X
X

Fact Check: राहुल गांधी से जुड़ी सात साल पुरानी खबर वायरल, भ्रामक है वायरल पोस्‍ट

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की। यह भ्रामक साबित हुई। दरअसल, 2018 की खबर को अभी की बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Oct 8, 2025 at 01:34 PM
  • Updated: Oct 8, 2025 at 05:33 PM

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया पर एक अखबार की कटिंग वायरल हो रही है। इस खबर में बताया गया कि प्रयागराज में राहुल गांधी के सामने हर-हर महादेव का नारा लगाने वाले तीन कांग्रेसियों को पार्टी से निष्‍कासित कर दिया गया।

इस खबर को हालिया समझकर सोशल मीडिया के कई प्‍लेटफॉर्म्‍स पर शेयर किया जा रहा है। विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की। यह भ्रामक साबित हुई। दरअसल, 2018 की खबर को अभी की बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पता चला कि राहुल गांधी से जुड़ी सात साल पुरानी खबर को अब वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर स्मिता हिन्दू ने 30 सितंबर को एक अखबर की कटिंग को एक ग्रुप में पोस्‍ट किया। खबर की हेडिंग में लिखा गया कि राहुल गांधी के सामने हर-हर महादेव का नारा लगाने वाले तीन कांग्रेसी निष्‍काषित।

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच के लिए सबसे पहले खबर को ध्‍यान से पढ़ा। यहां प्रयागराज को इलाहाबाद लिखा गया था। इसी तरह राहुल गांधी को कांग्रेस अध्‍यक्ष बताया गया, जबकि इलाहाबाद का नाम बदल कर प्रयागराज किया जा चुका है। इसी तरह कांग्रेस के अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे हैं, ना कि राहुल गांधी। इन दोनों बातों से यह साफ हो गया कि वायरल खबर काफी पुरानी है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। कीवर्ड से सर्च करने पर हमें जागरण डॉट कॉम पर असली खबर मिली। 30 सितंबर 2018 को पब्लिश इस खबर में बताया गया कि 28 सितंबर 2018 को राहुल गांधी को बमरौली एयरपोर्ट पर बेवजह की हरकत से असहज करने वाले तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। राहुल गांधी रीवा में जनसभा को संबोधित करने के बाद बमरौली एयरपोर्ट पर विशेष विमान से उतरे थे। इस दौरान कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने हर-हर महादेव, शिवभक्त राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा दिए। उन्हें यह नारा बिन मौसम बरसात जैसा लगा और वे नाराज हो गए।

सर्च के दौरान हमें एक अक्‍टूबर 2018 को अमर उजाला की वेबसाइट पर भी प्रकाशित एक खबर मिली। खबर में बताया गया, “बमरौली एयरपोर्ट पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आगमन पर नारेबाजी करने वाले तीन नेताओं को रविवार की शाम पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया। निष्कासित किए जाने वालों में प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी, हसीब अहमद और तिजेंद्र तिवारी के नाम शामिल हैं। इन पर राहुल के आगमन के दौरान एयरपोर्ट पर अनुशासनहीनता करने का आरोप है। जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी का कहना है कि इन नेताओं की अनुशासनहीनता की वजह से राहुल गांधी को जरूरी लोगों से चर्चा किए बगैर दिल्ली जाना पड़ा। खाने-पीने की सामग्री भी उनके विमान में नहीं भेजी जा सकी। उधर, पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित नेताओं ने इस कार्रवाई को अनुचित करार दिया है।”

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस प्रयागराज के शहर अध्‍यक्ष फुजैल हाशमी से संपर्क किया। उन्‍होंने वायरल पोस्‍ट फर्जी है। वे हर धर्म का पूरा सम्‍मान करते हैं। राहुल गांधी खुद शिवभक्‍त हैं।

जांच के अंत में हमने स्मिता हिन्दू नाम की फेसबुक यूजर की जांच की । इसे चार हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पता चला कि राहुल गांधी से जुड़ी सात साल पुरानी खबर को अब वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : राहुल गांधी के सामने हर-हर महादेव का नारा लगाने वाले तीन कांग्रेसी निष्‍काषित।
  • Claimed By : FB User Smita Hindu
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later