X
X

Fact Check : वायरल तस्वीर में नहीं है पीएम मोदी की मां को अपशब्द कहने वाला शख्स, असली तस्वीर एमपी के भाजपा कार्यकर्ता की

मध्‍य प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता नेक मोहम्‍मद रिजवी की तस्‍वीर को आरोपी मोहम्‍मद रिजवी की बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति गरमा गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता व सांसद राहुल गांधी की बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्‍वर्गीय मां को लेकर अपशब्‍द कहा गया। दरभंगा पुलिस ने आरोपी मोहम्मद रिजवी पर केस करके उसे पकड़ लिया। अब इसी आरोपी के नाम पर एक तस्‍वीर को वायरल किया जा रहा है।

दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी व उनकी मां को अपशब्‍द कहने वाला शख्‍स भाजपा नेता है। विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। दरअसल, मध्‍य प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता नेक मोहम्‍मद रिजवी की तस्‍वीर को आरोपी मोहम्‍मद रिजवी की बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर शशि भूषण ने 29 अगस्‍त को एक तस्‍वीर को पोस्‍ट करते दावा किया, “मोदी का गालीबाज चेला। इसी ने बिहार में मोदी को गाली दी थी।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले तस्‍वीर को गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें जेडीयू के राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा के एक्‍स हैंडल पर एक पोस्‍ट मिली।

30 अगस्‍त की पोस्‍ट में लिखा गया कि जब पुलिस ने गाली देने के आरोपी सिंघवारा (दरभंगा) निवासी मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया, तब विपक्ष ने दुष्प्रचार के लिए एक और साजिश रच डाली। मध्य प्रदेश के एक भाजपा कार्यकर्ता नेक मोहम्मद रिजवी की तस्वीर को दरभंगा का मोहम्मद रिजवी बताकर यह झूठ फैलाना शुरू किया कि गाली देने वाला भाजपा का कार्यकर्ता निकला।

जांच को आगे बढ़ाते हुए भाजपा से जुड़े नेक मोहम्‍मद रिजवी के सोशल मीडिया हैंडल्‍स को स्‍कैन करना शुरू किया गया। 29 अगस्‍त को नेक मोहम्‍मद रिजवी ने एक पोस्‍ट में बताया कि उनके बारे में अफवाह फैलाया जा रहा है।

नेक मोहम्मद रिजवी की फेसबुक पेज के अनुसार, वे मध्य प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ता हैं। हमें उनका एक वीडियो भी मिला। इसमें उन्‍हें यह बताते हुए सुना जा सकता है कि उनकी तस्‍वीर को बिहार के दरंभगा में प्रधानमंत्री की मां को अपशब्‍द कहने वाले शख्‍स का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दरभंगा पुलिस के एक्‍स हैंडल को स्‍कैन करना शुरू किया। हमें 29 अगस्‍त का एक प्रेस नोट मिला। इसमें बताया गया कि 27 अगस्‍त को वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने का वीडियो वायरल हुआ। इस मामले में मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा, उम्र 20 वर्ष, पिता मोहम्मद अनीस, साकिन भपूरा वार्ड नंबर 1, थाना सिंघवारा, जिला दरभंगा को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल के दौरान भाजपा, मध्‍य प्रदेश के प्रवक्‍ता पंकज चतुर्वेदी से संपर्क किया। उन्‍होंने कहा कि वायरल पोस्‍ट का दावा पूरी तरह बेबुनियाद है। मध्‍य प्रदेश के शख्‍स को बिहार का शख्‍स बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि शशि भूषण नाम के फेसबुक यूजर को छह हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर गोपालगंज का रहने वाला है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। दरभंगा में पीएम मोदी व उनकी मां के खिलाफ अपशब्‍द बोलने वाला शख्‍स दरभंगा का मोहम्‍मद रिजवी है, जबकि तस्‍वीर में मध्‍य प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता मोहम्‍मद रिजवी हैं । बिहार की घटना से मोहम्‍मद रिजवी का कोई संबंध नहीं है। उनकी तस्‍वीर का गलत इस्‍तेमाल करके भाजपा पर निशाना साधा जा रहा है।

  • Claim Review : भाजपा नेता ने दिया था पीएम मोदी की मां को गाली
  • Claimed By : FB User Shashi Bhushan
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later