देश के कुछ हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद रवि किशन को देखा जा सकता है। यूजर्स दावा कर रहे हैं कि दोनों नेता यूजीसी के नए नियमों का खुलकर विरोध कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में दावा फर्जी निकला। वायरल वीडियो का यूजीसी के नए नियमों से कोई लेना-देना नहीं है। यह वीडियो सितंबर 2025 का है, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रवि किशन गोरखपुर में जीएसटी (GST) सुधारों और कर कटौती के फायदों के बारे में व्यापारियों और ग्राहकों को जागरूक कर रहे थे।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर Ravi Tiwari ने 27 जनवरी 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया और लिखा “माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और सांसद रवि किशन जी #UGC का किया खुलकर विरोध। अब आप लोगो कि बारी है। #UGCrollback”।

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसके कीफ्रेम्स को गूगल लेंस के जरिये रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें इस वीडियो से जुड़ी कई खबरें सितंबर 2025 में पब्लिश मिलीं।
‘प्रभात खबर‘ और ‘दैनिक भास्कर‘ की रिपोर्ट में वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को इस्तेमाल किया गया है। ख़बरों के अनुसार, सितंबर 2025 में केंद्र सरकार ने कपड़ों और कई अन्य वस्तुओं पर जीएसटी की दरें घटाई थीं। इसी के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के सिटी मॉल और गोलघर बाजार का दौरा किया था। यहाँ मुख्यमंत्री व्यापारियों से मिले थे और सांसद रवि किशन उनके साथ मौजूद थे। यह पूरा कार्यक्रम ‘जीएसटी बचत उत्सव’ और व्यापारियों से संवाद का हिस्सा था, न कि किसी विरोध प्रदर्शन का।
हमने इस मामले की पुष्टि के लिए गोरखपुर में दैनिक जागरण के संवाददाता रजनीश त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने बताया, “यह वीडियो सितंबर 2025 का है, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर दौरे पर थे। उस समय जीएसटी काउंसिल ने कपड़ों पर टैक्स कम किया था, जिसके बाद सीएम व्यापारियों और आम जनता से संवाद करने बाजार निकले थे। इसका यूजीसी के किसी भी नियम या विरोध से कोई लेना-देना नहीं है।”
UGC के नए नियम क्या हैं?
यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) ने ‘विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (उच्च शिक्षा संस्थान में समता के संवर्धन हेतु) विनियम, 2026’ लागू किया है। इसका उद्देश्य शिक्षण संस्थानों में जाति, लिंग और दिव्यांगता के आधार पर होने वाले भेदभाव को रोकना है। हालांकि, यूजीसी के नए नियमों को लेकर कुछ संगठन विरोध कर रहे हैं।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर Ravi Tiwari के 9 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में दावा गलत पाया। गोरखपुर में सितंबर 2025 में जीएसटी सुधारों के समर्थन में व्यापारियों से संवाद करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रवि किशन के वीडियो को यूजीसी के नए नियमों के विरोध का बताकर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद रवि किशन ने किया UGC का खुलकर विरोध।
- Claimed By : Facebook User Ravi Tiwari
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












