X
X

Fact Check: अस्पताल से बाहर किए जाने पर महिला के सड़क पर बच्चे को जन्म देने की यह घटना यूपी की नहीं, नेपाल की है

रोड पर बच्चे को जन्म देती महिला की तस्वीरें नेपाल में हुई घटना की हैं। इनका भारत से कोई संबंध नहीं है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। रोड पर बेसुध होकर बच्चे को जन्म देती एक महिला की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। दावा किया जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुई घटना की तस्वीरें हैं। पैसे नहीं होने की वजह से महिला को सरकारी अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया और उसे आधी रात को रोड पर बच्चे को जन्म देना पड़ा। इन तस्वीरों को शेयर कर यूपी सरकार की जमकर आलोचना की जा रही है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में, वायरल तस्वीरें भारत नहीं, बल्कि नेपाल में हुई घटना की हैं। दरअसल, नेपाल के राजविराज में एक गर्भवती महिला के पास पैसे न होने के कारण उसे हॉस्पिटल से लौटा दिया गया था, जिसके बाद उसने रोड पर ही बच्चे को जन्म दिया था। इस घटना के सामने आने के बाद आरोपियों पर कार्रवाई कर उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Journalist Shivam Singh’ ने 13 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “पैसा नहीं तो इलाज नहीं…उन्नाव सरकारी अस्पताल ने बीमार माँ को वापस भेज दिया और माँ ने आधी रात सड़क पर ही बच्चे को जन्म दिया। ये पूरे सिस्टम की लापरवाही है। गरीब होना अपराध नहीं है,दोषियों पर कार्रवाई हो।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने तस्वीरों को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें इन तस्वीरों से जुड़ा एक वीडियो ‘Tzudikong News Network’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 11 सितंबर 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो नेपाल में हुई घटना का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट नेपाली वेबसाइट ‘Desh Sanchar’ पर मिली। इस रिपोर्ट के अनुसार, वायरल वीडियो नेपाल के राजविराज के गजेंद्र नारायण सिंह अस्पताल के बाहर का है। दरअसल, बबिता कुमारी पासवान गर्भवती थी और दर्द होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर गए थे। अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने महिला के परिजनों से जांच के लिए पैसे जमा करने को कहा, लेकिन परिवार के पास पैसे नहीं थे। ऐसे में अस्पताल स्टाफ ने महिला को अस्पताल में भर्ती करने से इनकार कर दिया गया। इसके बाद उस महिला ने रोड पर ही बच्चे को जन्म दिया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की काफी आलोचना हुई थी।

‘Kathmandu Post’ की वेबसाइट पर 12 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, इस वीडियो के सामने आने के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की गई थी और करीब छह लोगों को सस्पेंड कर दिया गया था।

अधिक जानकारी के लिए हमने नेपाल के स्वतंत्र पत्रकार अनुज अरोड़ा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो नेपाल के राजविराज में हुई घटना का है।

क्या है संदर्भ?

उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की खस्ताहाल तस्वीरें अक्सर सामने आती रहती हैं। एक हालिया खबर के अनुसार, गाजीपुर के गोरा बाजार स्थित महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज में मरीजों को शौचालय की सुविधा के लिए परेशान होना पड़ रहा है। मरीजों को शौच के लिए चौथी मंजिल पर जाना पड़ रहा है। वहीं, फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में वायरल, बुखार और हादसों के मरीजों की भीड़ से सभी बेड फुल हो गए हैं और कई मरीजों का इलाज फर्श और बेंच पर हो रहा है। इसी तरह आगरा जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन खराब है। इससे मरीजों को परेशानी हो रही है। पोर्टेबल मशीन से गंभीर मरीजों के ही एक्सरे किए जा रहे हैं। इससे 60 फीसदी मरीज बिना जांच कराए लौट रहे हैं। पूरी रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को फेसबुक पर करीब तीन हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि रोड पर बच्चे को जन्म देती महिला की तस्वीरें नेपाल में हुई घटना की हैं। इनका भारत से कोई संबंध नहीं है। 

  • Claim Review : यूपी में सरकारी अस्पताल में भर्ती न करने पर महिला ने रोड पर दिया बच्चे को जन्म।
  • Claimed By : FB User Journalist Shivam Singh
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later