Fact Check: प्रयागराज महाकुंभ में यूपी सरकार के कंडोम बांटे जाने का दावा FAKE
प्रयागराज महाकुंभ में यूपी सरकार की तरफ से कंडोम को वितरित किए जाने का दावा फेक है। यह दावा 2019 में 'आजाद सिपाही' नाम के एक अखबार में छपी खबर के हवाले से किया गया था, जिसे अब डिलीट किया जा चुका है। उसके बाद से इस खबर का स्क्रीनशॉट अलग-अलग समय पर कुंभ मेला के संदर्भ में वायरल होता रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jan 21, 2025 at 04:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रयागराज में जारी महाकुंभ के बीच सोशल मीडिया पर इससे जुड़े कई भ्रामक और फेक दावों को शेयर किया जा रहा है। इसी संदर्भ में किसी अखबार में प्रकाशित एक खबर के स्क्रीनशॉट के हवाले से दावा किया जा रहा है कि कुंभ मेले में उत्तर प्रदेश सरकार कथित तौर पर पांच लाख कंडोम को वितरित करेगी।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया, जिसे महाकुंभ मेला के खिलाफ दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है। 2019 के बाद से इस स्क्रीनशॉट को कुंभ मेला के संदर्भ में शेयर किया जाता रहा है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Avanish Singh’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “महाकुंभ मेले में कंडोम की क्या आवश्यकता है?”
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई यूजर्स ने इसे समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल पोस्ट में इस दावे के साथ जिस खबर का स्क्रीनशॉट शेयर किया गया है, उसके आधार पर सर्च करने पर हमें ऐसी कोई खबर कहीं भी प्रकाशित नहीं मिली।
साथ ही वायरल पोस्ट में नजर आ रहे स्क्रीनशॉट में जो खबर लिखी गई है, वह सूत्रों के हवाले से लिखी गई है, जिसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है।
कुछ रिपोर्ट्स में इस खबर का स्रोत ‘आजाद सिपाही’ अखबार को बताया गया है लेकिन हमें इसकी वेबसाइट पर ऐसी कोई खबर नहीं मिली। हालांकि, हमें इसकी वेबसाइट पर इस संबंध में प्रकाशित खबर का यूआरएल मिला, जिसे 12 जनवरी 2019 को प्रकाशित किया गया था और अब इसे डिलीट किया जा चुका है।
आर्काइव लिंक को यहां देखा जा सकता है। डिलीट किए हुए स्क्रीनशॉट को यहां देखा जा सकता है।

यानी यह खबर आज से नहीं, बल्कि 2019 से वायरल है, जिसे मनगढ़ंत दावे के साथ लिखा गया था। वायरल दावे को लेकर हमने प्रयागराज के एडिशनल डायरेक्टर (स्वास्थ्य) के सरकारी नंबर पर संपर्क किया और हमें इसे लेकर ज्वाइंट डायरेक्टर और मेला क्षेत्र के उप-प्रभारी डॉ. वी के मिश्रा से संपर्क करने के लिए कहा गया।
डॉ. मिश्रा ने बताया, “मेला क्षेत्र में कंडोम को वितरित किए जाने से संबंधित कोई शासनादेश नहीं आया है।”
हमने इस दावे को लेकर हमारे सहयोगी दैनिक जागरण के प्रयागराज के प्रभारी राकेश पांडेय से भी संपर्क किया। उन्होंने हमें चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर निदेशक डॉ. राकेश शर्मा का बयान भेजा, जिसके मुताबिक “महाकुंभ में कुछ संस्थाओं द्वारा सैनिटरी पैड बांटे जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अस्पताल संचालित हैं। कंडोम बांटे जाने की कोई जानकारी नहीं है।”
हमारी पड़ताल से साफ है कि महाकुंभ मेला में यूपी सरकार की तरफ से कंडोम को वितरित किए जाने का दावा फेक है। उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर आठ हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
राजनीति से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के चुनाव और पॉलिटिक्स सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: प्रयागराज महाकुंभ में यूपी सरकार की तरफ से कंडोम को वितरित किए जाने का दावा फेक है। यह दावा 2019 में ‘आजाद सिपाही’ नाम के एक अखबार में छपी खबर के हवाले से किया गया था, जिसे अब डिलीट किया जा चुका है। उसके बाद से इस खबर का स्क्रीनशॉट अलग-अलग समय पर कुंभ मेला के संदर्भ में वायरल होता रहा है।
- Claim Review : प्रयागराज महाकुंभ में कंडोम बांटेगी यूपी सरकार।
- Claimed By : FB User-Avanish Singh
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












