Fact Check : पहलगाम आतंकी हमले के बाद एनकाउंटर के नाम पर वायरल यह वीडियो 2021 का है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बांदीपोरा जिले में हुए आतंकी के एनकाउंटर के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो का पहलगाम आतंकी हमले से कोई संबंध नहीं है। असल में वायरल वीडियो लगभग चार साल पुराना और कोकेरनाग मुठभेड़ का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Apr 25, 2025 at 05:39 PM
- Updated: Apr 28, 2025 at 12:30 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को मार गिराया है। इसी से जोड़ते हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक घर को जलते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि भारतीय सेना एक्शन मोड़ में आ गई है। सेना ने दो आतंकवादियों पर जवाबी कार्रवाई की है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो का पहलगाम आतंकी हमले से कोई संबंध नहीं है। असल में वायरल वीडियो लगभग चार साल पुराना और कोकेरनाग एनकाउंटर का है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘धीरज मिश्रा’ ने 25 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “भारतीय सेना एक्शन मोड़ में! पे**** इन इस्लामिक आतंकवादियों को ! कमाल की बात है कि इन्हें सिर्फ मारा नही जा रहा इनका दाह संस्कार भी लगे हाथों हो रहा है! आतंकियों को बेरहमी से मारा जाए कि इसे 2 गज जमीन भी नसीब न हो, तो 72 हूर तो दूर की बात है!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट एक्सेलसियर न्यूज़ नामक एक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो रिपोर्ट को 12 मई 2021 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो कोकेरनाग मुठभेड़ का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 11 मई 2021 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, “जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग इलाके के कोकेरनाग में आतंकियों और सुरक्षाबलों में हुई मुठभेड़ में तीनों आतंकी मारे गए. इन तीनों आतंकियों का संबंध लश्कर ए तैयबा से बताया गया है। आईजीपी कश्मीर ने तीनों आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए सुबह से जारी सर्च अभियान पूरा होने की घोषणा कर दी।”

जांच के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट कश्मीर जोन पुलिस के आधिकारिक एक्स पर भी मिली। 11 मई 2021 को पोस्ट करते हुए कश्मीर पुलिस ने बताया था कि अनंतनाग इलाके के कोकेरनाग में तीन आतंकियों का एनकाउंटर किया गया है, जिनका संबंध लश्कर ए तैयबा से था।
अन्य न्यूज वीडियो को यहां पर देखा जा सकता है।
अमर उजाला की वेबसाइट पर 25 अप्रैल 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ चल रही है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर रखा है। दोनों तरफ से गोलीबारी हो रही है। गोलीबारी में एक आतंकी ढेर होने की खबर है, जबकि दो जवान भी घायल हो गए हैं। फिलहाल इलाके में आतंकियों की तलाश में अभियान जारी है।”
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण, जम्मू-कश्मीर के ब्यूरो चीफ नवीन नवाज से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो करीब तीन साल पहले हुए एक अभियान का है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बांदीपोरा जिले में हुए आतंकी के एनकाउंटर के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो का पहलगाम आतंकी हमले से कोई संबंध नहीं है। असल में वायरल वीडियो लगभग चार साल पुराना और कोकेरनाग मुठभेड़ का है।
- Claim Review : पहलगाम हमले के बाद हुए एनकाउंटर का वीडियो।
- Claimed By : FB User Dheeraj Mishra
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












