X
X

Fact Check: हैदराबाद बीजेपी के विधायक टी राजा सिंह की गिरफ्तारी का वीडियो हाल का नहीं, 6 साल पुराना  

बीजेपी विधायक टी राजा सिंह की गिरफ्तारी के वीडियो को लेकर किए  जा रहे दावे को भ्रामक पाया। वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2019 का है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Jun 21, 2025 at 02:22 PM
  • Updated: Jun 21, 2025 at 02:47 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर तेलंगाना के हैदराबाद की गोशामहल विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक टी राजा सिंह का एक वीडियो यूजर्स जमकर शेयर कर रहे है। वीडियो में पुलिस को उन्हें ले जाते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि हैदराबाद में गैरकानूनी तरीके से बनी मस्जिद का विरोध करने पर उन्हें हाल ही गिरफ्तार किया गया है।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक निकला। वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2019 का है। साल 2019 में उन्होंने एक मस्जिद के पुनर्निर्माण का विरोध किया था। इसी दौरान उन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया था। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर Raju Devvanshi ने 17 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “हैदराबाद? में बनाईं जा रही गैरकानूनी मस्जिद विरोध करने पर एक लौटे हिन्दू विधायक टि राजा सिंह पर  निर्दयता से किया गया गिरफ्तार।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट एनडीटीवी डॉट कॉम की वेबसाइट पर 6 मई 2019 को ही प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, राजा सिंह अंबरपेट में एक मस्जिद के पुनर्निर्माण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस मामले को लेकर ही उन्हें हिरासत में लिया गया था।

ईटीवी भारतवर्ष और द न्यूज मिनट की वेबसाइट पर मई 2019 को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण के लिए ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) ने मस्जिद को तोड़ दिया था। इसके बाद वक्फ बोर्ड ने इसका विरोध किया था। इस मुद्दे को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गये थे। इसी दौरान एहतियात के तौर पर राजा सिंह को हिरासत में लिया गया था।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।

राजा सिंह ने भी वायरल वीडियो को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से 5 मई 2019 को शेयर किया था। 

सोशल मीडिया पर यह वीडियो पहले भी अलग-अलग दावों के साथ वायरल हो चुका है। उस दौरान विश्वास न्यूज ने दावे की पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। उस समय हमने हैदराबाद के टीवी9 के पत्रकार नूर मोहम्मद के संपर्क कर बातचीत की थी।  उन्होंने बताया, ‘बीजेपी विधायक राजा सिंह की गिरफ्तारी का यह वीडियो पुराना है।’ पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वायरल वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब तीन हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में बीजेपी विधायक टी राजा सिंह की गिरफ्तारी के वीडियो को लेकर किए  जा रहे दावे को भ्रामक पाया। वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2019 का है। साल 2019 में उन्होंने एक मस्जिद के पुनर्निर्माण का विरोध किया था। इसी दौरान उन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया था। 

  • Claim Review : हैदराबाद में गैरकानूनी मस्जिद का विरोध करने पर विधायक टी राजा सिंह को गिरफ्तार किया गया।
  • Claimed By : FB User Raju Devvanshi
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later