Fact Check: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की पिटाई के वीडियो को राजस्थान के नाम पर सांप्रदायिक दावे से किया जा रहा शेयर
राजस्थान के उदयपुर में ट्रैफिक पुलिस के साथ मारपीट की घटना के दावे से वायरल हो रहा वीडियो 2015 में सामने आई दिल्ली की घटना का है, जब दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर बाइक सवार का चालान काटा था और इसके बाद उन लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की पिटाई कर दी थी। इसी पुरानी घटना के वीडियो को सांप्रदायिक रंग देकर शेयर किया जा रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Aug 5, 2025 at 03:06 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में ट्रैफिक पुलिस के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को भड़काऊ सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो राजस्थान के उदयपुर का है, जहां चालान काटे जाने पर मु्स्लिम युवकों ने ट्रैफिक पुलिस की पिटाई कर दी।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल हो रहा वीडियो राजस्थान के उदयपुर का नहीं, बल्कि दिल्ली में हुई 2015 की घटना है, जब चालान करने पर उग्र भीड़ ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मारपीट की थी। इसी पुरानी घटना के वीडियो को राजस्थान के उदयपुर का बताकर सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल?
विश्वास न्यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर भी कई यूजर्स ने इस वीडियो को राजस्थान के उदयपुर का बताते हुए शेयर किया है।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस घटना को राजस्थान के उदयपुर का बताते हुए शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च हमें यह वीडियो एनडीटीवी इंडिया के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर पर मिला, जिसे 14 जुलाई 2015 को शेयर किया गया है।
दी गई जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के गोकुलपुरी में तीन लोग बिना हेलमेट के बाइक पर बैठकर जा रहे थे और जब ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोका और चालान किया तो उन्होंने ट्रैफिक पुलिस वालों की पिटाई कर दी।
वनइंडिया हिंदी के आधिकारिक यू-ट्यूब पर भी मौजूद वीडियो बुलेटिन में इस घटना का समान संदर्भ में जिक्र है। रिपोर्ट के मुताबिक, “दिल्ली को गोकुलपुरी में ट्रिपल राइड कर रहे लोगों को रोकने पर लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की ही पिटाई कर डाली।”
डेक्कन हेराल्ड की 14 जुलाई 2015 की रिपोर्ट के मुताबिक, “एक 65 वर्षीय व्यक्ति और उसके दो बेटों को ड्यूटी पर तैनात दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।”
रिपोर्ट के अनुसार, “दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने दो लोगों को बिना हेलमेट के बाइक से आते देखा। पुलिस ने जब उन्हें रोका और जांच की तो पाया कि बाइक चला रहे व्यक्ति के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।” दोनों व्यक्ति की पहचान 25 वर्षीय शाहनवाज और उसके छोटे भाई आमिर (18) के तौर पर हुई। पुलिस ने उनका चालाना काटा, लेकिन उन्होंने इसका भुगतान करने से मना कर दिया और फिर उनकी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल संजय भगवान और कॉन्स्टेबल मनोज के साथ कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद शाहनवाज और आमिर वहां से चालान का भुगतान किए बिना चले गए और फिर थोड़ी देर अपने पिता सगीर अहमद और करीब दर्जन भर आदमी के साथ वापस आए और दोनों ट्रैफिक पुलिसकर्मी की पिटाई कर दी।
यह वीडियो पहले भी समान संदर्भ में अलग-अलग मौकों पर वायरल होता रहा है। इससे पहले यह वीडियो 2024 में समान संदर्भ में वायरल हुआ था। विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इसे भ्रामक पाया था। फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है। इस दौरान हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण के चीफ रिपोर्टर नेमिश कुमार से संपर्क किया था और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया था कि यह दिल्ली में घटित पुरानी घटना है।
निष्कर्ष: राजस्थान के उदयपुर में ट्रैफिक पुलिस के साथ मारपीट की घटना के दावे से वायरल हो रहा वीडियो 2015 में सामने आई दिल्ली की घटना का है, जब दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर बाइक सवार का चालान काटा था और इसके बाद उन लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की पिटाई कर दी थी। इसी पुरानी घटना के वीडियो को सांप्रदायिक रंग देकर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : राजस्थान के उदयपुर में ट्रैफिक पुलिस द्वारा चालान काटने पर मुसलमानो ने उनकी पिटाई की
- Claimed By : Tipline User
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












