Fact Check : प्रधानमंत्री मोदी की यह तस्वीर एडिटेड है, दुष्प्रचार की मंशा से फेक तस्वीर वायरल
विश्वास न्यूज की पड़ताल में पीएम मोदी और नीता अंबानी के नाम से वायरल तस्वीर फर्जी निकली। यह एक मॉर्फ्ड तस्वीर है। असली तस्वीर में दिल्ली में एक सामाजिक संस्था चलानी वाली दीपिका मंडल हैं।
- By Vishvas News
- Updated: May 31, 2022

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीता अंबानी से जुड़ी एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें पीएम मोदी को नीता अंबानी को झुककर कथित रूप से नमस्कार करते हुए देखा जा सकता है।विश्वास न्यूज की जांच में यह तस्वीर एडिटेड निकली। वायरल हो रही तस्वीर फेक है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दुष्प्रचार की मंशा से एडिट कर वायरल किया जा रहा है। मूल तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाजसेविका दीपिका मंडल को नमस्कार कर रहे हैं और इसी तस्वीर को एडिट कर दीपिका मंडल की जगह उसमें नीता अंबानी के चेहरे को जोड़ दिया गया है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर दीपक खत्री ने 27 मई को एक तस्वीर को पोस्ट किया। इस तस्वीर में कथित रूप से पीएम मोदी और नीता अंबानी को देखा जा सकता है। कई अन्य यूजर्स भी इस तस्वीर को मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है। फैक्ट चेक के उद्देश्य से फेसबुक पोस्ट के कंटेंट को ज्यों-का-त्यों लिखा गया है। इसके आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल रिवर्स इमेज टूल का इस्तेमाल किया। वायरल तस्वीर को इस टूल में अपलोड करके सर्च करने पर हमें ओरिजनल तस्वीर कई जगह मिलीं। वीटीवी नाम की एक गुजराती वेबसाइट में इस्तेमाल की गई तस्वीर में भी नीता अंबानी की जगह दूसरी महिला नजर आईं। इनका नाम दीपिका मंडल है। दीपिका दिल्ली के दिव्य ज्योति एनजीओ में महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है।
सर्च के दौरान हमें वनइंडिया डॉट कॉम पर भी ओरिजनल तस्वीर मिली। 9 अप्रैल 2018 को अपलोड एक खबर में इस तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था। इसमें बताया गया कि पीएम मोदी के साथ तस्वीर में दिखाई देने वाली महिला दीपिका मंडल हैं। दीपिका एक एनजीओ दिव्य ज्योति कल्चरल ऑर्गेनाइजेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी की चीफ फंक्शनरी ऑफिसर हैं। तस्वीर साल 2015 की है, जहां एनजीओ के कार्यक्रम में पीएम शामिल हुए थे। दीपिका साल 2003 से एनजीओ के लिए काम कर रही हैं। अपनी समाजसेवा के लिए वो जानी जाती है। पूरी खबर यहां पढ़ें।
विश्वास न्यूज ने एक बार पहले भी वायरल तस्वीर की जांच की थी। इसे यहां पढ़ा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए रिलायंस के एवीपी (कारपोरेट कम्युनिकेशन) फ्रेंको विलियम्स से संपर्क किया। उन्होंने भी वायरल तस्वीर को फेक बताया।
विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर नीता अंबानी से जुड़ी फैक्ट चेक की खबरों को यहां क्लिक करके पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पीएम मोदी और नीता अंबानी के नाम से वायरल तस्वीर फर्जी निकली। यह एक मॉर्फ्ड तस्वीर है। असली तस्वीर में दिल्ली में एक सामाजिक संस्था चलानी वाली दीपिका मंडल हैं।
- Claim Review : गुलामों के झुकते सिर मालिकों के घर का पता बता देते हैं!
- Claimed By : फेसबुक यूजर दीपक खत्री
- Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-