Fact Check : तेज प्रताप यादव की पुरानी तस्वीर बिहार चुनाव के बाद तबीयत बिगड़ने के झूठे दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह तस्वीर मार्च 2024 की उस वक्त की है, जब तेज प्रताप यादव को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुरानी तस्वीर को गलत दावे के साथ बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Nov 17, 2025 at 03:47 PM
- Updated: Nov 18, 2025 at 11:32 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने के बाद सोशल मीडिया पर तेज प्रताप यादव की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि जनशक्ति जनता दल की ओर से चुनाव लड़ने वाले तेज प्रताप यादव अपनी चुनावी हार के बाद सदमे में हैं और उनकी तबीयत बिगड़ गई है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह तस्वीर मार्च 2024 की उस वक्त की है, जब तेज प्रताप यादव को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुरानी तस्वीर को गलत दावे के साथ बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर प्रियांशु कश्यप ने 17 नवंबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए, “बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद तेजप्रताप यादव जी की तबीयत बिगड़ने की खबर वाकई चिंताजनक है। हम सब प्रार्थना करते हैं कि तेजप्रताप जी जल्द स्वस्थ हों और एक बार फिर मज़बूती के साथ पुनः मिलजुल कर स्थिति परिस्थिति से लड़ने के लिए लयबन्द हो ईश्वर उन्हें हिम्मत, ऊर्जा और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। पूरा बिहार और देश उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहा है।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल तस्वीर को सर्च किया। सर्च करने पर हमें यह तस्वीर कई सोशल मीडिया हैंडल समेत न्यूज वेबसाइट पर मिली। 15 मार्च 2024 को टाइम्स नाउ के फेसबुक पेज पर इस तस्वीर को अपलोड किया गया है। तस्वीर के साथ बताया गया कि बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और गूगल टाइम टूल की मदद से कीवर्ड के साथ न्यूज सर्च किया। सर्च में हमें भास्कर डॉट कॉम की खबर मिली। दो साल पहले की इस खबर में वायरल तस्वीर को देखा जा सकता है। खबर में दी गई जानकारी के अनुसार, “बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मेडीवर्सल अस्पताल में एडमिट कराया गया। लो ब्लड प्रेशर के साथ सीने में दर्द की शिकायत के बाद डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज किया।”

इस मामले की खबर हमें दैनिक जागरण की वेबसाइट पर भी 15 मार्च 2024 को पब्लिश हुए आर्टिकल में मिली। जानकारी के अनुसार, “राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव के सीने में दर्द होने की शिकायत के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने अपनी जांच में पाया कि तेज प्रताप यादव का ब्लड प्रेशर लो है। उनके सीने का एक्स-रे और ईसीजी भी कराया गया। अस्पताल में भर्ती होने के छह घंटे बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी।”
अब बारी थी वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि की। हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण पटना में बिहार चुनाव को कवर करने वाले सीनियर संवाददाता रमन शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह तस्वीर पिछले साल मार्च की है। इस तस्वीर का तेज प्रताप की हालिया चुनावी हार से कोई संबंध नहीं है, ये दावा बिल्कुल गलत है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ और मत-गणना के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए गए। विधानसभा की कुल 243 सीटों में चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, एनडीए को 202 सीटें मिलीं, जिसमें बीजेपी को 89 सीटें और जनता दल-(यूनाइटेड) को 85, आरजेडी को 25, एलजेपी(आर) को 19, एआईएमआईएम को 5, कांग्रेस को छह, राष्ट्रिय लोक मोर्चा को 4 और अन्य को शेष सीटें मिलीं हैं।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर प्रियांशु कश्यप को साढ़े तीन हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह तस्वीर मार्च 2024 की उस वक्त की है, जब तेज प्रताप यादव को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुरानी तस्वीर को गलत दावे के साथ बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : तेज प्रताप यादव अपनी चुनावी हार के बाद सदमे में हैं और उनकी तबीयत बिगड़ गई है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर प्रियांशु कश्यप
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












