Fact Check: दिल्ली में यमुना अभी खतरे के निशान से नीचे है, बाढ़ और पुल टूटने का दावा गलत
दिल्ली में यमुना का जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे है। यहां यमुना की वजह से बाढ़ आने और पुल टूटने का दावा गलत है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jul 10, 2025 at 04:13 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मानसून पूरे देश में दस्तक दे चुका है। देश के कई हिस्सों में हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक नदी को दिखाया गया है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया गया है कि दिल्ली में यमुना ने तबाही मचा दी है और पुल भी टूट गया है।
विश्वास न्यूज ने इसकी पड़ताल की तो पता चला कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। यमुना की वजह से बाढ़ आने और पुल टूटने का दावा गलत है। इस दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो 22 जून से इंटरनेट पर वायरल है। पहले इसे अमेरिका का बताया गया था। हालांकि, हम इसकी लोकेशन और समय की पुष्टि नहीं करते हैं।
क्या है वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर live100news ने 6 जुलाई को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “दिल्ली में यमुना ने एक बार फिर से तबाही मचाई दिल्ली के कई इलाकों में हाई अलर्ट जारी“
वीडियो पर लिखा है,’दिल्ली में यमुना ने एक बार फिर से मचाई तबाही, पुल भी टूट गया, अलर्ट‘
वीडियो में कुछ लोगों की चिल्लाने की आवाज भी सुनी जा सकती है।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से दिल्ली में यमुना के जलस्तर के बारे में रिपोर्ट सर्च की। Zee Delhi-NCR Haryana के यूट्यूब चैनल पर 9 जुलाई को अपलोड वीडियो न्यूज में बताया गया है कि यमुना का जलस्तर अभी सामान्य स्तर पर है। दिल्ली के लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। दिल्ली आपदा प्रबंधन ने बाढ़ से निपटने के इंतजाम कर लिए हैं।
एएनआई के एक्स हैंडल से भी 10 जुलाई को वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें दिख रहा है कि यमुना का जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे है।
कीवर्ड से सर्च में हमें ऐसी कोई भी रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे साबित हो सके कि दिल्ली में कोई पुल टूटा है।
इस बारे में हमने दिल्ली में दैनिक जागरण के विशेष संवाददाता संतोष कुमार सिंह से संपर्क किया। उनका कहना है कि अभी दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से नीचे है। प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के इंतजाम कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में कोई पुल नहीं टूटा है।
इसके बाद हमने वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। 22 जून को kashbon यूट्यूब चैनल से इस क्लिप के लंबे वर्जन को अपलोड किया गया है। इसमें इमारतें भी दिख रही हैं। वीडियो पर टिकटॉक यूजर new.york.mystery की आईडी लिखी हुई है।
वीपीएन की मदद से हमने टिकटॉक यूजर new.york.mystery की प्रोफाइल को चेक किया। इस पर 20 जून को इस वीडियो को पोस्ट किया गया है। इस वीडियो में कुछ लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनी जा सकती है। पोस्ट में कुछ यूजर्स ने इसे न्यूयॉर्क का तो कुछ ने इसे चीन का बताया है। जबकि कुछ ने इसे एडिटेड बताया है।

हमें वायरल वीडियो के सटीक लोकेशन या समय के बारे में कोई भरोसेमंद जानकारी नहीं मिली। हम इसकी लोकेशन, समय या सत्यता की कोई पुष्टि नहीं करते हैं, लेकिन इतना साफ है कि न तो दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से उपर है और न ही राष्ट्रीय राजधानी में कोई पुल टूटा है।
गलत दावा शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 1333 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: दिल्ली में यमुना का जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे है। यहां यमुना की वजह से बाढ़ आने और पुल टूटने का दावा गलत है।
- Claim Review : दिल्ली में यमुना ने तबाही मचा दी है और पुल भी टूट गया है।
- Claimed By : Insta User- live100news
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












