X
X

Fact Check : सुप्रिया श्रीनेत और उनके पिता की तस्वीर आपत्तिजनक दावे से वायरल

तस्‍वीर में सुप्रिया अपने पिता के साथ हैं। सुप्रिया के पिता हर्षवर्धन श्रीनेत यूपी के महाराजगंज से सांसद रह चुके हैं।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। कांग्रेस की प्रवक्‍ता सुप्रिया श्रीनेत की छवि बिगाड़ने की मंशा से सोशल मीडिया पर एक तस्‍वीर वायरल की गई। इस तस्‍वीर में उन्‍हें एक बुजुर्ग शख्‍स के साथ देखा जा सकता है। दावा किया गया कि तस्‍वीर कांग्रेस के पूर्व नेता रमेश चंद्र तिवारी की है।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह फर्जी और आपत्तिजनक साबित हुई। दरअसल, तस्‍वीर में सुप्रिया अपने पिता के साथ हैं। सुप्रिया के पिता हर्षवर्धन श्रीनेत यूपी के महाराजगंज से सांसद रह चुके हैं।

क्‍या हो रहा है वायरल

दिनेश त्रिपाठी नाम के एक एक्‍स हैंडल ने 9 सितंबर को एक तस्‍वीर को पोस्‍ट करते हुए लिखा, “रमेश चंद्र तिवारी और टाइम्स ग्रुप की पूर्व सीनियर एडिटर सुप्रिया श्रीनेत के **** के किस्से बहुत पहले से वायरल हैं। और सुप्रिया के **** के किस्से यही नहीं रुका पत्रकार होते हुए दाऊद इब्राहिम जैसे लोगों से भी अक्सर मिलती रहती थी अब राजनीति में आने के बाद विदेशी मेहमानों से ज्यादा मिलती है भारत विरोधी विदेशी ताकतों से सुप्रिया अपने **** शाहबाज शरीफ मुनीर के अलावा अमेरिकी **** से राहुल गांधी के इशारे पर तस्वीर में कुछ ज्यादा ही प्यार दिख रहा हैं।”

कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस वीडियो को मिलते-जुलते दावों के साथ साझा किया है। वायरल पोस्‍ट के कंटेंट से आपत्तिजनक शब्‍दों को हटा दिया गया है। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले सुप्रिया श्रीनेत के सोशल मीडिया हैडल एक्‍स को स्‍कैन किया। यहां हमें 9 सितंबर 2025 की एक पोस्‍ट मिली। इसमें उन्‍होंने एक यूजर का जिक्र करते हुए लिखा, “मेरे पिता के साथ मेरी फोटो पर बकवास करने वाले। यह पोस्ट डिलीट करके माफ़ी माँगो-वरना तुम्हारा मैं क्या कानूनी हाल करूँगी उसके लिए तैयार हो जाओ। बहुत पछताओगे – यह याद रखना। यह मैं किसी क़ीमत पर बर्दाश्त नहीं करूँगी।”

सर्च के दौरान हमें असली तस्‍वीर सुप्रिया के ही एक्‍स हैंडल पर पुरानी तारीख में अपलोड मिली। 4 अक्‍टूबर 2020 को अपने पिता को याद करते हुए उन्‍होंने यह तस्‍वीर पोस्‍ट की थी। अब उसी तस्‍वीर का दुरुपयोग करते हुए कुछ सोशल मीडिया यूजर्स के द्वारा वायरल पोस्‍ट की गई है।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के सदस्‍य गिरीश कुमार से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्‍ट को शेयर किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल पोस्‍ट काफी ज्‍यादा आपत्तिजनक है। तस्‍वीर में सुप्रिया श्रीनेता अपने पिता और पूर्व सांसद हर्षवर्धन श्रीनेत के साथ हैं।

जागरण डॉट कॉम की एक रिपोर्ट में सुप्रिया श्रीनेत के पिता स्व. हर्षवर्धन के बारे में विस्‍तार से बताया गया। खबर के अनुसार, ‘स्व. हर्षवर्धन का महराजगंज में मजबूत राजनीतिक आधार रहा है। वह दो बार यहां से सांसद व एक बार फरेंदा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। 1989 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने जनता दल के टिकट पर कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र सिंह को हराया था। 2009 के आम चुनाव में उन्हें कांग्रेस के टिकट पर फिर विजय मिली। इस चुनाव में उन्होंने बसपा प्रत्याशी गणेश शंकर पांडेय को हराया था। चुनाव में हर्षवर्धन को तीन लाख पांच हजार 474 मत मिले थे, दूसरे स्थान पर गणेश शंकर पांडेय को एक लाख 81 हजार 846 से संतोष करना पड़ा।’

दूसरी तस्‍वीर की जांच

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और सुप्रिया श्रीनेत की मुलाकात के नाम पर अक्‍सर एक तस्‍वीर वायरल की जाती है। इस बार भी वायरल पोस्‍ट में यही किया गया। दूसरी तस्‍वीर में दाऊद के साथ एक महिला को बैठा हुआ देखा जा सकता है। विश्‍वास न्‍यूज ने कई बार पहले इस तस्‍वीर की जांच की। दरअसल, वायरल तस्वीर में नजर आ रही महिला सुप्रिया श्रीनेत नहीं, बल्कि पत्रकार शीला भट्ट हैं, जिन्होंने 1987 में दुबई की पर्ल बिल्डिंग में दाऊद इब्राहिम का इंटरव्यू लिया था।

विश्‍वास न्‍यूज की फैक्‍ट चेक रिपोर्ट को विस्‍तार से यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। कांग्रेस प्रवक्‍ता सुप्रिया श्रीनेत की छवि बिगाड़ने के लिए उनके पिता के साथ वाली तस्‍वीर को आपत्तिजनक झूठे दावे के साथ वायरल किया गया।

  • Claim Review : सुप्रिया श्रीनेता कांग्रेस नेता रमेश चंद्र तिवारी और दाऊद इब्राहिम के साथ।
  • Claimed By : X user Dinesh Tripathi
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later