X
X

Fact Check : लाठी-डंडों से लड़ते लोगों का यह वीडियो बिहार नहीं, राजस्थान का है

विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि बिहार चुनाव से जोड़कर वायरल किया जा रहा लड़ाई का यह वीडियो असल में राजस्थान का है। दरअसल यह वीडियो साल 2025 में राजस्थान के हनुमानगढ़ में हुए पानी की पाइपलाइन के कारण हुए विवाद का है। जिसे कुछ लोग बिहार का बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोगों को हाथों में लाठी-डंडे लिए गेट पर मारते हुए देखा जा सकता है। कुछ लोग पत्थर मार रहे हैं। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से जोड़कर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि लड़ाई करते लोगों का यह वीडियो बिहार का है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो जून 2025 का राजस्थान के हनुमानगढ़ का है, जहां पानी की पाइपलाइन डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। उसी वीडियो को कुछ लोग बिहार का बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर Mohammad Rizwan Nyss ने 7 नवंबर 2025 को वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है,”बिहार में चुनाव के दौरान एक कुशवाहा के घर पर हमला करते भुमिहार। क्योंकि बिहार में भाजपा हार रही है,

दलित और मुस्लिम पे बीजेपी वाले भूमिहार ऐसा ही जुल्म करते है #biharelection2025 #bihar”

वीडियो के आर्काइव लिंक को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वायरल को सर्च किया। सर्च करने पर हमें यह वीडियो हनुमानगढ़_ब्रेकिंग_न्यूज़  | 【 HMH NEWS 】 के यूट्यूब चैनल पर 17 जून 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो हनुमानगढ़ के करणीसर गांव का है। जहां पानी की पाइपलाइन को लेकर यह विवाद हुआ था। इस दौरान चार लोग घायल हो गए थे।

हमें वीडियो से जुड़ी जानकारी न्यूज 18 की एक रिपोर्ट में मिली।  16 जून 2025 को प्रकाशित खबर में वीडियो के स्क्रीनशॉट का इस्तेमाल किया गया है। खबर में बताया गया, “हनुमानगढ़ जिले के करणीसर गांव में पानी की पाइपलाइन डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला लाठी-डंडों, पथराव और फायरिंग तक जा पहुंचा। इस झगड़े में चार लोगों के घायल होने की सूचना है, वहीं एक मकान की दीवार भी गिर गई है। जानकारी के अनुसार, गांव में एक पक्ष अपने घर तक पानी की पाइपलाइन डालना चाहता था, लेकिन दूसरे पक्ष ने पाइप से पानी रिसने और गली में कीचड़ फैलने का हवाला देते हुए आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई।”

वीडियो Political Panchayat नाम के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। 17 जून 2025 को अपलोड वीडियो में इस घटना को राजस्थान के हनुमानगढ़ का बताया गया है। पानी की पाइपलाइन के कारण यह विवाद हुआ था।

वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।

अधिक जानकारी के लिए हमने राजस्थान के स्थानीय पत्रकार संतोष पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह घटना राजस्थान की है।

राजस्थान के वीडियो को बिहार का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर को 4 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि बिहार चुनाव से जोड़कर वायरल किया जा रहा लड़ाई का यह वीडियो असल में राजस्थान का है। दरअसल यह वीडियो साल 2025 में राजस्थान के हनुमानगढ़ में हुए पानी की पाइपलाइन के कारण हुए विवाद का है। जिसे कुछ लोग बिहार का बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं। 

  • Claim Review : लड़ाई करते लोगों का यह वीडियो बिहार का है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर -Mohammad Rizwan Nyss
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later