Fact Check: इजरायली संसद में पीएम मोदी का तालिबान के लिए सहायता पैकेज की घोषणा का यह वीडियो डीपफेक है
विश्वास न्यूज की पड़ताल में पाया गया कि पीएम मोदी का वायरल वीडियो डीपफेक है। प्रधानमंत्री ने इजरायली संसद में तालिबान के लिए किसी सहायता पैकेज की घोषणा नहीं की थी।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Mar 2, 2026 at 04:53 PM
- Updated: Mar 10, 2026 at 02:28 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। 25 फरवरी को पीएम मोदी ने इजरायली संसद (नेसेट) को संबोधित किया था। इस संबोधन के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी ने नेसेट में अपने भाषण के दौरान अफगानिस्तान में तालिबान के लिए एक विशेष सहायता पैकेज की घोषणा की है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो पूरी तरह से डीपफेक है, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में ऐसी कोई घोषणा नहीं की थी।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Dj Prince‘ ने 28 फरवरी 2026 को एक रील शेयर किया, जिसमें दावा किया गया कि भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी ने नेसेट में भाषण देते हुए अफगानिस्तान तालिबान के लिए विशेष सहायता पैकेज का एलान किया है। इस पोस्ट को हजारों की संख्या में देखा और साझा किया गया है। यूजर के फेसबुक पर लगभग 8.8 हजार फॉलोअर्स हैं।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड का उपयोग करके सर्च किया। हमें ऐसी कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली जो इस दावे की पुष्टि करती हो कि पीएम मोदी ने अपने भाषण में तालिबान के लिए किसी विशेष सहायता पैकेज का जिक्र किया है।
इसके बाद हमने 25 फरवरी को विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा जारी प्रधानमंत्री के भाषण के आधिकारिक ट्रांसक्रिप्ट को जांचा। ट्रांसक्रिप्ट के अनुसार इस संबोधन का मुख्य केंद्र भारत-इजरायल रक्षा सहयोग, आतंकवाद विरोधी प्रयास और साझा लोकतांत्रिक मूल्य थे। पूरे भाषण में ‘अफगानिस्तान’, ‘तालिबान’ या किसी ‘विशेष सहायता पैकेज’ का कोई उल्लेख नहीं है।
हमने वायरल क्लिप के कीफ्रेम्स का रिवर्स इमेज सर्च किया, जिससे हमें इजरायली सरकार के प्रेस कार्यालय द्वारा यूट्यूब पर अपलोड किया गया मूल लाइवस्ट्रीम मिला। इस वीडियो में पीएम मोदी का पूरा संबोधन मौजूद है, जिसमें वे द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा कर रहे हैं।
वायरल वीडियो की सत्यता जांचने के लिए हमने एआई डिटेक्शन टूल्स का सहारा लिया।
हाइव मॉडरेशन (Hive Moderation) टूल ने वीडियो के एआई-जनरेटेड होने की संभावना 90 प्रतिशत से अधिक बताई।

ट्रुथ स्कैन (Truth Scan) टूल ने भी इसे 95 प्रतिशत एआई-जनरेटेड करार दिया।

हमने एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ अजहर माचवे से इस वीडियो के बारे में बात की। उन्होंने तकनीकी विश्लेषण के बाद पुष्टि की कि वीडियो में प्रधानमंत्री के हाव-भाव और आवाज के तालमेल में कृत्रिमता है, जो स्पष्ट रूप से इसे एक एआई-निर्मित डीपफेक वीडियो साबित करती है।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव
बीबीसी और अल जजीरा की रिपोर्टों के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को अफगानिस्तान के तालिबान द्वारा पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर हमले किए। इसके बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कुछ क्षेत्रों (काबुल, कंधार और पक्तिका) में बमबारी की थी। इस मामले में ज़्यादा जानकारी इन ख़बरों में पढ़ी जा सकती है।
वायरल वीडियों शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘Ðj Prince’ के लगभग 8.8 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पाया गया कि पीएम मोदी का वायरल वीडियो डीपफेक है। प्रधानमंत्री ने इजरायली संसद में तालिबान के लिए किसी सहायता पैकेज की घोषणा नहीं की थी।
- Claim Review : पीएम मोदी ने नेसेट में अपने भाषण के दौरान अफगानिस्तान में तालिबान के लिए एक विशेष सहायता पैकेज की घोषणा की है।
- Claimed By : Facebook user 'Dj Prince'
- Fact Check : झूठ
- Joint Statement on Ministry of External Affairs (MEA), Feb 26, 2026
- Knesset Address Transcript of Ministry of External Affairs (MEA), Feb 25, 2026
- Full Original Video of PM Modi on Israeli PMO YouTube Channel, Feb 25, 2026
- BBC News Report on Pakistan-Afghanistan Conflict, Feb 27, 2026
- Al Jazeera Report: Pakistan bombs Kabul, Feb 27, 2026
- AI Detector Tool Hive Moderation Link
- AI Detector Tool TruthScan
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












